इस शाही शादी में दूल्हा ही नही बाराती भी हुए मालामाल
इस शाही विवाह के लिए खास इंतजाम किया गया था लेकिन जिस चीज की चर्चा सबसे ज्यादा हुई, वह थी दूल्हे और बारातियों को मिलने वाली गिफ्ट।
पुणे के एक प्रसिद्ध बिजनेसमैन के यहां हुई शाही शादी में पहुंचने वाले सभी बाराती और मेहमान तब मालामाल हो गए जब उनका स्वागत सोने के सिक्के और अंगूठियों से किया गया। यह शादी उद्योगपति बाबूराव वायकर के बेटे अक्षय और पिंपरी के जाने-माने बिल्डर गुलाब वाल्हेकर की बेटी ऐश्वर्या वाल्हेकर की थी।
वैसे तो इस शाही विवाह के लिए खास इंतजाम किया गया था लेकिन जिस चीज की चर्चा सबसे ज्यादा हुई, वह थी दूल्हे और बारातियों को मिलने वाली गिफ्ट। गुलाब वाल्हेकर परिवार ने वर पक्ष का शाही स्वागत किया और शादी के बाद दूल्हे को एक फॉच्र्यूनर और एक ऑडी कार गिफ्ट की। यही नहीं दूल्हे के 12 सगे और चचेरे भाइयों को 12 रॉयल इनफील्ड बुलेट और बुआ को एक एक्टिवा स्कूटर दिया गया। बारात में शामिल विशिष्ट अतिथियों को सोने के सिक्के और अंगूठियां भी दी गईं। इस शादी में पुणे के समीर लॉन को महल की तरह सजाया गया था। शादी में 5000 लोगों के लिए 100 से ज्यादा प्रकार के व्यंजन बनाया गया था।
भारत में शादियों में खर्च करना सामाजिक प्रतिष्ठा के तौर पर देखा जाता है। जिसने ज्यादा खर्च किया उसकी ज्यादा चर्चा। इस शाही शादी की भी चर्चा वाट्सएप, फेसबुक तथा सोशल मीडिया दूसरे प्लेटफॉर्म पर खूब हो रही है।
शादी में दूल्हे और उसके परिवार को दिए गए गिफ्ट की तस्वीरें सोशल मीडिया पर जब वायरल हुई तो दुल्हन के पिता गुलाब वाल्हेकर ने दूल्हे और परिवार को मिले मंहगे उपहार से इंकार कर दिया है।