'भारत प्रशासित कश्मीर' शब्द के इस्तेमाल पर बिफरा भारत
संरा मानवाधिकार आयोग में भारत ने कहा, पूरा जम्मू-कश्मीर हमारा है..
जेनेवा, प्रेट्र। संयुक्त राष्ट्र मानव अधिकार आयोग के उच्चायुक्त जीड रा'ड अल हुसैन द्वारा 'भारत प्रशासित कश्मीर' शब्द का इस्तेमाल करने पर भारत ने कड़ी आपत्ति की है। बुधवार को जेनेवा में आयोग के 34वें सत्र को संबोधित करते हुए अल हुसैन ने 'भारत प्रशासित कश्मीर' शब्द का इस्तेमाल किया था। इस पर गुरुवार को भारत के स्थायी प्रतिनिधि अजीत कुमार ने एतराज जताया।
उन्होंने कहा कि पूरा-का-पूरा कश्मीर भारत का अभिन्न अंग है। हकीकत ये है कि इसके कुछ हिस्से पर पाकिस्तान ने अवैध ढंग से कब्जा कर रखा है। इसलिए दोनों को एक ही तराजू पर नहीं तौला जा सकता है। इस तरह खुद को तटस्थ दिखाने के लिए 'भारत प्रशासित कश्मीर' शब्द ही बनावटी है।
कुमार ने कहा कि जम्मू-कश्मीर की मुख्य समस्या सीमापार आतंकवाद है। और इसलिए हमें इस बात पर हैरानी है कि उच्चायुक्त ने पाकिस्तान के संदर्भ में कुछ नहीं कहा, जो आतंकवाद का इस्तेमाल सरकारी नीति के तौर पर कर रहा है।
अल हुसैन ने अपने संबोधन में कहा था कि पिछले साल आयोग को दुनिया के कई हिस्सों तक पहुंचने में कठिनाई हुई थी। इस संदर्भ में उन्होंने इथियोपिया, सीरिया, दक्षिण-पूर्वी तुर्की और वेनेजुएला के साथ भारत प्रशासित कश्मीर और पाकिस्तान प्रशासित कश्मीर शब्द का इस्तेमाल किया था।
यह भी पढ़ेंः मिशनरी संस्थाओं पर अमेरिका करेगा भारत सरकार से वार्ता
यह भी पढ़ेंः भारतीयों को फायदे वाला नियम बदल सकती है ट्रंप सरकार