यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Aug 04, 2017 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
डोकलाम पर चीनी रक्षा मंत्रालय का बयान, कहा- हमारी सेना को हल्के में न लें
डोकलाम में गतिरोध 16 जून को तब पैदा हुआ जब चीनी सैनिकों ने भारत, भूटान और चीन से लगने वाली सीमा के टुकड़े पर सड़क का निर्माण शुरू किया।

बीजिंग, प्रेट्र/रायटर । चीन ने कहा है कि सिक्किम सेक्टर के डोकलाम में भारत के साथ चल रहे सैन्य गतिरोध पर वह सद्भाव दिखा रहा है और संयम बरत रहा है। लेकिन संयम बरतने की भी एक सीमा होती है। चीनी रक्षा मंत्रालय की ओर से यह बयान भारतीय विदेश मंत्रालय के उस बयान के जवाब में आया है जिसमें कहा गया है कि भारत-चीन सीमा पर शांति बनाए रखने की बात कही गई है।
डोकलाम में गतिरोध 16 जून को तब पैदा हुआ जब चीनी सैनिकों ने भारत, भूटान और चीन से लगने वाली सीमा के टुकड़े पर सड़क का निर्माण शुरू किया। इससे इलाके की सामरिक स्थिति बदलने का खतरा पैदा हो गया, जो भारत के लिए खतरनाक था। इसी के बाद भारतीय सैनिकों ने वहां पर सड़क का निर्माण रोका।
चीन के रक्षा मंत्रालय के प्रवक्ता रेन गुओक्वांग ने कहा, भारतीय पक्ष बड़ी सफाई से सीमा पर शांति की बात करता है लेकिन वास्तव में उसके लिए प्रयास चीन कर रहा है, जो अपनी सीमा के भीतर हुई घुसपैठ के बावजूद संयम बरत रहा है। चीन कूटनीतिक माध्यम से गतिरोध को खत्म करने का प्रयास कर रहा है। ऐसा वह भारत के साथ द्विपक्षीय रिश्तों और क्षेत्रीय शांति के मद्देनजर कर रहा है। जबकि चीन की सेना अपने देश की संप्रभुता की रक्षा के लिए पूरी तरह से सक्षम है।
भारत सीमा पर बढ़ा रहा तैनाती
चीनी विदेश मंत्रालय ने जारी एक अन्य बयान में कहा है कि डोकलाम में एक महीने से ज्यादा समय से जारी गतिरोध के बीच भारतीय सेना सीमा पर अपनी तैनाती बढ़ा रही है। साथ ही वह सीमा से जुड़ी सड़कों की मरम्मत कर रही है और नई सड़कों का निर्माण कर रही है।
जबकि भारतीय विदेश मंत्री सुषमा स्वराज ने इस तरह की स्थिति से इन्कार किया है। गुरुवार शाम संसद में दिये बयान में स्वराज ने गतिरोध का निदान वार्ता से होने का भरोसा जताया है। चीनी विदेश मंत्रालय ने कहा है कि कोई भी देश चीनी सेना की क्षमता को हल्के में नहीं ले सकता है। चीनी सेना अपने देश के हितों की रक्षा के लिए पूरी तरह से सक्षम है।
यह भी पढ़ेंः चीन के साथ सुरक्षा सहयोग का तुर्की ने किया वादा