विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बंगाल की खाड़ी में फिर मंडरा रहा चक्रवाती तूफान का खतरा! 19-20 नवंबर को तट से टकराने के आसार, ओडिशा में अलर्ट

Published: Fri, 13 Nov 2026 10:23 AM (IST)

बंगाल की खाड़ी में एक और चक्रवाती तूफान की संभावना है, जो 19-20 नवंबर के आसपास तट से टकरा सकता ...और पढ़ें

चक्रवाती तूफान का खतरा (एआई जेनरेटेड तस्वीर)

चक्रवाती तूफान का खतरा (एआई जेनरेटेड तस्वीर)

HighLights

  1. बंगाल की खाड़ी में चक्रवाती तूफान की संभावना।

  2. 19-20 नवंबर को तट से टकराने का अनुमान।

  3. ओडिशा में 17-18 नवंबर से मौसम बदलेगा।

जागरण संवाददाता, भुवनेश्वर। बंगाल की खाड़ी में एक बार फिर चक्रवाती तूफान आने की संभावना जताई जा रही है। विभिन्न मौसम मॉडल संभावित तूफान के संकेत दे रहे हैं। 

अनुमान है कि 19 या 20 नवंबर के आसपास यह तट के करीब पहुंच सकता है। हालांकि, इसके संभावित मार्ग और प्रभाव को लेकर अलग-अलग मॉडल के आकलन में काफी अंतर है। 

यूरोपीय मॉडल के अनुसार, तूफान आंध्र प्रदेश और ओडिशा के तट की ओर बढ़ सकता है। वहीं, दो अन्य मॉडल इसके बांग्लादेश या म्यांमार की ओर मुड़ने की संभावना जता रहे हैं।

अंडमान सागर और आसपास के क्षेत्र में चक्रवाती परिसंचर

भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार, मध्य अंडमान सागर और आसपास के क्षेत्र में चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है। आज यह दक्षिण-पूर्व बंगाल की खाड़ी में कम दबाव का क्षेत्र में तब्दील हो गया है। 15 नवंबर तक यह दक्षिण बंगाल की खाड़ी के मध्य भाग में अवदाब में तब्दील हो सकता है। 

आईएमडी के विस्तारित पूर्वानुमान में संकेत दिया गया है कि इसके और अधिक मजबूत होकर चक्रवाती तूफान में बदलने को लेकर विभिन्न मौसम मॉडल लगभग एकमत हैं। हालांकि, इसके संभावित मार्ग और तट से टकराने (लैंडफाल) के स्थान को लेकर मॉडलों में अलग-अलग अनुमान हैं।

कोई स्पष्ट पूर्वानुमान जारी नहीं किया 

इसी वजह से आईएमडी ने अभी तक संभावित तूफान के मार्ग और उसके प्रभाव को लेकर कोई स्पष्ट पूर्वानुमान जारी नहीं किया है। मौसम विभाग के अनुसार, अवदाब बनने के बाद ही इसकी दिशा और प्रभाव को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

उधर, भुवनेश्वर मौसम विज्ञान केंद्र के पूर्वानुमान के अनुसार, अगले सात दिनों तक ओडिशा में मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहने की संभावना है। हालांकि, कुछ विशेषज्ञों का मानना है कि 17-18 नवंबर के आसपास राज्य के मौसम में बदलाव हो सकता है।

17-18 नवंबर से ओडिशा के मौसम में बदलाव

सोआ के जलवायु एवं पर्यावरण केंद्र (सीईसी) के निदेशक डॉ. शरत चंद्र साहू ने बताया कि मौजूदा मौसमी परिस्थितियों में अवदाब या गहरे अवदाब बनने की संभावना है। इसके अधिक शक्तिशाली होने पर चक्रवाती तूफान का रूप लेने से भी इनकार नहीं किया जा सकता। उन्होंने अनुमान जताया कि 19 नवंबर की रात या 20 नवंबर की सुबह आंध्र प्रदेश के कावली से मछलीपट्टनम के बीच यह तट से टकरा सकता है।

यदि ऐसा होता है तो 17-18 नवंबर से ओडिशा के मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है। शुरुआत में गंजाम, गजपति और पुरी जिलों में हल्की बारिश होने की संभावना है। इसके बाद 19 से 21 नवंबर के बीच दक्षिण ओडिशा के कोरापुट, नवरंगपुर, मलकानगिरि, रायगड़ा और गजपति जिलों में अधिक बारिश हो सकती है। कुछ स्थानों पर भारी बारिश की भी आशंका है। हालांकि, अवदाब बनने के बाद ही स्थिति की स्पष्ट जानकारी मिल सकेगी।

मौसम वैज्ञानिक विश्वजीत साहू के अनुसार, 17 नवंबर के आसपास चक्रवाती तूफान बन सकता है। विभिन्न मौसम मॉडल के शुरुआती आकलन में इसके आंध्र प्रदेश तट की ओर बढ़ने के संकेत मिल रहे हैं। हालांकि, मध्य बंगाल की खाड़ी में पहुंचने के बाद इसकी दिशा बदलकर उत्तर-पूर्व की ओर हो सकती है।

ओडिशा में बादल छाए रहने की संभावना

ऐसी स्थिति में संभावित तूफान पश्चिम बंगाल, बांग्लादेश या म्यांमार के तट की ओर बढ़ सकता है। उन्होंने कहा कि तूफान ओडिशा के कितने करीब से गुजरता है, उसी आधार पर राज्य में इसका प्रभाव निर्भर करेगा। 18-19 नवंबर को ओडिशा में बादल छाए रहने और मौसम के ठंडा रहने की संभावना है। हालांकि, बारिश और हवा की गति को लेकर अभी कोई ठोस अनुमान लगाना जल्दबाजी होगी।

यह भी पढ़ें- बंगाल की खाड़ी में फिर उठ रहा चक्रवाती खतरा! 15 नवंबर तक डिप्रेशन में बदलेगा सिस्टम, ओडिशा में नहीं होगा असर


देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।