यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jun 04, 2017 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
अमेरिका में हिजाब पहन स्कूल आईं छात्राओं को वापस भेजा
हाजा बाह और फातमाता मानसारा नाम की ये दोनों छात्राएं रिश्ते में बहनें हैं। वे वर्जीनिया के फ्रीडम हाई स्कूल में पढ़ती हैं।

वाशिंगटन, प्रेट्र । अमेरिका में हिजाब पहने दो मुस्लिम लड़कियों को स्कूल से वापस घर भेज दिया गया। उनके पास नियमानुसार वह परमीशन स्लिप नहीं थी जिसमें उनके धार्मिक कारण से हिजाब पहनने और सिर ढंकने की बात लिखी थी।
हाजा बाह और फातमाता मानसारा नाम की ये दोनों छात्राएं रिश्ते में बहनें हैं। वे वर्जीनिया के फ्रीडम हाई स्कूल में पढ़ती हैं। उनका आरोप है कि स्कूल प्रशासन हिजाब पहनने के चलते अक्सर उनसे भेदभाव वाला व्यवहार करता है। इससे उनका मानसिक उत्पीड़न होता है। बाह और फातमाता ने बताया कि गुरुवार को स्कूल प्रशासन ने उनसे कहा कि उन्हें संरक्षकों की तरफ से एक स्लिप चाहिए जिसमें लिखा हो कि धार्मिक कारण से हिजाब पहनना जरूरी है।
जब उन्होंने इस स्लिप के औचित्य के बारे में पूछा तो उन्हें प्रिंसिपल के कमरे में ले जाया गया और इसके बाद उन्हें स्कूल से घर लौटा दिया गया। बाह ने बताया कि सामान्यत: वह हिजाब पहनकर स्कूल नहीं जाती थी लेकिन रमजान के महीने में वह रोजे रख रही है इसलिए हिजाब पहनकर गई थी। उसने कहा कि उसे इसके लिए माता-पिता का लिखी स्लिप लेकर जाने की क्यों जरूरत थी? यह पहनावा तो उसके धर्म का हिस्सा है।
मामला जब चर्चा में आया तो स्कूल के प्रवक्ता फिल कैविट्स ने कहा कि समीक्षा में पाया गया कि इस मामले में भेदभाव हुआ है। स्कूल प्रशासन ने इस घटना के लिए दोनों छात्राओं से खेद जताया है। ऑनलाइन भी खेद जताया गया है। स्कूल की तरफ से कहा गया है कि वह अपने प्रत्येक छात्र-छात्रा की धार्मिक स्वतंत्रता का सम्मान करता है।
यह भी पढ़ेंः पाकिस्तान में आतंकियों से मुकाबला करेंगी महिलाएं