विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jan 13, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Weather News: शनिवार से और कंपकंपाएगी ठंड, कई जगह शून्य से नीचे पहुंच सकता है तापमान; जानें अपने शहर का हाल

By Jagran NewsEdited By: Achyut Kumar
Published: Fri, 13 Jan 2023 08:02 AM (IST)

Weather News Today उत्तर भारत में सर्दी का सितम जारी है। शनिवार से ठंड और कंपकंपाएगी। कई जगह शून्य से ...और पढ़ें

Aaj Ka Mausam: आज का मौसम कैसा रहेगा
Aaj Ka Mausam: आज का मौसम कैसा रहेगा

नई दिल्ली, संजीव गुप्ता। दिल्ली समेत पूरे उत्तर भारत में ठंड से परेशान लोगों को राहत मिलती नहीं दिख रही है। शनिवार से ठंड व शीतलहर और ज्यादा परेशान कर सकती है। 16 से 18 जनवरी तक दिल्ली में न्यूनतम तापमान एक से दो डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। राजस्थान के कुछ जिलों में तो न्यूनतम तापमान माइनस में जाने की संभावना जताई जा रही है।

पश्चिमी विक्षोभ का आज खत्म हो जाएगा असर

मौसम विज्ञानियों के मुताबिक, शुक्रवार को उस पश्चिमी विक्षोभ का असर खत्म हो जाएगा, जिसके कारण अभी तापमान बढ़ रहा है। शनिवार से तापमान में फिर से गिरावट शुरू होगी। इस बार ठंड और शीतलहर का दौर 19 जनवरी तक चलने का अनुमान है। मौसम विभाग पहले ही इस वर्ष जनवरी की ठंड को 23 साल में तीसरी सबसे अधिक बता चुका है।

यह भी पढ़ें: Delhi Weather Update: दिल्लीवासियों को नहीं मिलेगा सर्दी के सितम से छुटकारा, शून्य से नीचे पहुंचेगा तापमान

तीन दिन करना पड़ सकता है भीषण ठंड का सामना

लाइव वेदर आफ इंडिया के संस्थापक नवदीप दहिया ने अनुमान जताया है कि 16 से 18 जनवरी के दौरान तीन दिन में भीषण ठंड का सामना करना पड़ सकता है। उन्होंने ट्वीट किया कि उन्होंने इतना कम तापमान का अनुमान पहले कभी नहीं देखा है। इस बार मैदानी इलाकों में न्यूनतम तापमान शून्य से चार डिग्री नीचे तक पहुंच सकता है। दहिया के पूर्वानुमान से मौसम विभाग व स्काईमेट वेदर ने असहमति जताई है।

चूरू और सीकर में शून्य डिग्री तापमान

स्काईमेट वेदर के उपाध्यक्ष (मौसम विज्ञान एवं जलवायु परिवर्तन) महेश पलावत ने बताया कि पहाड़ों पर हुई बर्फबारी की ठंडक उत्तर-पश्चिमी हवा के साथ उत्तर भारत को कंपकंपाएगी जरूर, लेकिन माइनस में तापमान राजस्थान के चूरू एवं सीकर में ही जाने का अनुमान है। फतेहपुर (सीकर) और चूरू में पांच जनवरी को भी न्यूनतम तापमान क्रमश: शून्य से 1.8 और 1.5 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया था।

दिल्ली में चल सकती है भीषण शीतलहर

पलावत ने कहा कि 16-17 जनवरी को दिल्ली में भीषण शीतलहर चल सकती है और न्यूनतम तापमान दो से चार डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है।  उन्होंने कहा कि नई शीतलहर की तीव्रता ज्यादा होगी, लेकिन इसकी अवधि पिछली शीतलहर के मुकाबले कम होगी, क्योंकि एक और पश्चिमी विक्षोभ 19 जनवरी से सक्रिय हो जाएगा। इस बार दो पश्चिमी विक्षोभों के बीच का अंतर कम है।

मौसम विभाग ने शनिवार से उत्तर-पश्चिम भारत के विभिन्न हिस्सों में न्यूनतम तापमान तीन से पांच डिग्री सेल्सियस तक गिरने का अनुमान लगाया है। 15, 16 और 17 जनवरी को उत्तरी राजस्थान के कुछ हिस्सों में गंभीर शीतलहर, जबकि हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा के अलग-अलग इलाकों में शीतलहर की स्थिति रहने की संभावना है।

कोहरे के कारण रद हुई तेजस, 14 घंटे देर से पहुंची कैफियत

कोहरे के कारण उत्तर रेलवे की ट्रेनें रद होने लगी हैं। भुवनेश्वर राजधानी के बाद 13 जनवरी को नई दिल्ली से लखनऊ के बीच चलने वाली तेजस एक्सप्रेस और कुरुक्षेत्र से खजुराहो के बीच चलने वाली गीता जयंती एक्सप्रेस को भी रद करने की घोषणा कर दी गई है। गुरुवार को दिल्ली आने वाली 54 ट्रेनें एक घंटे से 14 घंटे की देरी से अपने गंतव्य पर पहुंचीं। रेलवे अधिकारियों का कहना है कि कोहरे में दृश्यता कम रहने के कारण ट्रेनों की गति धीमी करनी पड़ती है, जिससे वह देरी से गंतव्य पर पहुंच रही हैं। गुरुवार को कैफियत एक्सप्रेस सबसे ज्यादा 14 घंटे की देरी से पुरानी दिल्ली रेलवे स्टेशन पहुंची।

लखनऊ से आने वाली तेजस एक्सप्रेस लगभग छह घंटे की देरी से नई दिल्ली पहुंची। वापसी में पौने चार घंटे की देरी से रवाना हुई। भारतीय खानपान एवं पर्यटन निगम (आइआरसीटीसी) द्वारा संचालित इस ट्रेन के विलंब होने से यात्रियों को हर्जाना दिया जाता है। एक घंटे की देर होने पर प्रति यात्री एक सौ रुपये और दो या इससे ज्यादा देर होने पर प्रति यात्री ढाई सौ रुपये हर्जाना दिया जाता है।

कई फ्लाइट्स लेट

राष्ट्रीय राजधानी में कोहरे के कारण कुछ उड़ानें (दिल्ली-सैन फ्रांसिस्को/काठमांडू, दिल्ली-चंडीगढ़-कुल्लू, दिल्ली-जयपुर, दिल्ली-धर्मशाला-चंडीगढ़, दिल्ली-शिमला-धर्मशाला, दिल्ली-देहरादून) लेट हैं। यात्रियों को इससे काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

यह भी पढ़ें: Uttarakhand Weather: चारधाम में बर्फबारी व मैदानी इलाकों में बारिश से बदला मौसम, 19 जनवरी तक शीतलहर की चेतावनी