विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बंगाल की खाड़ी में फिर बन सकता है चक्रवाती सिस्टम, 1987 के बाद बन रहे ऐसे हालात, ओडिशा में मौसम विभाग अलर्ट

Published: Sun, 22 Nov 2026 11:17 AM (IST)

भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने बंगाल की खाड़ी में एक और चक्रवाती सिस्टम विकसित होने की संभावना जताई है। 

AI के माध्यम से बनाई गई तस्वीर।

AI के माध्यम से बनाई गई तस्वीर।

HighLights

  1. बंगाल की खाड़ी में नया चक्रवाती सिस्टम बनने की संभावना।

  2. आईएमडी महानिदेशक ने 15 दिवसीय पूर्वानुमान में संकेत दिए।

  3. मौसम विभाग स्थिति पर लगातार नजर रख रहा है।

जागरण संवाददाता, भुवनेश्वर। बंगाल की खाड़ी में एक बार फिर चक्रवाती सिस्टम विकसित होने की संभावना है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के महानिदेशक मृत्युंजय महापात्र ने इसके संकेत दिए हैं।

पिछले गुरुवार को जारी 15 दिवसीय विस्तारित अवधि के मौसम पूर्वानुमान में इसकी संभावना जताई गई है। हालांकि, संभावित सिस्टम के स्थान, तीव्रता और स्वरूप को लेकर अभी स्थिति स्पष्ट नहीं है।

महापात्र के अनुसार, बंगाल की खाड़ी में सामान्य तौर पर हर साल करीब पांच चक्रवात बनते हैं। इनमें से तीन से चार अक्टूबर, नवंबर और दिसंबर के दौरान तथा एक से दो अप्रैल, मई और जून में विकसित होते हैं।

इस वर्ष अब तक बंगाल की खाड़ी में तीन चक्रवात बन चुके हैं। उन्होंने कहा कि वर्ष 1987 के बाद देश में इस तरह की मौसमी स्थिति देखने को मिली है। मौजूदा गतिविधियों का संबंध मजबूत अल नीनो से भी हो सकता है।

हालांकि, हाल में बने किसी भी सिस्टम ने भीषण चक्रवाती तूफान का रूप नहीं लिया, लेकिन लगातार एक के बाद एक चक्रवाती सिस्टम विकसित हुए और इनका असर ओडिशा तथा आंध्र प्रदेश में देखने को मिला।

रोजाना हो रही मौसम की निगरानी

आईएमडी महानिदेशक ने स्पष्ट किया कि फिलहाल नए चक्रवात को लेकर कोई निश्चित पूर्वानुमान नहीं है। मौसम विभाग प्रतिदिन मौसमी परिस्थितियों पर नजर रख रहा है। यदि कोई नया सिस्टम विकसित होता है तो उसके बारे में तत्काल पूर्वानुमान जारी किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि पिछले कुछ वर्षों में चक्रवातों के पूर्वानुमान की सटीकता काफी बढ़ी है। इससे संभावित खतरे की पहले जानकारी मिल जाती है और प्रशासन को लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने तथा राहत एवं बचाव कार्यों की तैयारी के लिए पर्याप्त समय मिल जाता है।

यह भी पढ़ें- चक्रवात अकवान ने छीनी किसानों की मुस्कान, ओडिशा के कंधमाल में बारिश से आलू और सब्जियों की फसल बर्बाद

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।