विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

आजकल: पश्चिम एशिया संकट से लेकर 5 राज्यों में चुनाव के एलान तक, 16 से 22 मार्च की टॉप खबरें

Published: Sun, 22 Mar 2026 07:41 PM (GMT+05:30)Updated: Sun, 22 Mar 2026 07:58 PM (GMT+05:30)

पश्चिम एशिया संकट ने वैश्विक ऊर्जा बाजार को प्रभावित किया, जबकि भारत में पांच राज्यों/केंद्रशासित प्रदेशों में विधानसभा चुनावों की ...और पढ़ें


HighLights

  1. पश्चिम एशिया संकट से वैश्विक तेल बाजार में उथल-पुथल।

  2. पांच राज्यों में विधानसभा चुनावों की घोषणा, आयोग का एक्शन।

  3. दिल्ली आग त्रासदी, तेलंगाना ड्रग्स मामला, हिमाचल बजट।

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। पश्चिम एशिया संकट का असर सिर्फ भारत ही नहीं, पूरी दुनिया पर पड़ा है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतें बढ़ गई हैं और भारत, यूरोप समेत दुनिया के लगभग सभी देशों में ऊर्जा का संकट पनपने लगा है। उधर बंगाल समेत देश के 5 राज्यों व केंद्रशासित प्रदेश में विधानसभा चुनाव की तारीख का एलान कर दिया गया है। पढ़ें इस हफ्ते की टॉप खबरें...

16 मार्च 2026

5 राज्यों व केंद्रशासित प्रदेश में चुनाव

चुनाव आयोग ने रविवार को बंगाल सहित पांच राज्यों और केंद्र शासित प्रदेश में होने वाले विधानसभा चुनावों का एलान कर दिया है। बंगाल में 23 व 29 अप्रैल को दो चरणों में, तमिलनाडु में 23 अप्रैल को एक चरण में जबकि असम, केरल और पुडुचेरी में नौ अप्रैल को एक चरण में चुनाव होंगे। सभी राज्यों के नतीजे चार मई को एक साथ ही आएंगे। बंगाल में 23 अप्रैल को 152 सीटों के लिए और 29 अप्रैल को 142 सीटों के लिए मतदान होंगे।

state election

प्रश्नपत्रों में विवादित सवालों पर सख्ती

उत्तर प्रदेश में भर्ती परीक्षाओं के प्रश्नपत्रों में आपत्तिजनक या विवादित सवालों को लेकर सरकार ने सख्त रुख अपनाया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सभी भर्ती बोर्डों के अध्यक्षों को निर्देश दिए हैं कि प्रश्नपत्र तैयार करते समय किसी भी व्यक्ति, जाति, पंथ या संप्रदाय की मर्यादा और आस्था से जुड़े विषयों पर अमर्यादित टिप्पणी किसी भी स्थिति में शामिल न की जाए।

cm yogi

नशीली दवाओं के सेवन के आरोप में सांसद गिरफ्तार

तेलंगाना के मोइनाबाद स्थित एक फॉर्महाउस पर शनिवार रात पुलिस की ईगल फोर्स और स्थानीय पुलिस ने संयुक्त छापेमारी की। इस कार्रवाई में आंध्र प्रदेश के एलुरु से तेलुगु देसम पार्टी (तेदेपा) सांसद पुट्टा महेश कुमार और भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) के पूर्व विधायक पायलट रोहित रेड्डी सहित 11 लोगों को नशीली दवाओं (ड्रग्स) के सेवन के आरोप में हिरासत में लिया गया है। फार्महाउस पर पार्टी के दौरान एक व्यक्ति ने रिवॉल्वर से हवा में तीन राउंड फायरिंग की।

17 मार्च 2026

बंगाल में तबादले

पांच राज्यों व केंद्रशासित प्रदेश के विधानसभा चुनाव की घोषणा होते ही निर्वाचन आयोग एक्शन में आ गया है। आयोग ने चुनाव की घोषणा के कुछ घंटों के बाद ही बंगाल के मुख्य सचिव, प्रमुख सचिव (गृह), पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) और कोलकाता पुलिस कमिश्नर जैसे शीर्ष अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से हटा दिया है। उनकी जगह पर नए अधिकारियों की तैनाती की है।

