विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

वंदे भारत या अमृत भारत कौन सी ट्रेन आपके लिए बेहतर? किराया, क्लास और सुविधाएं

Published: Wed, 07 Oct 2026 07:56 PM (IST)

भारतीय रेलवे की नई पीढ़ी की ट्रेनें वंदे भारत और अमृत भारत एक्सप्रेस यात्रियों को आधुनिक सुविधाएं प्रदान करती हैं।

वंदे भारत एसी, प्रीमियम जबकि अमृत भारत नॉन-एसी, बजट-फ्रेंडली

वंदे भारत एसी, प्रीमियम जबकि अमृत भारत नॉन-एसी, बजट-फ्रेंडली

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। भारतीय रेलवे ने यात्रियों को अधिक सुविधा देने के उद्देश्य से वंदे भारत एक्सप्रेस और अमृत भारत एक्सप्रेस जैसी लग्जरी ट्रेनों की पेशकश की। ये दोनों ही ट्रेने नई जेनेरेशन की ट्रेनें हैं। जहां एक ने स्पीड और लग्जरी का नया मुकाम तय किया, तो दूसरी ने अब आम यात्रियों के लिए रफ्तार और सुविधा का नया अध्याय लिख रही है।

वंदे भारत की सफलता के बाद अब अमृत भारत भी देश के प्रमुख रूट्स पर दौड़ने लगी है। दोनों ट्रेनें नई जेनरेशन की हैं, दोनों यात्रा का समय कम करती हैं और आधुनिक सुविधाएं देती है, लेकिन तकनीक, किराया, क्लास और यात्रियों के मामले में ये एक-दूसरे से पूरी तरह अलग हैं। आइए जानते हैं इन दोनों सुपरफास्ट ट्रेनों के बीच के 5 बड़े अंतर क्या हैं?

वंदे भारत एक्सप्रेस और अमृत भारत एक्सप्रेस में अंतर

1. AC और नॉन AC

वंदे भारत पूरी तरह से एयर-कंडीशन्ड ट्रेन है। इसमें केवल एसी चेयर कार, एग्जीक्यूटिव क्लास और कुछ नए वेरिएंट में एसी स्लीपर कोच मिलते हैं।

वहीं अमृत भारत पूरी तरह नॉन-एसी ट्रेन है। इसे मिडिल क्लास और आम यात्रियों के लिए बनाया गया है। इसमें सिर्फ स्लीपर क्लास और अनारक्षित जनरल कोच ही होते हैं।

2. इंजन और तकनीक का अंतर

वंदे भारत भारत की पहली सेल्फ-प्रोपेल्ड (बिना अलग इंजन वाली) ट्रेनसेट है। मेट्रो की तरह इसके डिब्बों के नीचे ही मोटर लगे होते हैं, जिससे यह बहुत जल्दी तेज स्पीड पकड़ लेती है।

वहीं, अमृत भारत में आगे और पीछे दोनों तरफ शक्तिशाली डब्ल्यूएपी-5 लोकोमोटिव लगे होते हैं। यह पुश-पुल तकनीक पर चलती है। आगे वाला इंजन खींचता है और पीछे वाला धक्का देता है। इससे ट्रेन बिना झटके के तेजी से स्पीड बढ़ाती है।

3. स्पीड और किराए में अंतर

वंदे भारत 160 से 180 किमी प्रति घंटे की रफ्तार तक पहुंचन सकती है। यह प्रीमियम श्रेणी की ट्रेन है और इसका किराया राजधानी या शताब्दी एक्सप्रेस के बराबर या उससे थोड़ा अधिक होता है। यह मुख्य रूप से 200 से 600 किमी के इंटरसिटी और कुछ लंबी दूरी के रूटों पर चलती है।

वहीं, अमृत भारत की अधिकतम स्पीड 130 किमी प्रति घंटा है। इसका किराया साधारण एक्सप्रेस ट्रेनों जितना ही रखा गया है, जिससे आम आदमी कम खर्च में आराम से लंबी दूरी तय कर सके। यह 800 से 1500 किमी या उससे ज्यादा की लंबी दूरी वाले रूटों को जोड़ती है।

4. यात्री वर्ग टारगेट

वंदे भारत का फोकस बिजनेस ट्रैवलर्स, कॉर्पोरेट पेशेवरों और कम समय में सफर पूरा करने वाले यात्रियों पर है। वहीं, अमृत भारत को मुख्य रूप से प्रवासियों, मजदूरों और बजट में यात्रा करने वाले आम यात्रियों की लंबी दूरी की जरूरतों को ध्यान में रखकर डिजाइन किया गया है।

5. खान-पान और सुविधाएं

वंदे भारत में ऑन-बोर्ड कैटरिंग और पेंट्री कार की सुविधा उपलब्ध है। इसमें ऑटोमैटिक दरवाजे भी लगे होते हैं। अमृत भारत में कैटरिंग सुविधा नहीं होती। हालांकि बोतल होल्डर, चार्जिंग पॉइंट और पैक्ड स्नैक टेबल जैसी बुनियादी सुविधाएं दी गई हैं। इसके दरवाजे मैन्युअल होते हैं।

वंदे भारत हाई-स्पीड प्रीमियम ट्रेन है, जबकि अमृत भारत आम नागरिकों के लिए बजट-फ्रेंडली, सुरक्षित और आधुनिक सुविधाओं वाली नई ट्रेन के रूप में उभरी है।

यह भी पढ़ें- ट्रेन टिकट पर लिखा है GNWL/RLWL या PQWL, क्या है इसका मतलब और कौन सी पहले होती है कंफर्म?

यह भी पढ़ें- ट्रेन हादसों पर लगेगा ब्रेक: खड़गपुर इलेक्ट्रिक लोको शेड ने 10 इंजनों को 'कवच' सिस्टम से किया लैस