समुद्र की लहरों से जुड़ी है कटक की बालीयात्रा की कहानी; जहां इतिहास, संस्कृति और कारोबार का होता है संगम
कटक की ऐतिहासिक बालीयात्रा ओडिशा के गौरवशाली समुद्री इतिहास, संस्कृति और व्यापारिक परंपरा का जीवंत उत्सव है। यह मेला प्राचीन कलिंग के समुद्री व्यापारियों की याद दिलाता है और स्थानीय शिल्पकारों व कारोबारियों को बड़ा मंच प्रदान करता है।

कटक की बालीयात्रा की कहानी (सौ. जागरण)
HighLights
बालीयात्रा ओडिशा के गौरवशाली समुद्री इतिहास और व्यापारिक परंपरा का उत्सव।
कार्तिक पूर्णिमा पर महानदी तट पर आयोजित होता है यह विशाल मेला।
स्थानीय शिल्पकारों, स्वयं सहायता समूहों को मिलता है बड़ा आर्थिक मंच।
शेषनाथ राय, भुवनेश्वर। महानदी का किनारा, रोशनी से जगमगाता विशाल मेला परिसर, दूर-दूर तक फैली दुकानों की कतारें, पारंपरिक व्यंजनों की खुशबू और खरीदारी के लिए उमड़ती लोगों की भीड़। यह दृश्य है ओडिशा के ऐतिहासिक शहर कटक की बालीयात्रा का।
यह सिर्फ एक मेला नहीं, बल्कि ओडिशा के गौरवशाली समुद्री इतिहास, सांस्कृतिक विरासत, उद्यमशीलता और व्यापारिक परंपरा का जीवंत उत्सव है। यहां अतीत की स्मृतियां वर्तमान के उल्लास से मिलती हैं और स्थानीय परंपराएं राष्ट्रीय तथा अंतरराष्ट्रीय पहचान हासिल करती हैं।
कार्तिक पूर्णिमा पर शुरू होती है यात्रा
हर साल कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर शुरू होने वाली बालीयात्रा देश के सबसे बड़े खुले व्यापारिक और सांस्कृतिक मेलों में शामिल है। महानदी के तट पर आयोजित होने वाला यह आयोजन आठ दिनों तक कटक को उत्सव और कारोबार के एक विशाल केंद्र में बदल देता है।
इस बार 24 नवंबर से एक दिसंबर तक मेले का आयोजन किया जा रहा है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने मंगलवार को इसका उद्घाटन किया।
हजारों साल पुरानी समुद्री व्यापार परंपरा की याद
बालीयात्रा की जड़ें प्राचीन कलिंग की उस गौरवशाली समुद्री परंपरा में छिपी हैं, जब ओडिशा के साहसी व्यापारी समुद्र के रास्ते दूर-दराज के देशों तक व्यापार करने जाते थे। उस समय ओडिशा को कलिंग के नाम से जाना जाता था। यहां के समुद्री व्यापारियों को 'साधब' कहा जाता था और उनके बड़े जहाजों को 'बोइत' नाम से जाना जाता था।
साधब व्यापारी समुद्री मार्ग से इंडोनेशिया के बाली, जावा, सुमात्रा, बोर्नियो और श्रीलंका जैसे क्षेत्रों तक पहुंचते थे। वे अपने साथ स्थानीय वस्त्र, मसाले, हस्तशिल्प और दूसरी व्यापारिक वस्तुएं ले जाते थे। बदले में वहां से विभिन्न उत्पाद लेकर लौटते थे। यह केवल वस्तुओं का आदान-प्रदान नहीं था, बल्कि इसके माध्यम से कलिंग का दक्षिण-पूर्व एशियाई देशों के साथ सांस्कृतिक, सामाजिक और सभ्यतागत संबंध भी मजबूत हुआ।
कार्तिक पूर्णिमा को समुद्री यात्रा के लिए शुभ माना जाता था। अनुकूल हवाओं के कारण इस समय नाविक समुद्र की यात्रा शुरू करते थे। इसी ऐतिहासिक परंपरा की स्मृति में बालीयात्रा मनाई जाती है। इसका शाब्दिक अर्थ है- बाली की यात्रा।
बोइत बंदाण : परंपरा में जीवित है समुद्री इतिहास
बालीयात्रा का सबसे भावनात्मक और आकर्षक पक्ष है 'बोइता बंदाना'। कार्तिक पूर्णिमा की सुबह महानदी के घाटों पर हजारों लोग एकत्र होते हैं। महिलाएं, पुरुष और बच्चे रंगीन कागज, केले के तने और शोलापीठ से बनी छोटी-छोटी नावों में दीपक, फूल और पान-सुपारी रखकर नदी में प्रवाहित करते हैं। इसे बोइता बंदाना कहा जाता है।
