रूसी ठिकाने नहीं खुले तो होगी अमेरिका के खिलाफ कार्रवाई
अमेरिकी चुनाव में रूसी हस्तक्षेप की खबरों के बीच ओबामा प्रशासन ने 2016 में अमेरिका में तैनात 35 रूसी राजनयिकों को निष्कासित कर दिया था।
मॉस्को, एपी। रूस के विदेश मंत्रालय ने चेतावनी दी है कि अमेरिका में स्थित उसके दो परिसरों को नहीं खोला गया तो वह भी अपने देश से अमेरिकी राजनयिकों को निष्कासित करेगा। साथ ही अमेरिकी परिसरों को भी बंद करेगा। अमेरिका में दो रूसी ठिकानों को 2016 में बंद किया गया था।
अमेरिकी चुनाव में रूसी हस्तक्षेप की खबरों के बीच ओबामा प्रशासन ने 2016 में अमेरिका में तैनात 35 रूसी राजनयिकों को निष्कासित कर दिया था। दो रूसी परिसर भी बंद करा दिये गए थे। तत्कालीन राष्ट्रपति बराक ओबामा ने कहा था कि ये दोनों परिसर अमेरिका की जासूसी के लिए इस्तेमाल किये जा रहे थे। नए अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन हाल ही में जर्मनी के हैम्बर्ग शहर में मिले थे। लेकिन दोनों में अमेरिका में बंद पड़े रूसी परिसरों को दोबारा खोलने पर सहमति नहीं बनी। इसी के बाद रूस ने जवाबी कार्रवाई की चेतावनी दी है।
रूसी विदेश मंत्रालय की प्रवक्ता मारिया जाखारोवा ने कहा है कि विवाद न सुलझा तो लंबे इंतजार के बाद रूस अब जवाबी कदम उठाएगा। इस बीच रूसी उप विदेश मंत्री सर्गेई राबकोव और अमेरिकी विदेश मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारी टॉम शेनन सोमवार को कई मुद्दों पर फिर से वार्ता करेंगे। कई मुद्दों पर सहमति बनाने के लिए होने वाली बैठकों का सिलसिला यूक्रेन मसले पर अमेरिका के प्रतिबंध लगाने पर टूट गया था। रूस को उम्मीद है कि शेनन दोनों देशों के बीच हालात सुधारने के बारे में बना गतिरोध कुछ हद तक दूर करेंगे।
पुतिन को व्हाइट हाउस बुलाना चाहता हूं : ट्रंप
अमेरिका के राष्ट्रपति ट्रंप ने कहा है कि वह अपने रूसी समकक्ष व्लादिमीर पुतिन को व्हाइट हाउस में बुलाना चाहते हैं लेकिन यह सही समय नहीं है। उल्लेखनीय है कि इस समय अमेरिका में राष्ट्रपति चुनाव में रूसी हस्तक्षेप की चर्चा गर्म है।
यह भी पढ़ें: डोनाल्ड ट्रंप के खिलाफ महाभियोग प्रस्ताव पेश, क्या निक्सन की तरह देंगे इस्तीफा