rajya sabha election

बिहार की सीटों पर एनडीए का कब्जा

राज्यसभा की रिक्त 37 सीटों में से 11 पर सोमवार को हुए चुनाव में बिहार में एनडीए ने सभी पांच सीटें जीत ली हैं। राज्य में 12 वर्ष बाद हुए मतदान में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, राष्ट्रीय लोक मोर्चा के अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा, केंद्रीय मंत्री रामनाथ ठाकुर एवं भाजपा के प्रदेश महामंत्री शिवेश कुमार विजयी घोषित किए गए।

trump hormuz

ईरान संकट पर अलग-थलग पड़े ट्रंप

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने होर्मुज स्ट्रेट की सुरक्षा के नाम पर चीन और सहयोगी देशों से मदद की अपील की है, पर वह इस मुद्दे पर अलग-थलग पड़ गए हैं। जर्मनी, स्पेन, ऑस्ट्रेलिया, जापान, ब्रिटेन जैसे देशों ने मदद करने से इनकार कर दिया। उन्होंने कहा है कि वे इस युद्ध में शामिल नहीं होंगे। इस पर ट्रंप की नाराजगी सामने आई है।

18 मार्च 2026

काबुल पर पाकिस्तान की बमबारी

अफगानिस्तान की राजधानी काबुल के नशा मुक्ति केंद्र पर पाकिस्तान के हवाई हमले में 408 लोग मारे गए और 265 घायल हुए हैं। पाकिस्तान के लड़ाकू विमानों ने इस केंद्र पर सोमवार रात बमबारी की। इस घटना के बाद दोनों देशों के बीच तनाव और बढ़ गया है।

kabul strike pakistan

एलपीजी लेकर भारत आया जहाज

रसोई गैस (एलपीजी) से लदा एक और जहाज मंगलवार सुबह भारतीय तट पर पहुंच गया, पर पश्चिम एशिया में जारी तनाव के बीच देश में एलपीजी की आपूर्ति को लेकर चिंता बरकरार है। सरकार के विभिन्न मंत्रालयों की ओर से आयोजित एक उच्चस्तरीय प्रेस वार्ता में साफ संकेत दिए गए कि मौजूदा हालात अभी स्थिर नहीं हैं और अगले कुछ दिनों में बाहर से एलपीजी टैंकर भारतीय रिफाइनरियों तक नहीं पहुंचे तो संकट बढ़ सकता है।

lpg cylinder crisis

इफ्तार कर गंगा में फेंकी हड्डियां

काशी में गंगा नदी में नौका विहार करते हुए रोजा इफ्तार पार्टी की गई। इस दौरान बिरयानी खाकर हड्डियां नदी में ही फेंक दी गईं। इस मामले में 14 युवकों को गिरफ्तार किया गया है। आरोपितों को मजिस्ट्रेट के सामने पेश करके न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। यह कार्रवाई इंटरनेट मीडिया पर घटना का वीडियो प्रसारित होने के बाद की गई।

19 मार्च 2026

पालम के मकान में आग

दक्षिण-पश्चिम दिल्ली के पालम गांव में बुधवार सुबह तीन मंजिला मकान में लगी आग ने तीन बच्चियों सहित नौ लोगों की जान ले ली। इस हादसे में दमकल विभाग की गंभीर लापरवाही भी सामने आई। आरोप है कि सूचना के बाद मात्र ढाई किलोमीटर की दूरी से 40 मिनट बाद दमकल की हाइड्रोलिक मशीन पहुंची, मगर बचाव कार्य शुरू करने से पहले ही उसकी लिफ्ट खराब हो गई। वाहन के लौट जाने और दूसरे के आने में करीब डेढ़ घंटे का समय बर्बाद हो गया। इससे आग और धुएं में नौ लोग अंदर फंसे रह गए और जब तक दमकलकर्मियों ने उन्हें निकालकर अस्पताल पहुंचाया, उनकी मौत हो चुकी थी। घायल तीन लोगों को सफदरजंग अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

palam fire

ईरान के पार्स गैस क्षेत्र पर हमला

बुधवार को ईरान के विशाल पार्स गैस क्षेत्र पर हमला हुआ। यह इस युद्ध के दौरान ईरान की खाड़ी में स्थित एनर्जी इन्फ्रास्ट्रक्चर पर हुआ पहला हमला है। इसके जवाब में ईरान ने चेतावनी दी है कि वह सऊदी अरब, संयुक्त अरब अमीरात और कतर में तेल और गैस के प्रतिष्ठानों पर हमले करेगा। इन हमलों के बाद वैश्विक तेल बाजार में हाहाकार मच गया है। तेल की कीमत छह प्रतिशत से अधिक बढ़कर 110 डॉलर प्रति बैरल हो गईं और शेयर बाजारों में गिरावट देखी गई।

