Move to Jagran APP

पहाड़ों पर बिछ‍ी बर्फ की चादर, जमने लगे जल स्रोत, अगले तीन दिन तक पड़ेगी कड़ाके की ठंड, 23 को भारी बर्फबारी का अलर्ट

पहाड़ों पर हो रही बर्फबारी का असर उत्तरी हवाओं के साथ सीधे दिल्ली और आसपास के राज्यों तक पहुंच रहा है। अगने तीन दिनों तक कड़ाके की ठंड पड़ेगी। कहीं-कहीं शीतलहर भी चल सकती है। जानें तीन दिन तक कैसा रहेगा मौसम...

By Krishna Bihari SinghEdited By: Published: Sun, 19 Dec 2021 09:30 PM (IST)Updated: Mon, 20 Dec 2021 07:12 AM (IST)
पहाड़ों में लगातार हो रहे हिमपात ने मैदानी इलाकों में भी ठंड बढ़ा दी है।

नई दिल्ली, जेएनएन। उत्तर भारत के पहाड़ों में लगातार हो रहे हिमपात ने मैदानी इलाकों में भी ठंड बढ़ा दी है। मौसम विभाग के मुताबिक पहाड़ों पर हो रही बर्फबारी का असर उत्तरी हवाओं के साथ सीधे दिल्ली और आसपास के राज्यों तक पहुंच रहा है। राजस्थान में भी कड़ाके की सर्दी जारी है। राज्य के शेखावाटी में रविवार को न्यूनतम तापमान माइनस 5.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, श्रीनगर में तामपान माइनस 6.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, दिल्ली में भी पारा 4.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा पंजाब और हरियाणा में भी ठंड का दौर जारी है।

loksabha election banner

तीन दिनों तक कड़ाके की ठंड

मौसम विभाग के अनुसार, अगने तीन दिनों तक कड़ाके की ठंड पड़ेगी। सोमवार को भी ऐसी ही हालत बनी रहेगी। कहीं-कहीं शीतलहर भी चल सकती है। ऐसे में ठंड का दौर अभी कुछ दिन और जारी रहेगा।

दिल्ली में शीतलहर जैसे हालात

दिल्ली में शनिवार को जहां इस सीजन का सबसे ठंडा दिन रहा था। वहीं, रविवार को सीजन की सबसे ठंडी सुबह दर्ज की गई। तेज हवाओं के बीच रविवार सुबह दिल्ली का न्यूनतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री कम 4.6 डिग्री सेल्सियस रहा। दिन में धूप खिली रहने से दिन के तापमान में थोड़ा सुधार हुआ। रविवार को अधिकतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री कम 19.2 डिग्री सेल्सियस रहा।

राजस्थान में कडाके की ठंड का दौर जारी

राजस्थान के शेखावाटी में तापमान माइनस 5.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह अब तक का सबसे न्यूनतम तापमान रिकार्ड है। शनिवार की रात अब तक की सबसे ठंडी रात रही। इससे पहले साल, 2014 में 30 दिसंबर को यहां तापमान माइनस 4.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। वहीं, चुरु में भी तापमान माइनस 2.6 डिग्री दर्ज किया गया।

पहाड़ों में लगातार हो रहा हिमपात

उत्तर भारत में हिमाचल से लेकर उत्तराखंड के पहाड़ों में लगातार बर्फबारी हो रही है। उत्तराखंड में हाड़ कंपाने वाली ठंड का दौर जारी है। प्रदेश के अधिक ऊंचाई वाले हिस्सों में कई जगह प्राकृतिक जलस्त्रोत जम गए हैं। केदारनाथ व मुक्तेश्वर में न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे चले जाने से नलों व तालाब का पानी जम गया।

यहां रहा सबसे कम तापमान

स्थान, न्यूनतम, अधिकतम

लेह, -16.0, -1.2

कारगिल, -14.5, 1.1

केलंग, -10.0, 1.0

पहलगाम, -8.7, 8.8

गुलमर्ग, -7.5, 4.4

श्रीनगर, -6.0, 9.7

शेखावाटी, -5.2, -

कल्पा, -4.6, 6.4

मनाली, -2.2, 8.5

चुरु, -2.6, -

(डिग्री सेल्सियस में)

जमने लगी डल झील

कश्मीर में डल झील समेत अन्य जलस्रोत भी जमने लगे हैं। रविवार को ज्यादातर मैदानी इलाकों में दिन के समय धूप खिलने से कड़ाके की ठंड से कुछ राहत मिली, लेकिन सुबह और शाम को ठंड से आमजन बेहाल रहे। वहीं, हिमाचल के कई इलाकों में जहां न्यूनतम तापमान जमाव बिंदू से नीचे चल रहा है। वहीं, मैदानी इलाकों में बारिश की भी संभावना है।

शीतलहर की चपेट में जम्मू कश्मीर

जम्मू-कश्मीर भीषण ठंड और शीतलहर की चपेट में है। कश्मीर के सभी इलाकों में पारा जमाव बिंदु के नीचे है। शनिवार-रविवार की रात को जम्मू का पारा 2.8 डिग्री सेल्सियस पर रहा। इससे पिछली रात को यह 2.3 पर था। श्रीनगर का न्यूनतम पारा माइनस छह डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। श्रीनगर में इस सीजन की यह सबसे ठंडी दूसरी रात थी। पिछली रात को भी यही तापमान था। बता दें कि कश्मीर ही नहीं, पूरा जम्मू संभाग भी कड़ाके की ठंड की चपेट में है।

23 को भारी बर्फबारी के आसार

कश्मीर में सबसे ठंडे 40 दिन का चिल्ले कलां मंगलवार से शुरू हो रहा है। श्रीनगर स्थित मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, 23 दिसंबर कश्मीर में भारी बर्फबारी हो सकती है। सोमवार को कश्मीर में बादल छाए रहेंगे। जम्मू में भी ऐसे ही आसार हैं। अधिकतम तापमान में भी गिरावट आएगी। शीतलहर भी और तेज होगी। 


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.