आतंकी साजिश का ओडिशा कनेक्शन: भुवनेश्वर से गिरफ्तार इमरान था मास्टरमाइंड, निशाने पर था राम मंदिर और संसद
दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने भुवनेश्वर से संदिग्ध आतंकी शेख इमरान को गिरफ्तार किया है। इमरान दिल्ली के संवेदनशील ...और पढ़ें

आतंकी शेख इमरान। (फाइल फोटो)
HighLights
भुवनेश्वर से संदिग्ध आतंकी शेख इमरान गिरफ्तार।
राम मंदिर, संसद भवन पर हमले की योजना।
आईईडी सामग्री, डिजिटल साक्ष्य बरामद हुए।
जागरण संवाददाता, भुवनेश्वर। देश की राजधानी को दहलाने की एक बड़ी साजिश का पर्दाफाश करते हुए दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने ओडिशा के भुवनेश्वर से एक संदिग्ध आतंकी शेख इमरान (22) को गिरफ्तार किया है।
इस गिरफ्तारी ने सुरक्षा एजेंसियों के कान खड़े कर दिए हैं, क्योंकि इमरान न केवल राजधानी के अति-संवेदनशील इलाकों की रेकी कर रहा था, बल्कि इंटरनेट मीडिया पर कट्टरपंथ का जाल भी बिछा रहा था।
भुवनेश्वर के यूनिट-6 में छिपा था संदिग्ध
दिल्ली पुलिस और ओडिशा पुलिस की संयुक्त टीम ने भुवनेश्वर के गंगनगर (यूनिट-6) स्थित एक किराए के मकान पर छापेमारी कर इमरान को दबोचा।
सूत्रों के अनुसार, इमरान पिछले छह महीने से अपनी पहचान छिपाकर यहां रह रहा था और पूर्व में डिलीवरी बॉय के रूप में काम कर चुका था।
गिरफ्तारी के बाद ओडिशा एसटीएफ (एसटीएफ) ने उसके आवास की गहन तलाशी ली, जहां से कई डिजिटल साक्ष्य बरामद हुए हैं।
लाल किले पर 'काला झंडा' और रेकी
जांच में खुलासा हुआ है कि इमरान ने दिसंबर 2025 में दिल्ली के लाल किले और इंडिया गेट जैसे महत्वपूर्ण स्थलों की रेकी की थी।
उसने लाल किले की एक ऐसी फोटो इंटरनेट मीडिया पर पोस्ट की थी, जिसमें तकनीकी संपादन (एडिटिंग) के जरिए तिरंगे की जगह 'काला झंडा' दिखाया गया था। पुलिस के अनुसार, वह 'लश्कर-ए-मेहदी' नामक इंस्टाग्राम अकाउंट के जरिए पाकिस्तान स्थित हैंडलर्स के संपर्क में था।
राम मंदिर और संसद पर हमले का ब्लूप्रिंट
पकड़े गए मॉड्यूल के पास से आईईडी (बम) बनाने की सामग्री और रिमोट-कंट्रोल खिलौना कार के सर्किट बरामद हुए हैं। यह समूह अयोध्या के राम मंदिर, नया संसद भवन और प्रमुख सैन्य प्रतिष्ठानों पर फिदायीन हमले या धमाकों की योजना बना रहा था।
पुलिस को संदेह है कि इमरान किसी विदेशी महिला एजेंट के 'हनीट्रैप' का शिकार होकर इस आतंकी नेटवर्क का हिस्सा बना।
मुख्य बिंदु
- गिरफ्तारी: 11 अप्रैल 2026 को भुवनेश्वर से ट्रांजिट रिमांड पर दिल्ली ले जाया गया।
- निशाना: राम मंदिर, संसद भवन और सैन्य ठिकाने।
- बरामदगी: मोबाइल, लैपटॉप और आईईडी बनाने के पुर्जे।
- पुराना लिंक: नवंबर 2025 के लाल किला धमाके से भी तार जुड़ने की संभावना।
ओडिशा पुलिस की एसटीएफ अब इस बात की जांच कर रही है कि क्या इमरान ने राज्य के भीतर भी कोई स्थानीय स्लीपर सेल तैयार किया था।