plane window seat free

फ्लाइट की सीट पर शुल्क नहीं

हवाई यात्रियों को राहत देते हुए सरकार ने एयरलाइनों को निर्देश दिया है कि घरेलू उड़ानों में कम से कम 60 प्रतिशत सीटों पर अतिरिक्त शुल्क नहीं लिया जाए। इसके साथ ही एक ही पीएनआर पर यात्रा करने वाले यात्रियों, खासकर परिवार के सदस्यों को साथ बैठाने के लिए भी कहा गया है।

20 मार्च 2026

कच्चे तेल के दामों में लगी आग

ईरान द्वारा दुनिया के सबसे बड़े एलएनजी संयंत्र पर हमले के बाद गुरुवार को क्रूड बाजार में हाहाकार मच गया। कच्चे तेल की कीमत 118 डॉलर प्रति बैरल तक पहुंच गई। आपूर्ति को लेकर भी चिंता बढ़ गई। कतर ने कहा है कि इस हमले से हुए नुकसान की मरम्मत में पांच साल लग सकते हैं। कतर एनर्जी के सीईओ साद अल-काबी ने बताया कि हमले के बाद प्राकृतिक गैस निर्यात में लगभग 17 प्रतिशत की कमी आएगी।

crude oil crisis

उर्वरकों का पर्याप्त भंडार

पश्चिम एशिया संकट के बीच केंद्र सरकार ने दावा किया है कि रबी सीजन के लिए उर्वरकों का पर्याप्त भंडार है। समय रहते कदम उठाकर अगली फसल के लिए भी व्यापक तैयारी कर ली गई है। आगामी खरीफ सीजन में भी किसानों को किसी तरह की कमी का सामना नहीं करना पड़ेगा। हालांकि, पश्चिम एशिया संकट का असर सप्लाई चेन पर पड़ा है। खासतौर पर सऊदी अरब और ओमान से आपूर्ति प्रभावित हुई है। इसे देखते हुए आयात के स्रोतों में विविधता लाई जा रही है। रूस, बेलारूस, मोरक्को एवं अल्जीरिया आदि देशों से पोटाश और अमोनिया की आपूर्ति के लिए संपर्क किया गया है।

rabi season fertilizer

छठी पीढ़ी के लड़ाकू जेट कार्यक्रम में शामिल होगा भारत

भारत औपचारिक रूप से यूरोप के महत्वाकांक्षी "छठी पीढ़ी" के लड़ाकू जेट कार्यक्रम में शामिल होने पर विचार कर रहा है। यह इस बात का पहला आधिकारिक संकेत है कि भारतीय वायु सेना स्वदेशी 5वीं पीढ़ी के उन्नत मध्यम लड़ाकू विमान (एएमसीए) से आगे अगली पीढ़ी के लड़ाकू विमान के विकास में भागीदार हो सकती है। रक्षा मंत्रालय ने रक्षा संबंधी संसद की स्थायी समिति को सूचित किया है कि वायु सेना छठी पीढ़ी के लड़ाकू विमानों पर काम कर रहे दो यूरोपीय कंसोर्टियम में से किसी एक के साथ सहयोग की संभावना तलाश रही है।

21 मार्च 2026

ईरान ने एफ-35 लाइटनिंग 2 को मार गिराया

अमेरिका-इजरायल और ईरान के बीच जारी सैन्य संघर्ष के 21वें दिन शुक्रवार को ईरान ने अमेरिका के लड़ाकू विमान एफ-35 लाइटनिंग 2 को निशाना बनाने का दावा किया। अमेरिका का ये पांचवीं पीढ़ी का लड़ाकू विमान दुनियाभर में अजेय माना जाता है और पहली बार किसी हमले का शिकार बताया जा रहा है। रिवोल्यूशनरी गार्ड ने एफ-35 पर सफल हमले का दावा किया और इससे जुड़ा एक वीडियो भी जारी किया।

