बर्किना फासो में रेस्तरां पर आतंकी हमले में 18 की मौत
संचार मंत्री रेमी डांडजिनोउ ने हताहतों में विभिन्न देशों के नागरिकों के होने की बात कही है।
वागाडुगू, एपी। अफ्रीकी देश बर्किना फासो की राजधानी के एक तुर्की रेस्तरां पर आतंकी हमले में 18 लोगों की मौत हो गई। बाइक से आए चार हमलावरों ने रविवार रात रेस्तरां अजीज इस्तांबुल में खाना खा रहे लोगों पर अंधाधुंध गोलियां बरसाईं। मरने वालों में कुछ विदेशी नागरिक भी बताए जा रहे हैं। मौके पर पहुंचे सुरक्षाबलों ने दो हमलावरों को मार गिराया। हमले की जिम्मेदारी अभी तक किसी आतंकी गुट ने नहीं ली है।
संचार मंत्री रेमी डांडजिनोउ ने हताहतों में विभिन्न देशों के नागरिकों के होने की बात कही है। एक फ्रांसीसी नागरिक के मारे जाने की पुष्टि की गई है। हमले की सूचना मिलते ही सुरक्षाबल का विशेष दस्ता बख्तरबंद गाड़ी के साथ घटनास्थल पर पहुंच गया था। रेस्तरां से सोमवार सुबह तक गोलीबारी की आवाजें आ रहीं थीं। मालूम हो कि बर्किना फासो में अलकायदा से जुड़ा अल-मॉरबितोम नामक आतंकी संगठन सक्रिय है।
पश्चिमी अफ्रीकी देश बर्किना फासो की उत्तरी सीमा आतंक से जूझ रहे माली से लगती है। जनवरी, 2016 में भी यहां एक कैफे पर हमला किया गया था। तब तीन हमलावरों ने ताबड़तोड़ गोलियां बरसा कर 30 लोगों की हत्या कर दी थी। इस हमले की जिम्मेदारी अलकायदा ने ली थी।
यह भी पढ़ें: पत्नी को लिखा आइंस्टीन का पत्र 14 लाख में नीलाम