'अल्लाह हो अकबर' का नारा लगा ब्रिटिश महिला की हत्या
पुलिस के अनुसार हमलावर 29 साल का फ्रांसीसी युवक है। टूरिस्ट वीजा पर ऑस्ट्रेलिया आए इस युवक को गिरफ्तार कर लिया गया है।
सिडनी, रायटर : जर्मनी और ब्रिटेन के बाद ऑस्ट्रेलिया में चाकूबाजी की घटना सामने आई है। क्वींसलैंड के होटल में 'अल्लाह हो अकबर' के नारे लगा रहे युवक ने ब्रिटिश महिला की चाकू मारकर हत्या कर दी। चाकूबाजी में दो लोग घायल भी हुए हैं। दूसरी घायल ब्रिटिश महिला की हालत गंभीर है। घटना उत्तरी क्वींसलैंड के एक होटल की है।
पुलिस के अनुसार हमलावर 29 साल का फ्रांसीसी युवक है। टूरिस्ट वीजा पर ऑस्ट्रेलिया आए इस युवक को गिरफ्तार कर लिया गया है। फिलहाल उसका आइएस या अन्य किसी आतंकी समूह संबंध होने का सुबूत नहीं मिला है। हालांकि, पुलिस ने हमले का आतंकी संबंध होने से इन्कार भी नहीं किया है। आइएस ने आतंकियों से नागरिकों पर चाकू या दूसरे हथियारों से हमले करने को कहा है। क्वींसलैंड पुलिस के उपायुक्त स्टीव गोल्सचेवस्की ने कहा, 'शुरुआती जांच से पता चला है कि उसने अकेले हमले को अंजाम दिया। उसका किसी स्थानीय जुड़ाव का पता नहीं चला है। घटना की जांच जारी है।'
जर्मनी में हो चुका है ऐसे ही हमला
जर्मनी की ट्रेन में पिछले माह एक अफगानी किशोर ने इसी तरह के नारे लगाते हुए कुल्हाड़ी और चाकू से यात्रियों पर हमला किया था। इसमें कई लोग घायल हुए थे। इसी तरह अगस्त के शुरू में ब्रिटेन में सोमाली मूल के एक व्यक्ति ने चाकू से हमला किया था। इसमें एक अमेरिकी महिला की मौत हो गई थी और पांच लोग घायल हुए थे।
पढ़ें- स्कूलों के जरिए भारत में घुसा आतंकी संगठन 'फेटो', तुर्की ने किया आगाह