बंगाल: कॉकरोच जनता पार्टी सदस्य ने ममता बनर्जी से की मुलाकात, पिता की याद में स्कूल बनाने का किया अनुरोध
कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के सदस्य अब्दुल हाफिज ने मंगलवार को पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी से उनके कालीघाट आवास पर मुलाकात की।

बंगाल के पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी।
HighLights
सीजेपी सदस्य अब्दुल हाफिज ने ममता बनर्जी से मुलाकात की।
पिता की स्मृति में स्कूल बनाने का अनुरोध किया।
तृणमूल नेता डोला सेन ने मुलाकात को गैर-राजनीतिक बताया।
राज्य ब्यूरो, कोलकाता। कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के एक सदस्य ने मंगलवार को तृणमूल कांग्रेस की प्रमुख व पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी से उनके कालीघाट स्थित आवास पर मुलाकात की और अपने पिता की याद में एक स्कूल बनवाने का अनुरोध किया। तृणमूल के एक वरिष्ठ नेता ने इसकी जानकारी दी।
सीजेपी के इस सदस्य के पिता की पिछले महीने बंगाल के बांकुड़ा जिले में उनके घर पर हुए कथित हमले के बाद मौत हो गई थी। इंदास क्षेत्र के करिशुंडा गांव के निवासी अब्दुल हाफिज कथित हमले और अपने पिता की मौत से जुड़े मामले की प्राथमिकी, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य दस्तावेज के साथ ममता से मिले।
हालांकि, हाफिज ने मुलाकात के बाद संवाददाताओं से बात नहीं की। तृणमूल कांग्रेस की राज्यसभा सदस्य डोला सेन ने कहा कि यह मुलाकात राजनीतिक नहीं थी। उन्होंने संवाददाताओं से कहा कि इसमें राजनीति मत तलाशिए। इसका तृणमूल- सीजेपी से कोई संबंध नहीं है।