f-35 shot down

प्रीमियम पेट्रोल की कीमतें बढ़ीं

पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव और वैश्विक बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में उछाल के बीच सरकारी तेल कंपनियों ने शुक्रवार को प्रीमियम (उच्च ग्रेड) पेट्रोल व औद्योगिक उपयोग वाले बल्क डीजल की कीमतों में वृद्धि कर दी। सूत्रों के अनुसार, 95 ऑक्टेन प्रीमियम पेट्रोल की कीमत में दो रुपये प्रति लीटर की वृद्धि की गई है। दिल्ली में इसकी कीमत 99.89 रुपये से बढ़कर 101.89 रुपये प्रति लीटर हो गई है। औद्योगिक उपभोक्ताओं को बेचे जाने वाले बल्क डीजल की कीमत 87.67 रुपये से 109.59 रुपये प्रति लीटर हो गई है, यानी करीब 22 रुपये की वृद्धि। हालांकि, सामान्य पेट्रोल व डीजल की खुदरा कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया गया है।

cji suryakanth

चुनाव आयुक्त की नियुक्ति पर सुनवाई से सीजेआई अलग

भारत के प्रधान न्यायाधीश (सीजेआई) सूर्यकांत ने मुख्य चुनाव आयुक्त (सीईसी) और चुनाव आयुक्तों की नियुक्ति के लिए जिम्मेदार समिति से सीजेआई को हटाने के 2023 के कानून की संवैधानिक वैधता को चुनौती देने वाली याचिकाओं की सुनवाई से खुद को अलग कर लिया है। सीजेआई सूर्यकांत का कहना है कि इस मामले में हितों का टकराव होगा।

22 मार्च 2026

इजरायल के परमाणु केंद्र पर हमला

ईरान ने रविवार को चार हजार किलोमीटर दूर अमेरिकी सैन्य अड्डे डिएगो गार्सिया और इजरायल के डिमोना पर हमले करके पूरी दुनिया को चौंका दिया। डिमोना में इजरायल का सबसे बड़ा परमाणु केंद्र है। डिमोना में हुए हमले में 20 लोग घायल बताए जा रहे हैं। ईरान ने इजरायल के एफ-16 लड़ाकू विमान को भी निशाना बनाने का दावा किया, जिसे इजरायल ने खारिज किया।

commercial cylinder crisis

कमर्शियल एलपीजी का आवंटन 20 प्रतिशत बढ़ा

सरकार ने राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को कमर्शियल एलपीजी का आवंटन 20 प्रतिशत बढ़ा दिया है। इससे कुल आवंटन 50 प्रतिशत हो गया है। आवंटन बढ़ाए जाने का सीधा लाभ रेस्तरां, ढाबों और कैंटीन जैसे वाणिज्यिक प्रतिष्ठानों को मिलेगा। घरेलू उत्पादन में वृद्धि के कारण स्थिति सामान्य होने की ओर बढ़ रही है। पश्चिम एशिया में युद्ध के कारण भारत की ऊर्जा आपूर्ति बाधित हुई। इसके चलते शुरुआत में होटल और रेस्तरां जैसे वाणिज्यिक प्रतिष्ठानों को एलपीजी की आपूर्ति में कटौती की गई, ताकि घरेलू रसोई में आपूर्ति को प्राथमिकता दी जा सके। बाद में, 20 प्रतिशत आपूर्ति बहाल कर दी गई।

himachal pradesh salary cut

हिमाचल में वेतन में कटौती

हिमाचल की तंगहाल वित्तीय स्थिति का असर प्रदेश के बजट में भी दिखा है। मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने अपने चौथे बजट में प्रदेश की चुनौतियों का जिक्र करते हुए कई सख्त फैसले लिए हैं। सरकार ने मुख्यमंत्री, मंत्रियों, विधायकों, वरिष्ठ अधिकारियों सहित विभिन्न विभागों के कर्मियों के वेतन में कटौती का निर्णय लिया है। मुख्यमंत्री ने शनिवार को वित्त वर्ष 2026-27 के बजट में यह घोषणा की। यह व्यवस्था छह माह के लिए लागू रहेगी। जैसे ही आर्थिक स्थिति ठीक होगी। हालांकि ग्रुप सी और ग्रुप डी कर्मियों को इस निर्णय से बाहर रखा गया है।

यह भी पढ़ें- नेपाल से लूटे हथियार बंगाल तक पहुंचे, चुनाव में बढ़ी सुरक्षा एजेंसियों की चिंता