विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'हर हमले का जवाब देंगे', होर्मुज में जहाजों पर हमला कर रहा ईरान तो ट्रंप ने दी चेतावनी

Published: Wed, 22 Jul 2026 11:30 PM (IST)

अमेरिका और ईरान के बीच 11वें दिन भी संघर्ष जारी रहा, जिसमें अमेरिका ने ईरानी ठिकानों पर हवाई हमले किए और ईरान ने जॉर्डन सहित खाड़ी देशों में अमेरिकी ठिकानों को निशाना बनाया।

अमेरिका ने ईरान को दी वॉर्निंग (फोटो-रॉयटर्स)

अमेरिका ने ईरान को दी वॉर्निंग (फोटो-रॉयटर्स)

HighLights

  1. अमेरिका-ईरान के बीच 11वें दिन भी जारी रहा संघर्ष।

  2. ट्रंप ने होर्मुज स्ट्रेट हमले पर ईरान को चेताया।

  3. युद्ध में 53 मौतें, 37.5 अरब डॉलर का खर्च।

जागरण न्यूज नेटवर्क, नई दिल्ली। पश्चिम एशिया में अमेरिका और ईरान के बीच लगातार 11वें दिन लड़ाई छिड़ी रही। अमेरिका ने बुधवार को जहां ईरान के कई ठिकानों पर हवाई हमले किए तो वहीं ईरान ने भी पलटवार किया। उसने जार्डन समेत कुछ खाड़ी देशों में अमेरिकी ठिकानों को निशाना बनाकर हमले किए।

इस बीच, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप ने होर्मुज स्ट्रेट में जहाजों पर हमले को लेकर तेहरान को साफ चेतावनी दी और कहा कि हर हमले के जवाब में उसका एक पुल या बिजली संयंत्र को निशाना बनाया जाएगा।

रॉयटर्स के अनुसार, अमेरिकी राष्ट्रपति की यह चेतावनी ऐसे समय आई है, जब होर्मुज स्ट्रेट पर नियंत्रण को लेकर दोनों पक्षों की ओर से हमले तेज हो गए हैं। इससे युद्ध समाप्त करने का अंतरिम समझौता पूरी तरह टूट चुका है।

ट्रंप ने बुधवार को अपनी इस चेतावनी में ईरानी हमलों के जवाब में नागरिक बुनियादी ढांचे को निशाना बनाने की अपनी पहले की धमकियों को दोहराया।

ट्रंप ने ट्रुथ सोशल पर एक पोस्ट में कहा, 'ईरान जब भी होर्मुज स्ट्रेट में किसी जहाज को मिसाइल, रॉकेट, ड्रोन या किसी अन्य हथियार से निशाना बनाएगा तो अमेरिका उसके एक पुल या बिजली संयंत्र पर बमबारी करके उसे तबाह कर देगा।'

इससे पहले मंगलवार को ओवल आफिस में ट्रंप ने संकेत दिया कि अमेरिका ईरान के एक भूमिगत परमाणु स्थल को निशाना बना सकता है। जबकि ईरान के साथ वार्ता की संभावना के बारे में उन्होंने कहा कि अमेरिका की बैठक करने में दिलचस्पी नहीं है।

एपी के मुताबिक, अमेरिकी सेना ने बुधवार को बताया कि ईरान पर लगातार 11वीं रात हमले किए गए, जिनमें में एयरक्राफ्ट हैंगर और ड्रोन भंडार स्थलों जैसे ठिकानों को निशाना बनाया गया।

ईरान की सरकारी न्यूज एजेंसी आइआरएनए के अनुसार, देश के कई प्रांतों में धमाकों की खबर है। होर्मुज में ईरान के लराक द्वीप पर भी हमले की सूचना है। जबकि ईरानी स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि पिछले 11 दिनों में अमेरिकी हमलों में छह महिलाओं व तीन बच्चों समेत 53 लोग मारे गए और करीब 600 घायल हुए हैं।

इस बीच, ईरान के शीर्ष बल रिवोल्यूशनरी गार्ड ने कहा कि जवाबी हमले जारी रहेंगे। इधर, जार्डन के बंदरगाह शहर अकाबा में मिसाइल हमले को लेकर सायरन बजने की आवाज सुनी गई।

पड़ोसी इजरायल के अधिकारियों ने कहा कि ईरान ने मिसाइल हमले में इस देश को निशाना बनाया। अमेरिकी सैन्य ठिकाने होने के कारण जार्डन को ईरान लगातार निशाना बना रहा है।

ईरान युद्ध पर 37.5 अरब डॉलर खर्च

आइएएनएस के अनुसार, अमेरिकी रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ ने सांसदों को बताया है कि ईरान के साथ युद्ध में अनुमानित 37.5 अरब डॉलर खर्च हो चुके हैं। उन्होंने यह जानकारी ऐसे समय दी है, जब होर्मुज पर नियंत्रण को लेकर दोनों पक्षों में फिर लड़ाई चल रही है।

ऐसे में ट्रंप प्रशासन ने सेना के लिए करीब 88 अरब डॉलर की आपात फंडिंग की मांग की है। हेगसेथ ने इस मांग को लेकर सीनेट की एक समिति की सुनवाई के दौरान यह जानकारी दी। बता दें कि 28 फरवरी को अमेरिका और इजरायल ने ईरान के खिलाफ युद्ध की शुरुआत की थी।

ईरान की कम नहीं हुई है ताकत

एएनआइ ने अमेरिकी अखबार वाल स्ट्रीट जर्नल की एक रिपोर्ट के हवाले से बताया कि अमेरिका और इजरायल की ओर से ईरान के सैन्य ठिकानों पर कई हफ्तों तक किए गए हमलों के बावजूद उसकी ताकत कम नहीं हुई है। ईरान के पास अब भी बैलिस्टिक मिसाइल और ड्रोन हमले की भरपूर क्षमता मौजूद है।

हालिया हमलों से यह जाहिर होता है कि तेहरान ने अपने हथियार कार्यक्रम के कुछ हिस्से को फिर से तैयार कर लिया है और अमेरिका व उसके क्षेत्रीय सहयोगियों के लिए खतरा पैदा करने में सक्षम है।

यह भी पढ़ें- ईरान पर अमेरिका का प्रचंड प्रहार: 11 दिनों से जारी हैं लगातार हमले, कई बड़े शहरों में गूंजे धमाके

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।