Move to Jagran APP

IMD Updates: नए साल के पहले दिन से फिर बढ़ेगी ठंड, चुरू में न्यूनतम स्तर पर पहुंचा तापमान, कश्मीर में जमा पानी

Weather Updates नव वर्ष के पहले दिन से दिल्ली समेत उत्तर भारत में ठंड फिर बढ़ेगी। वहीं दो और तीन जनवरी को शीत लहर चलने का अनुमान है। फिलहाल पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव के कारण सर्दी का असर थोड़ा कम हो गया है।

By Jagran NewsEdited By: Devshanker ChovdharyWed, 28 Dec 2022 11:13 PM (IST)
IMD Updates: नए साल के पहले दिन से फिर बढ़ेगी ठंड, चुरू में न्यूनतम स्तर पर पहुंचा तापमान, कश्मीर में जमा पानी
नए साल के पहले दिन से फिर बढ़ेगी ठंड, चुरू में न्यूनतम स्तर पर पहुंचा तापमान।

जागरण टीम, नई दिल्ली। नव वर्ष के पहले दिन से दिल्ली समेत उत्तर भारत में ठंड फिर बढ़ेगी। वहीं, दो और तीन जनवरी को शीत लहर चलने का अनुमान है। फिलहाल पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव के कारण सर्दी का असर थोड़ा कम हो गया है। कोहरे की चादर जो पिछले एक सप्ताह से पूरे हरियाणा को ढके हुई थी, वह हट गई है। इसके कारण अब आगामी दो दिन सर्दी से थोड़ी राहत मिलेगी और दिन और रात के तापमान में हल्की बढ़ोतरी नजर आएगी। मगर राजस्थान से सटे हरियाणा के जिलों में ठंड देखने को मिलेगी।

दक्षिण हरियाणा में न्यूनतम तापमान

खासकर दक्षिण हरियाणा में अभी न्यूनतम तापमान सामान्य से कम रहने का अनुमान है। हरियाणा से सटे राजस्थान के चुरू में न्यूनतम तापमान जमाव बिंदु पर है। चुरू में तामपान 0.6 डिग्री तो नारनौल में पारा 4 डिग्री दर्ज किया गया। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, 31 दिसंबर को फिर से ठंड लौटेगी। पंजाब और हरियाणा में 31 के बाद शीत लहर का दूसरा दौर शुरू होगा।

कश्मीर में जमने लगा पानी

वहीं, कश्मीर में पारा गिरने और जमाव बिंदु से कई डिग्री नीचे रहने के कारण पूरे जम्मू कश्मीर में शीतलहर की स्थिति और बढ़ गई है। कड़ाके की ठंड के कारण कई इलाकों में नलों में पानी जम गया है। कोहरे ने सड़कों पर वाहनों की रफ्तार धीमी कर रखी है। कश्मीर में डल झील और कई अन्य जलाशयों का अंदरूनी हिस्सा भी जम गया है। श्रीनगर में न्यूनतम तापमान शून्य से 5.6 डिग्री सेल्सियस नीचे चला गया है, जो मंगलवार रात शून्य से 4.8 डिग्री सेल्सियस कम था। जम्मू का न्यूनतम तापमान कुछ चढ़कर 2.7 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया है।

ठंड के साथ बर्फबारी की संभावना

इस बीच, गुरुवार और शुक्रवार को कुछ स्थानों पर रुक-रुक कर हल्की से मध्यम बर्फबारी की संभावना है। हालांकि, पांच जनवरी तक किसी बड़ी बर्फबारी की संभावना नहीं है। उत्तराखंड भी शीतलहर की चपेट में है। मैदान से लेकर पहाड़ तक कड़ाके की ठंड परीक्षा ले रही है। मैदानों में कोहरा और पर्वतीय क्षेत्रों में पाला मुश्किलें बढ़ा रहा है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले पांच दिन सर्दी का सितम बढ़ सकता है। मैदानी क्षेत्रों में घने कोहरे के साथ शीत की स्थिति बन सकती है। जबकि, पर्वतीय क्षेत्रों में कहीं-कहीं हल्की से मध्यम वर्षा व बर्फबारी के आसार हैं।

ये भी पढ़ें: आईआईटी मद्रास का अध्ययनः पीएम 2.5 में क्लोराइड की अधिक मात्रा से कम होती है विजिबिलिटी

ये भी पढ़ें: Vishvas News Analysis: यूक्रेन युद्ध, ‘भारत जोड़ो’, चुनाव और पठान विवाद को लेकर खूब फैलाया गया झूठ, जानें क्या रहे 2022 में मिस-इन्फॉर्मेशन के ट्रेंड्स