बालीयात्रा में दिखा राष्ट्रपति मुर्मु का अनोखा अंदाज, महिला से 1000 रुपये में खरीदी मोतियों की माला
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने कटक के बालीयात्रा मेले में एक स्वयं सहायता समूह की महिला से मोतियों की माला खरीदी और उसे एक हजार रुपये दिए।

बालीयात्रा में राष्ट्रपति मुर्मु ने महिला से 1000 रुपये में खरीदी मोतियों की माला
HighLights
राष्ट्रपति मुर्मू ने बालीयात्रा में मोतियों की माला खरीदी।
स्वयं सहायता समूह की महिला को एक हजार रुपये दिए।
ओडिशा की समुद्री परंपरा और व्यापारिक विरासत को सराहा।
जागरण संवाददाता, कटक। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने मंगलवार को कटक के ऐतिहासिक बालीयात्रा मेले में स्वयं सहायता समूह (एसएचजी) से जुड़ी एक महिला से मोतियों की माला खरीदी और उसे एक हजार रुपये का भुगतान किया। राष्ट्रपति ने महिला से उसके कारोबार के बारे में भी जानकारी ली।
ऐतिहासिक बालीयात्रा मेले के उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने के बाद राष्ट्रपति मुर्मु ओआरएमएएस (ओआरएमएएस) पवेलियन पहुंचीं। यहां कई महिला उद्यमियों ने अपने उत्पादों की प्रदर्शनी लगाई थी।
इस दौरान उन्होंने एक महिला स्वयं सहायता समूह की सदस्य से मोतियों की माला खरीदी। साथ ही उससे बातचीत कर उसके व्यवसाय और गतिविधियों के बारे में जानकारी प्राप्त की।
इससे पहले राष्ट्रपति ने गडगड़िया घाट पर पारंपरिक बोइत बंदाण अनुष्ठान में हिस्सा लिया। उन्होंने छोटी नाव जल में प्रवाहित कर ओडिशा की गौरवशाली समुद्री परंपरा और प्राचीन नौवहन इतिहास को याद किया।
बालीयात्रा के उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए राष्ट्रपति ने इसे ओडिशा की समृद्ध सांस्कृतिक और व्यापारिक विरासत का उत्सव बताया। उन्होंने उत्कल गौरव मधुसूदन दास (मधु बाबू) को याद करते हुए उनके उद्यमशील प्रयासों और औद्योगिक विकास में योगदान की सराहना की।
राष्ट्रपति ने ओडिशा और इंडोनेशिया के बाली द्वीप के बीच सदियों पुराने सांस्कृतिक एवं व्यापारिक संबंधों का भी उल्लेख किया।
आठ दिवसीय ऐतिहासिक बालीयात्रा न केवल ओडिशा के गौरवशाली समुद्री अतीत की याद दिलाती है, बल्कि महिला उद्यमियों, कारीगरों, स्वयं सहायता समूहों और व्यापारियों को अपने उत्पादों के प्रदर्शन एवं विपणन का महत्वपूर्ण मंच भी प्रदान करती है।