भारत में टीकाकरण की गति ब्रिटेन से 12 और अमेरिका से पांच गुना ज्यादा, जानें क्या कहते हैं आंकड़े
कोरोना के खिलाफ टीकाकरण अभियान में भारत दुनिया का सिरमौर बनकर सामने आया है। इस महीने भारत में प्रतिदिन टीके की औसतन 74.31 लाख डोज लगाई जा रही हैं जो ब्रिटेन से 12.5 गुना और अमेरिका से 4.8 गुना ज्यादा है।
नई दिल्ली, जागरण ब्यूरो। कोरोना के खिलाफ टीकाकरण अभियान में भारत दुनिया का सिरमौर बनकर सामने आया है। इस महीने भारत में प्रतिदिन टीके की औसतन 74.31 लाख डोज लगाई जा रही हैं जो ब्रिटेन से 12.5 गुना और अमेरिका से 4.8 गुना ज्यादा है। यही नहीं कुल टीकाकरण मामले में भी भारत में अमेरिका की तुलना में 2.8 गुना तो ब्रिटेन की तुलना में 11 गुना ज्यादा डोज लगाई गई हैं।
कोरोना टीकाकरण (Vaccination in India) में भारत की बड़ी उपलब्धि का जिक्र करते हुए स्वास्थ्य मंत्रालय के संयुक्त सचिव लव अग्रवाल ने कहा कि अमेरिका में प्रतिदिन 15.5 लाख डोज और ब्रिटेन में 5.9 लाख डोज लगाई जा रही हैं। भारत में यह आंकड़ा औसतन 74.31 लाख डोज का है। कुल टीकाकरण के मामले में भी देखें को अमेरिका में अभी तक कुल 48.6 करोड़ डोज और ब्रिटेन में 12.3 करोड़ डोज दी गई हैं, जबकि भारत 136 करोड़ से अधिक डोज लगा दी गई हैं।
अग्रवाल ने कहा कि भारत में 136 करोड़ डोज में से 82.28 करोड़ पहली डोज है यानी कुल वयस्कों में से 87.6 प्रतिशत को टीके की एक डोज मिल चुकी है। इसी तरह इनमें से 53.72 करोड़ दूसरी डोज है। वयस्क आबादी के हिसाब से यह 57.2 फीसद है यानी इतने प्रतिशत लोगों का पूर्ण टीकाकरण हो चुका है। वहीं 16 करोड़ डोज से अधिक राज्यों के पास स्टाक में है।
मालूम हो कि देश में अब तक वैक्सीन की 136.53 करोड़ डोज लगाई गईं कोविन पोर्टल के शाम पौने छह बजे के आंकड़ों के मुताबिक, देश में अब तक कोरोना रोधी वैक्सीन की 136.53 करोड़ डोज लगाई गई हैं। इनमें 82.55 करोड़ पहली और 53.98 करोड़ दूसरी डोज शामिल हैं। मरीजों के उबरने की दर सुधर रही है, मृत्युदर स्थिर बनी हुई है और दैनिक व साप्ताहिक संक्रमण दर एक प्रतिशत के नीचे बरकरार है।