यह प्रतीकात्मक परंपरा उन साधबों को श्रद्धांजलि देने का माध्यम है, जो सदियों पहले व्यापार के लिए समुद्र की लहरों पर सवार होकर दूर देशों की यात्रा पर निकलते थे। उस समय परिवार की महिलाएं मंगलकामना के साथ उन्हें विदा करती थीं। आज भी ओडिशा के घरों में बोइता बंदाना की परंपरा पीढ़ी-दर-पीढ़ी चली आ रही है।
इस आयोजन की विशेषता यह है कि इसमें धर्म, जाति और समुदाय की सीमाएं पीछे छूट जाती हैं। हर उम्र और वर्ग के लोग अपनी सांस्कृतिक विरासत से जुड़ने के लिए महानदी के घाटों पर पहुंचते हैं। दीपों से सजी छोटी नावें जब नदी की लहरों पर तैरती हैं तो ऐसा लगता है मानो इतिहास एक बार फिर जीवंत हो उठा हो।
मेले में उमड़ता जनसैलाब, कटक बन जाता है उत्सव का शहर
बालीयात्रा के दौरान कटक की रौनक देखते ही बनती है। बारबाटी किले के निकट किला मैदान और गड़गड़िया घाट के आसपास का विशाल क्षेत्र रंग-बिरंगी रोशनी, सजावट और अस्थायी बाजारों से भर जाता है। मेले में सिर्फ कटक या आसपास के जिलों के लोग ही नहीं, बल्कि भुवनेश्वर सहित ओडिशा के विभिन्न हिस्सों और दूसरे राज्यों से भी बड़ी संख्या में लोग पहुंचते हैं।
शाम ढलते ही मेले की रौनक बढ़ने लगती है। परिवार के साथ घूमने निकले लोग, युवा, बच्चे और पर्यटक देर रात तक मेले का आनंद लेते हैं। कहीं झूले और मनोरंजन के साधन आकर्षित करते हैं तो कहीं सांस्कृतिक कार्यक्रमों के मंच पर कलाकार अपनी प्रस्तुतियों से दर्शकों का मनोरंजन करते हैं।
बालीयात्रा की लोकप्रियता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि पिछले वर्ष के आयोजन में बड़ी संख्या में लोग पहुंचे थे। इस वर्ष भी एक करोड़ से अधिक लोगों के पहुंचने का अनुमान आयोजन की आधिकारिक वेबसाइट पर व्यक्त किया गया है। हालांकि यह अनुमान है, अंतिम आंकड़ा नहीं।
स्थानीय शिल्पकारों से राष्ट्रीय कारोबारियों तक को मिलता है बाजार
बालीयात्रा का एक महत्वपूर्ण पहलू इसका आर्थिक महत्व है। यह मेला ओडिशा के छोटे कारोबारियों, हस्तशिल्पकारों, बुनकरों, स्वयं सहायता समूहों और ग्रामीण उद्यमियों के लिए बड़े बाजार का अवसर उपलब्ध कराता है।
मेले में ओडिशा की पारंपरिक चांदी की तारकशी कला, हाथकरघा के कपड़े, संबलपुरी साड़ियां, पीतल और लकड़ी के उत्पाद, मिट्टी के बर्तन, सजावटी वस्तुएं, आभूषण और घरेलू उपयोग की कई चीजें बिक्री के लिए उपलब्ध रहती हैं। इसके अलावा देश के विभिन्न राज्यों से आने वाले व्यापारी अपने उत्पादों की प्रदर्शनी और बिक्री करते हैं।
पल्लीश्री मेले के माध्यम से ग्रामीण उत्पादों और स्वयं सहायता समूहों को विशेष मंच मिलता है। यहां महिलाएं अपने हाथों से तैयार खाद्य सामग्री, अचार, मसाले, हस्तनिर्मित वस्तुएं और दूसरे उत्पाद बेचती हैं। इससे उन्हें सीधे ग्राहकों तक पहुंचने और अपने उत्पादों की पहचान बनाने का अवसर मिलता है।
कटक की प्रसिद्ध चांदी की तारकशी कला से लेकर ओडिशा के पारंपरिक वस्त्रों तक, बालीयात्रा स्थानीय उत्पादों को राष्ट्रीय बाजार से जोड़ने का माध्यम बन रही है। कारोबारियों के लिए यह केवल आठ दिनों की बिक्री का अवसर नहीं, बल्कि नए ग्राहकों, थोक खरीदारों और भविष्य के व्यावसायिक संबंधों को विकसित करने का मंच भी है।
खानपान के शौकीनों के लिए भी खास आकर्षण
बालीयात्रा का जिक्र हो और यहां के खानपान की बात न हो, ऐसा संभव नहीं है। मेले में ओडिशा के पारंपरिक व्यंजनों के साथ देश के विभिन्न हिस्सों के स्वाद का संगम देखने को मिलता है। दहीबड़ा-आलूदम, बड़ा, घुगुनी, छेना पोड़ा, रसगुल्ला, विभिन्न प्रकार की मिठाइयां और पारंपरिक पकवान लोगों को आकर्षित करते हैं।
