भुवनेश्वर में 2 पिस्तौल व कारतूस के साथ कुख्यात हिस्ट्रीशीटर गिरफ्तार, 12 थानों में दर्ज हैं 20 संगीन मामले
भुवनेश्वर में स्पेशल क्राइम यूनिट ने मास्टर कैंटीन चौक से एक हिस्ट्रीशीटर हरेकृष्ण स्वाईं को दो सेमी-ऑटोमैटिक पिस्तौल और चार जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है।
-1795936327277_m.webp)
गिरफ्तार हिस्ट्रीशीटर और बरामद पिस्तौल। (जागरण)
HighLights
हिस्ट्रीशीटर हरेकृष्ण स्वाईं भुवनेश्वर से गिरफ्तार।
दो सेमी-ऑटोमैटिक पिस्तौल और चार कारतूस बरामद।
आरोपी पर 12 थानों में 20 आपराधिक मामले दर्ज।
जागरण संवाददाता, भुवनेश्वर। राजधानी में अवैध हथियारों की तस्करी और आपराधिक गतिविधियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए कमिश्नरेट पुलिस की स्पेशल क्राइम यूनिट ने एक हिस्ट्रीशीटर को गिरफ्तार किया है।
उसके पास से दो सेमी ऑटोमैटिक पिस्तौल और चार जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं। गिरफ्तार आरोपित की पहचान कटक जिले के नियाली थाना क्षेत्र के नाटी गांव निवासी हरेकृष्ण स्वाईं उर्फ हरि (35) के रूप में हुई है।
पुलिस कमिश्नर एस देवदत्त सिंह ने इस संदर्भ में जानकारी देते हुए कहा कि के शनिवार (28 नवंबर) की सुबह करीब पांच बजे खारवेल नगर थाना क्षेत्र के मास्टर कैंटीन चौक के पास यह कार्रवाई की गई।
गुप्त सूचना के आधार पर स्पेशल क्राइम यूनिट की टीम ने इलाके में निगरानी शुरू की थी। सूचना मिली थी कि वहां अवैध हथियारों की आपूर्ति के सिलसिले में कुछ लोग जुटने वाले हैं। इसके बाद पुलिस ने घेराबंदी कर हरेकृष्ण को पकड़ लिया।
दो पिस्तौल और चार कारतूस बरामद
तलाशी के दौरान आरोपित के पास से 7.65 एमएम की एक और 9 एमएम की एक सेमी ऑटोमैटिक पिस्तौल बरामद हुई।
इसके अलावा 7.65 एमएम के तीन और 9 एमएम का एक जिंदा कारतूस जब्त किया गया। पुलिस ने आरोपित की सुजुकी एक्सेस स्कूटी (ओडी-33-एडी-4280), एक मोबाइल फोन और 200 रुपये नकद भी जब्त किए हैं।
12 थानों में दर्ज हैं 20 मामले
पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, आरोपित के खिलाफ वर्ष 2018 और 2019 में भुवनेश्वर-कटक सहित विभिन्न क्षेत्रों के 12 थानों में कुल 20 आपराधिक मामले दर्ज हैं।
इनमें लूट, डकैती, हत्या, हत्या के प्रयास, अपहरण, चोरी और आर्म्स एक्ट के मामले शामिल हैं। कामाख्यानगर थाने में उसके खिलाफ हत्या और आपराधिक साजिश का मामला भी दर्ज है।
स्पेशल क्राइम यूनिट अब आरोपित से पूछताछ कर हथियारों की खरीद-फरोख्त के स्रोत, आपूर्ति नेटवर्क और इसमें शामिल अन्य लोगों का पता लगाने में जुटी है।
पुलिस ने बताया कि आरोपित को अदालत में पेश किया जाएगा। इस संबंध में आर्म्स एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच की जा रही है।
पुलिस ने आम नागरिकों से अवैध हथियारों की गतिविधियों की सूचना देने की अपील की है। इसके लिए स्पेशल क्राइम यूनिट के हेल्पलाइन नंबर 0674-2916383 पर सुबह 10 से रात आठ बजे तक संपर्क किया जा सकता है। सूचना देने वालों की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।