विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Nov 07, 2014 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

राजनाथ व नेतनयाहू ने आतंकवाद से निबटने में सहयोग की समीक्षा की

By Sudhir JhaEdited By:
Published: Fri, 07 Nov 2014 10:34 AM (IST)Updated: Fri, 07 Nov 2014 11:07 AM (IST)

केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने गुरुवार को इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू से मुलाकात की। इस दौरान दोनों नेताओं ने आतंकवाद से निबटने में सहयोग की समीक्षा की

News Article Hero Image

तेल अविव। केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने गुरुवार को इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू से मुलाकात की। इस दौरान दोनों नेताओं ने आतंकवाद से निबटने में सहयोग की समीक्षा की। दोनों नेताओं ने आतंकवाद के खतरे से निबटने को लेकर भविष्य की योजनाओं पर भी चर्चा की।

इससे पहले राजनाथ सिंह का स्वागत करते हुए नेतन्याहू ने कहा कि हम चाहते हैं कि हमारे बीच संबंध अधिक मजबूत हो। गृहमंत्री के तौर पर इजरायल के पहले आधिकारिक दौरे पर पहुंचे सिंह ने इससे पहले ट्वीट किया, 'भारत और इजरायल गर्मजोशी भरे और सौहार्दपूर्ण संबंध साझा करते हैं। हम इसे और मजबूत बनाने की उम्मीद करते हैं। राजनाथ सिंह को बुधवार सुबह ही इजरायल पहुंचना था, लेकिन मोनाको में खराब मौसम की वजह से वहां से उनकी उड़ान रद्द कर दी गई थी।

गृह मंत्री इंटरपोल की आमसभा में शामिल होने के लिए मोनाको गए थे। इजरायली सरकार ने राजनाथ का भव्य स्वागत किया। इसके साथ ही नेतन्याहू, रक्षा मंत्री मोशे यालोन और जन सुरक्षा मंत्री यित्झिक अहारानोविच ने उनसे मुलाकात करने के लिए अपने व्यस्त कार्यक्रम में फेरबदल किया। सिंह ने अपनी यात्रा पुराने यरूशलम शहर में पवित्र स्थलों का दौरा करने के साथ शुरू की।

पवित्र स्थलों का दौरा करने के बाद गृह मंत्री राजनाथ सिंह राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार योस्सी कोहेन के साथ हेलीकाप्टर से जॉर्डन घाटी और इजरायल के उत्तरी और दक्षिण क्षेत्र का दौरा करने के लिए रवाना हो गए।कोहेन ने हाल ही राजधानी दिल्ली में सिंह के साथ मुलाकात की थी और समान चुनौतियों व उनके हल को लेकर चर्चा की थी।

एक वरिष्ठ इजरायली अधिकारी ने कहा कि भारत हमारा एक बहुत महत्वपूर्ण सहयोगी है और हम गृह मंत्री की यात्रा को बहुत महत्वपूर्ण मानते हैं। हम उपयोगी विचार विमर्श की आशा करते हैं जो दोनों देशों के बीच सहयोग को मजबूती प्रदान करेगी।

पढ़ेंः राजनाथ से मिलने के लिए नेतनयाहू ने बदला अपना कार्यक्रम

पढ़ेंः इंटरपोल महासभा में हिंदी में बोले राजनाथ