कोयले से लदी मालगाड़ी के 4 डिब्बों से उठने लगा धुआं, बालेश्वर स्टेशन पर मची अफरातफरी
बालेश्वर रेलवे स्टेशन पर शुक्रवार रात कोयले से लदी एक मालगाड़ी के चार डिब्बों में आग लग गई, जिससे अफरातफरी मच गई।

मालगाड़ी में लदा कोयला। (जागरण)
HighLights
मालगाड़ी के चार कोयले से लदे डिब्बों में आग लगी।
बालेश्वर रेलवे स्टेशन पर शुक्रवार रात घटना हुई।
अग्निशमन विभाग ने आग पर समय रहते काबू पाया।
जागरण संवाददाता, बालेश्वर। बालेश्वर रेलवे स्टेशन पर शुक्रवार रात कोयले से लदी एक मालगाड़ी के चार डिब्बों में आग लगने की घटना से अफरातफरी मच गई।
मालगाड़ी के डिब्बों से धुआं निकलता देख रेलवे अधिकारियों और कर्मचारियों में हड़कंप मच गया। तत्काल इसकी सूचना अग्निशमन विभाग को दी गई।
सूचना मिलते ही बालेश्वर अग्निशमन विभाग की टीम घटनास्थल पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद स्थिति पर काबू पाया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कोयले से लदी मालगाड़ी शुक्रवार रात बालेश्वर रेलवे स्टेशन पर खड़ी थी। इसी दौरान अचानक मालगाड़ी के एक डिब्बे से धुआं निकलता दिखाई दिया।
देखते ही देखते आसपास के अन्य डिब्बों से भी धुआं निकलने लगा। बताया जा रहा है कि कुल चार डिब्बों में कोयला सुलग रहा था। हालांकि, डिब्बों से आग की लपटें दिखाई नहीं दे रही थीं, लेकिन लगातार निकल रहे धुएं से आग लगने की आशंका गहरा गई।
घटना की गंभीरता को देखते हुए तत्काल अग्निशमन विभाग को सूचित किया गया। इसके बाद दमकलकर्मियों ने मौके पर पहुंचकर आग बुझाने का अभियान शुरू किया। समय रहते अग्निशमन टीम के पहुंचने से आग को अन्य डिब्बों तक फैलने से रोकने में मदद मिली और स्थिति नियंत्रण में आ गई।
कारणों का नहीं चला पता
फिलहाल मालगाड़ी के डिब्बों में आग लगने के वास्तविक कारणों का पता नहीं चल पाया है। प्रारंभिक तौर पर आग लगने की वजह स्पष्ट नहीं है।
संबंधित अधिकारियों की ओर से घटना की जांच की जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि कोयले से लदे डिब्बों में आग कैसे लगी। घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
यह भी पढ़ें- ओडिशा में 180 करोड़ के बैंक लोन घोटाले में दिल्ली का कारोबारी गिरफ्तार, ED को मिली 6 दिन की रिमांड