गाड़ियों के शौकीन हैं बरेली से सपा-कांग्रेस गठबंधन के प्रत्याशी, 1.82 अरब की संपत्ति के मालिक हैं प्रवीण सिंह ऐरन
बरेली लोकसभा सीट से सपा-कांग्रेस गठबंधन प्रत्याशी प्रवीण सिंह ऐरन एक अरब 82 करोड़ रुपये संपत्ति के मालिक हैं। करीब 50 लाख रुपये वह प्रतिवर्ष आयकर जमा करते हैं। पांच वाहनों में दो गाड़ियां बोलेरो व फोर्ड एंडेवर उनके स्वामित्व में हैं। बरेली लोकसभा सीट से नामांकन के समय प्रवीण सिंह ऐरन की ओर से दिए गए शपथ पत्र से यह जानकारी सामने आई।
जागरण संवाददाता, बरेली। बरेली लोकसभा सीट से सपा-कांग्रेस गठबंधन प्रत्याशी प्रवीण सिंह ऐरन एक अरब 82 करोड़ रुपये संपत्ति के मालिक हैं। करीब 50 लाख रुपये वह प्रतिवर्ष आयकर जमा करते हैं। पांच वाहनों में दो गाड़ियां बोलेरो व फोर्ड एंडेवर उनके स्वामित्व में हैं।
बरेली लोकसभा सीट से नामांकन के समय प्रवीण सिंह ऐरन की ओर से दिए गए शपथ पत्र से यह जानकारी सामने आई। शपथ पत्र के अनुसार, 2018 से 23 तक उन्होंने एवं उनकी पत्नी सुप्रिया ऐरन ने आयकर के रूप में दो करोड़ 47 लाख 68 हजार 132 रुपये जमा किए।
खाते में 75 लाख रुपये से अधिक की नकदी
वर्ष 2009 से 2024 के बीच कृषि भूमि भरतापुर, एक भवन एवं एक फ्लैट तहसील सदर में खरीदा। ऐरन व उनकी पत्नी के पास पांच वाहन हैं। ऐरन के खाते में 75 लाख 42 हजार 240 रुपये हैं जबकि साढ़े तीन लाख रुपये नकद हैं। वहीं, पत्नी के खाते में 26 लाख 28 हजार 278 रुपये हैं, नगद धनराशि 70 हजार रुपये है।
एक करोड़ 59 लाख 60 हजार रुपये के पेन, घड़ी, गहने व जेवरात हैं। विभिन्न कंपनियों के शेयर, पूंजीगत लाभ, बांड में दो करोड़ 29 लाख 21 हजार 701 रुपये निवेश किए हैं। दोनों बेटियों का विवाह हो चुका है। दोनों प्रतिष्ठित कंपनियों में कार्यरत हैं।
वकालत से परामर्श शुल्क, वाणिज्यिक भवन से किराया व रियल एस्टेट आय का मुख्य जरिया बताया। कुल चल-अचल संपत्ति में सुप्रिया ऐरन के नाम जो संपत्ति हैं वह 11 करोड़ 87 लाख तीन हजार रुपये है।
इसे भी पढ़ें: 60 लाख के गहने, बेटी का लंदन में अकाउंट...; कितनी संपत्ति की मालकिन हैं डिंपल यादव?