विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

ओडिशा के गड़मधुपुर में BJD और भाजपा समर्थकों में हिंसक झड़प, पूर्व MLA प्रणव बलवंतराय की गाड़ी पर हमला

Published: Mon, 05 Oct 2026 11:19 AM (IST)

धर्मशाला के गड़मधुपुर में बीजद और भाजपा समर्थकों के बीच हिंसक झड़प हुई, जिसमें पूर्व विधायक प्रणव बलवंतराय की गाड़ी पर पथराव किया गया और कई लोग घायल हुए।

News Article Hero Image

HighLights

  1. गड़मधुपुर में बीजद-भाजपा समर्थकों के बीच हुई हिंसक झड़प।

  2. पूर्व विधायक प्रणव बलवंतराय की गाड़ी पर पथराव हुआ।

  3. पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत दर्ज कर जांच शुरू की।

जागरण संवाददाता, भुवनेश्वर। धर्मशाला ब्लॉक के गड़मधुपुर में रविवार को बीजद और भाजपा समर्थकों के बीच हुई हिंसक झड़प से क्षेत्र में तनाव फैल गया। घटना के दौरान धर्मशाला के पूर्व विधायक प्रणव बलवंतराय की गाड़ी पर पथराव किया गया, गोबर फेंका गया तथा वाहन के शीशे तोड़ दिए गए। दोनों पक्षों के बीच हुई पत्थरबाजी में कई लोग घायल हुए हैं। घटना के बाद इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।

जानकारी के अनुसार, गड़मधुपुर पंचायत में बीजद पंचायत अध्यक्ष जगदीश जेनामणि के घर पर पार्टी की बैठक चल रही थी, जिसमें पूर्व विधायक प्रणव बलवंतराय शामिल हुए थे।

वहीं सड़क के दूसरी ओर पूर्व सरपंच एवं भाजपा नेता चंद्रशेखर जेनामणि के आवास पर भाजपा का जोन स्तरीय सम्मेलन आयोजित किया गया था। दोनों कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता जुटे थे और भोजन की भी व्यवस्था की गई थी।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोनों दलों के समर्थकों के बीच किसी बात को लेकर पहले कहासुनी हुई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दोनों पक्षों के बीच गाली-गलौज के बाद पथराव शुरू हो गया। स्थिति बिगड़ने पर जेनापुर पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन कुछ समय तक हालात तनावपूर्ण बने रहे।

बीजद का आरोप है कि जनसंपर्क पदयात्रा की तैयारी के लिए आयोजित कार्यकर्ता सम्मेलन के दौरान पूर्व विधायक प्रणव बलवंतराय की गाड़ी पर पान की पीक, गोबर और पत्थर फेंके गए।

इससे वाहन क्षतिग्रस्त हो गया। घटना के विरोध में बलवंतराय अपने समर्थकों के साथ जाजपुर एसपी कार्यालय पहुंचे और आरोपितों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर धरने पर बैठ गए।

बाद में एसपी यशप्रताप श्रीमल ने दोषियों के खिलाफ कार्रवाई और पूर्व विधायक को पुलिस सुरक्षा उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया, जिसके बाद धरना समाप्त कर दिया गया।

दूसरी ओर भाजपा कार्यकर्ताओं ने भी जेनापुर थाने में शिकायत दर्ज कराते हुए बीजद समर्थकों पर हमला करने का आरोप लगाया।

पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी है। क्षेत्र में किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए पुलिस निगरानी बढ़ा दी गई है।

यह भी पढ़ें- भुवनेश्वर में देर रात थार की दहशत, प्रतिमा में टक्कर से ड्राइवर समेत कई घायल; पहले भी हो चुकी हैं घटनाएं

यह भी पढ़ें- टेंट कर्मी बबलू मेहता हत्याकांड का खुलासा! मधेपुरा में पुलिस ने एक आरोपी दबोचा, दो बाइक जब्त; खुलेंगे कई राज