ओडिशा में भाजपा के चार सांसदों के टिकट कटे, दो संसदीय क्षेत्र में बदले गए प्रत्याशी; नए चेहरों को मिला मौका
Lok Sabha Election 2024 ओडिशा में भाजपा ने लोकसभा के लिए अपने उम्मीदवारों के नाम की घोषणा कर दी है। भाजपा ने इस बार अपने चार सांसदों के टिकट काटे हैं और दो संसदीय क्षेत्र में प्रत्याशी बदल दिए हैं। भाजपा ने लोकसभा क्षेत्रों के लिए कई नए चेहरों को जगह दिया है। पार्टी ने सूची में फेरबदल किया है।
जासं, भुवनेश्वर। ओडिशा में सत्ता पक्ष बीजद तथा प्रतिपक्ष भाजपा के बीच गठबंधन की संभावना खत्म होने के बाद भाजपा ने लोकसभा के लिए अपने उम्मीदवारों के नाम की घोषणा कर दी है। हालांकि, इस बार चार सांसदों के टिकट काटे गए हैं।
भाजपा ने नए चेहरों को दिया मौका
कालाहांडी, संबलपुर, बरगढ़ और मयूरभंज के सीटिंग सांसदों के टिकट काट दिए गए हैं जबकि दो सीटों पर प्रत्याशी बदल गए हैं। बरहमपुर और कोरापुट लोकसभा क्षेत्रों के लिए भाजपा ने नया चेहरा दिया है।
2019 के आम चुनाव में देवगढ़ नरेश नीतीश गंगदेव संबलपुर से उम्मीदवार थे। वह जीते और संसद गए। हालांकि, इस बार उनकी जगह केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को टिकट दिया गया है।
पार्टी ने सूची में किया फेरबदल
भाजपा के वरिष्ठ नेता बसंत पंडा भी कालाहांडी से सांसद हैं। हालांकि इस बार उनकी जगह मालविका केशरी देव को पार्टी ने उम्मीदवार बनाया है। 2019 में विश्वेश्वर टुडु मयूरभंज से सांसद चुने गए। वह केंद्रीय मंत्री बने। उनकी जगह पार्टी ने इस बार नए चेहरे के तौर पर नवचरण मांझी को मैदान में उतारा है।
2019 के चुनाव में कोरापुट लोकसभा सीट से जयराम पांगी भाजपा उम्मीदवार थे। हालांकि अबकी बार नए चेहरे के तौर पर कालेराम मांझी को पार्टी ने उम्मीदवार बनाया है। बरहमपुर लोकसभा सीट पर भृगु बक्शी पात्र की जगह प्रदीप पाणिग्रही को पार्टी ने लोकसभा उम्मीदवार बनाया है।
यह भी पढ़ें: BJD ने 9 लोकसभा और 72 विधानसभा सीटों पर उतारे उम्मीदवार, ये नेता होंगे आमने-सामने; देखें लिस्ट
यह भी पढ़ें: आज चार घंटे के लिए बंद हो जाएगा पुरी का जगन्नाथ मंदिर, महाप्रभु करेंगे श्रृंगार, पढ़ें क्या है बनकलागी नीति?