यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jun 01, 2017 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
दया याचिकाओं पर फैसले के बाद ही होगी जाधव को फांसी
पाकिस्तान ने कहा कि कुलभूषण को तब तक जिंदा रखा जाएगा जब तक उसके पास दया याचिका का अधिकार है।

इस्लामाबाद, प्रेट्र/आइएएनएस । पाकिस्तान में भारतीय नागरिक कुलभूषण जाधव को अब तभी फांसी होगी जब उसकी सभी दया याचिकाओं पर फैसला आ जाएगा। यह निर्णय गुरुवार को प्रधानमंत्री नवाज शरीफ की अध्यक्षता में हुई उच्चस्तरीय बैठक में लिया गया। बैठक में सेना और प्रशासन के शीर्ष अधिकारियों ने हिस्सा लिया। बैठक के बाद विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता नफीस जकारिया ने कहा कि जाधव मामले में भारतीय मीडिया ने 18 मई के अंतरराष्ट्रीय न्यायालय के आदेश को गलत तरीके से प्रस्तुत किया।
बयान जारी करके कहा गया कि जाधव अभी तक जिंदा है। उसे दया के लिए अर्जी देने का अधिकार है। सैन्य अदालत के फैसले से माफी के लिए पहले वह सैन्य प्रमुख और इसके बाद राष्ट्रपति को अर्जी दे सकता है। भारतीय नौसेना के पूर्व अधिकारी जाधव को मार्च 2016 में ईरान से तालिबान ने अगवा करके उन्हें पाकिस्तानी एजेंसियों को सौंप दिया था। जहां पर सैन्य अदालत में हुई सुनवाई में जाधव पर जासूसी और पाकिस्तान विरोधी गतिविधियों में शामिल होने का दोषी ठहराकर मौत की सजा सुनाई गई। इस दौरान उन्हें कानूनी सहायता मुहैया नहीं कराई गई।
भारतीय उच्चायोग के 16 बार के अनुरोध को ठुकरा कर भारतीय अधिकारियों की जाधव से मुलाकात नहीं कराई गई। भारत की इन्हीं दलीलों के आधार पर अंतरराष्ट्रीय न्यायालय ने जाधव की सजा स्थगित कर दी है। मामले की अगली सुनवाई आठ जून को होनी है।