इसके साथ ही दक्षिण भारतीय व्यंजन, चाट, फास्ट फूड और दूसरे राज्यों के लोकप्रिय खाद्य पदार्थों की दुकानें भी रहती हैं। खाने-पीने के स्टालों पर शाम से देर रात तक भीड़ लगी रहती है। कई परिवारों के लिए बालीयात्रा की सैर का मतलब ही अलग-अलग व्यंजनों का स्वाद लेना और खरीदारी करना होता है।
संस्कृति, कला और आधुनिक मनोरंजन का संगम
बालीयात्रा का सांस्कृतिक पक्ष भी इसे विशिष्ट बनाता है। यहां ओडिशी नृत्य, लोकनृत्य, लोकगीत, पारंपरिक संगीत, नाटक और आधुनिक सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन होता है। राज्य के स्थापित कलाकारों के साथ उभरती प्रतिभाओं को भी अपनी कला दिखाने का अवसर मिलता है।
आधुनिक समय के साथ बालीयात्रा का स्वरूप भी विस्तृत हुआ है। सांस्कृतिक कार्यक्रमों के अलावा लेजर शो, ड्रोन शो, मनोरंजन के आधुनिक साधन और विभिन्न प्रकार की प्रदर्शनियां इसे नई पीढ़ी के बीच भी लोकप्रिय बना रही हैं। महानदी में पारंपरिक नौका दौड़ जैसी गतिविधियां भी इस वर्ष के आयोजन का आकर्षण हैं। इससे समुद्री विरासत को खेल और पर्यटन के साथ जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।
अंतरराष्ट्रीय संबंधों की विरासत को मिल रही नई पहचान
बालीयात्रा का महत्व केवल ओडिशा या भारत तक सीमित नहीं है। प्राचीन कलिंग के दक्षिण-पूर्व एशियाई देशों के साथ व्यापारिक और सांस्कृतिक संबंधों की याद आज भी इस आयोजन के माध्यम से ताजा होती है। बाली, जावा और सुमात्रा जैसे क्षेत्रों के साथ ओडिशा के ऐतिहासिक संबंध इस मेले को अंतरराष्ट्रीय सांस्कृतिक पहचान प्रदान करते हैं।

मेले का उद्घाटन करती राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु (सौ. जागरण)
इस बार राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु की उपस्थिति ने आयोजन को विशेष महत्व दिया। उन्होंने पारंपरिक नौका से यात्रा कर बालीयात्रा का उद्घाटन किया। मेले में स्वयं सहायता समूह की एक महिला से मोतियों का हार खरीदकर उन्होंने महिला उद्यमिता को भी प्रोत्साहन दिया। इंडोनेशिया के राजनयिक प्रतिनिधि की मौजूदगी ने भारत और दक्षिण-पूर्व एशिया के ऐतिहासिक सांस्कृतिक रिश्तों को भी रेखांकित किया।
अतीत की विरासत, वर्तमान की अर्थव्यवस्था और भविष्य की संभावनाएं
बालीयात्रा की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि यह इतिहास को केवल याद करने तक सीमित नहीं रखती, बल्कि उसे वर्तमान की आर्थिक और सामाजिक गतिविधियों से जोड़ती है। एक ओर यह नई पीढ़ी को बताती है कि सदियों पहले कलिंग के नाविक समुद्र पार कर अंतरराष्ट्रीय व्यापार करते थे, वहीं दूसरी ओर आज के छोटे उद्यमियों और शिल्पकारों को अपने उत्पादों के लिए बड़ा बाजार उपलब्ध कराती है।
आज जब भारत समुद्री व्यापार, बंदरगाह आधारित अर्थव्यवस्था और वैश्विक व्यापारिक संपर्कों को मजबूत करने की दिशा में आगे बढ़ रहा है, तब बालीयात्रा की ऐतिहासिक विरासत का महत्व और बढ़ जाता है। यह आयोजन याद दिलाता है कि वैश्वीकरण और अंतरराष्ट्रीय व्यापार की अवधारणा भारत के लिए नई नहीं है। ओडिशा की धरती सदियों पहले भी समुद्री व्यापार और सांस्कृतिक आदान-प्रदान का महत्वपूर्ण केंद्र रही है।
महानदी के तट पर हर साल सजने वाला यह मेला इसी गौरवशाली अतीत का उत्सव है। यहां तैरती छोटी-छोटी नावें केवल साधबों की स्मृतियों को नहीं संजोतीं, बल्कि ओडिशा की उस अदम्य व्यापारिक भावना का संदेश भी देती हैं, जिसने कभी समुद्र की सीमाओं को पार कर दुनिया के साथ संबंध स्थापित किए थे। यही वजह है कि बालीयात्रा एक मेले से बढ़कर ओडिशा की पहचान, अस्मिता और आर्थिक संभावनाओं का प्रतीक बन चुकी है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।