विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Apr 13, 2024 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Weather Update: मौसम ने बदली करवट, गरज के साथ बरसे मेघा; कैसा है आपके राज्य का हाल? IMD का अलर्ट जारी

Published: Sat, 13 Apr 2024 06:00 PM (IST)Updated: Sat, 13 Apr 2024 06:12 PM (IST)

देश के कई हिस्सों में जारी भीषण गर्मी के बीच मौसम विभाग ने ताजा अपडेट जारी किया है। IMD के ...और पढ़ें

दिल्ली में गरज के साथ बरसे मेघा (फाइल फोटो)
दिल्ली में गरज के साथ बरसे मेघा (फाइल फोटो)

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। देश के कई हिस्सों में जारी भीषण गर्मी के बीच मौसम विभाग ने ताजा अपडेट जारी किया है। IMD ने ताजा अपडेट में देश के कई हिस्सों में बारिश की चेतावनी जारी की है। इस बीच, राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में गरज के साथ हल्की बारिश भी हुई। 

IMD ने बताया है कि मध्य भारत में शनिवार को हल्की से मध्यम बारिश और ओलावृष्टि की संभावना है। वहीं, विभाग ने 13 से 15 अप्रैल के बीच उत्तर पश्चिम भारत में ओलावृष्टि, बिजली के साथ तेज आंधी की संभावना जताई है।

इन राज्यों में कुछ ही देर में बारिश होने की संभावना

मौसम विभाग के मुताबिक, अगले कुछ ही घंटों में देश के कई राज्यों में बिजली के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। IMD ने अपडेट में बताया कि अगले 3 घंटों के भीतर उत्तरी राजस्थान, दक्षिणी हरियाणा, पश्चिमी दिल्ली, उत्तरी मध्य प्रदेश में बिजली के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इस दौरान 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की भी संभावना है।

दिल्ली-एनसीआर में बूंदाबांदी

दिल्ली-एनसीआर में अचानक मौसम बदल गया है। नोएडा, गुरुग्राम, गाजियाबाद और दिल्ली सहित आसपास के शहरों में तेज हवा के साथ बूंदाबांदी हुई। वहीं, मौसम विभाग ने अगले कुछ घंटों में गरज चमक के साथ तेज बारिश की संभावना जताई है। आसमान में काले बादल छाए हुए हैं, जिससे तापमान में गिरावट आई है। बारिश के कारण लोगों को तेज धूप के साथ बढ़ती गर्मी से राहत मिली है।

घाटी का बदलेगा मिजाज

IMD ने कहा है कि जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में 13 से 15 अप्रैल के बीच अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश होने की संभावना है। पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से 20 अप्रैल तक कश्मीर घाटी में मौसम मिजाज बदला रहेगा। वहीं, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, राजस्थान और मध्य प्रदेश के कई हिस्सों में आज ओले पड़ सकते हैं।

UP में ओलावृष्टि की चेतावनी

मौसम विभाग के मुताबिक, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के कई जिलों में मौसम करवट ले सकता है। इस दौरान कई हिस्सों में ओले पड़ सकते हैं। IMD ने बताया कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड में 14 अप्रैल को अलग-अलग जगहों पर ओलावृष्टि हो सकती है।

इन राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग ने बताया कि 14 और 15 अप्रैल को हिमाचल प्रदेश के कई हिस्सों में भारी बारिश हो सकती है। वहीं, अरुणाचल प्रदेश में 16 और 17 अप्रैल को अलग-अलग स्थानों में भारी वर्षा होने की संभावना है। IMD के मुताबिक, ओडिशा और तटीय आंध्र प्रदेश में कई जगहों पर लू चल सकती है। वहीं, हिमाचल प्रदेश, पंजाब और हरियाणा में 13 और 14 अप्रैल को छिटपुट ओले पड़ सकते हैं।

यह भी पढ़ेंः दिल्ली-NCR में तेज हवा के साथ बदला मौसम, IMD ने जताई गरज चमक के साथ बारिश की संभावना

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।