विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

ओडिशा में CJP के सदस्यों को स्कूल में घुसने से रोका, सौरव दास बोले- बदहाली छिपा रहा प्रशासन

Published: Mon, 21 Sep 2026 05:17 PM (IST)

कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) ने 'स्कूल ठीक करो अभियान' के तहत भुवनेश्वर के स्कूलों का दौरा कर बुनियादी सुविधाओं का ...और पढ़ें

सीजेपी का 'स्कूल ठीक करो अभियान': भुवनेश्वर के स्कूलों में बुनियादी सुविधाओं की खुली पोल

सीजेपी का 'स्कूल ठीक करो अभियान': भुवनेश्वर के स्कूलों में बुनियादी सुविधाओं की खुली पोल

HighLights

  1. सीजेपी ने 'स्कूल ठीक करो अभियान' के तहत स्कूलों का दौरा किया।

  2. हरिहर विद्यापीठ में शौचालयों की खराब स्थिति पर सवाल उठाए गए।

  3. एक स्कूल में पार्टी प्रतिनिधियों को प्रवेश से रोका गया।

जागरण संवाददाता, भुवनेश्वर। कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) ने राज्य के सरकारी स्कूलों में बुनियादी सुविधाओं की स्थिति की समीक्षा के लिए शुरू किए गए 'स्कूल ठीक करो अभियान' के तहत आज भुवनेश्वर के दो स्कूलों का दौरा किया। पार्टी के सह-संयोजक सौरव दास ने स्कूलों में विद्यार्थियों से बातचीत कर वहां उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लिया।

दौरे के दौरान एक स्कूल में पार्टी प्रतिनिधियों को प्रवेश की अनुमति नहीं मिली। सौरव दास ने आरोप लगाया कि स्कूल प्रशासन को उनके दौरे की पूर्व जानकारी मिल गई थी, जिसके कारण उन्हें निरीक्षण करने से रोक दिया गया। उन्होंने कहा कि स्कूल में प्रवेश के लिए संबंधित अधिकारियों से अनुमति लेने को कहा गया।

इसके बाद सौरव दास ने हरिहर विद्यापीठ स्कूल का दौरा किया। यहां प्राथमिक और उच्च माध्यमिक वर्ग के विद्यार्थियों से बातचीत के दौरान स्कूल की विभिन्न समस्याएं सामने आईं।

सौरव ने दावा किया कि स्कूल के शौचालयों की स्थिति काफी खराब है और वहां स्वच्छता के पर्याप्त इंतजाम नहीं हैं। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों के लिए स्वच्छ और सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना प्रशासन की जिम्मेदारी है।

सौरव दास ने कहा कि छात्र देश का भविष्य हैं और उन्हें बेहतर शिक्षा के साथ गुणवत्तापूर्ण आधारभूत सुविधाएं मिलनी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि कई स्कूलों में बुनियादी सुविधाओं का अभाव है, जिसे दूर करने के लिए सीजेपी ने यह अभियान शुरू किया है।

अभियान के माध्यम से स्कूलों की वास्तविक स्थिति सामने लाने और संबंधित विभागों पर सुधार के लिए दबाव बनाने का प्रयास किया जा रहा है।

उन्होंने यह भी बताया कि वह स्कूल पाठ्यपुस्तकों में कथित अनियमितताओं के विरोध में नव निर्माण युवा छात्र संगठन (एनवाईसीएस) के बैनर तले चल रहे आंदोलन और अनशन पर बैठे छात्रों से भी मुलाकात करेंगे। इस दौरान बीजद नेता मनमथ कुमार राउतराय और एनवाईसीएस के राज्य संयोजक मोहम्मद मनवर अली समेत अन्य लोग मौजूद थे।

यह भी पढ़ें- कॉकरोच जनता पार्टी ने धामी सरकार को दिया 10 दिन का अल्टीमेटम, 826 स्कूल बंद होने पर उठाए सवाल

यह भी पढ़ें- बंगाल: कॉकरोच जनता पार्टी सदस्य ने ममता बनर्जी से की मुलाकात, पिता की याद में स्कूल बनाने का किया अनुरोध