यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jul 23, 2015 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
स्टिंग से घिरे उत्तराखंड के सीएम हरीश रावत, निजी सचिव सस्पेंड
विपक्ष के व्यापम और ललितगेट के जवाब में भाजपा ने कांग्रेस मुख्यमंत्रियों व नेताओं को घेरना शुरू कर दिया है। ...और पढ़ें

जागरण ब्यूरो, नई दिल्ली। विपक्ष के व्यापम और ललितगेट के जवाब में भाजपा ने कांग्रेस मुख्यमंत्रियों व नेताओं को घेरना शुरू कर दिया है। पहली किश्त में पार्टी ने उत्तराखंड के मुख्यमंत्री हरीश रावत पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए सबूत के तौर पर उनके निजी सचिव का एक खुफिया वीडियो जारी किया है। हालांकि वीडियो के सामने आने के बाद सीएम रावत ने इसकी जांच कराने के आदेश दिये हैं और तत्काल निजी सचिव को निलंबित कर दिया है। इसी तरह केंद्र में मंत्री रहे पीके थुंगन के मामले पर भी सफाई मांगी है, जिनको भ्रष्टाचार के मामले में अदालत ने दोषी माना है।
संभव है कि हर एक- दो दिनों के अंतराल पर अन्य कांग्रेस शासित राज्यों में भ्रष्टाचार का खुलासा किया जाएगा। इस बीच, रावत के पूर्ववर्ती विजय बहुगुणा ने भाजपा के आरोपों को ताकत दी है। ट्विट करके उन्होंने आरोपों की जद में आए अधिकारी को तत्काल हटाने की मांग की है।
केंद्रीय वाणिज्य मंत्री निर्मला सीतारमण ने बुधवार को प्रेस कांफ्रेंस कर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री हरीश रावत पर भ्रष्टाचार में लिप्त होने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि शराब व बाढ़ राहत घोटाले में रावत ने करोड़ों रुपये का भ्रष्टाचार किया है। इस आरोप के पक्ष में उन्होंने एक वीडियो भी जारी किया। इसमें रावत के निजी सचिव किसी से पूछ रहे हैैं कि वे उस समय कितना भुगतान करेंगे। साथ ही, वे यह भी पूछ रहे हैैं कि भुगतान दिल्ली में होगा या देहरादून में। 25 फीसदी रकम पहले और 75 फीसदी बाद में देने की बात भी होती है।
हरीश रावत पर हुए स्टिंग से मचा सियासी घमासान
सीतारमण ने कहा कि गढ़वाल मंडल विकास निगम के जरिये सिर्फ शराब की ढुलाई का काम होता है। इसे खुदरा विक्रेताओं तक पहुंचाने के लिए अलग से एजेंसी का सहारा लिया जाता है। इस एजेंसी को रावत और उनके निजी सचिव चुनते हैं। इस काम में वे करोड़ों रुपये का घोटाला करते हैं। साथ ही, उन्होंने दो साल पहले राज्य में आई बाढ़ का हवाला देते हुए कहा कि उसकी राहत के नाम पर भी यहां बड़ा घोटाला किया गया। इसलिए मुख्यमंत्री को इस्तीफा देना चाहिए।
इसी तरह केंद्रीय गृह राज्य मंत्री किरण रिजिजू व भाजपा प्रवक्ता संबित पात्रा ने भ्रष्टाचार के एक और मामले पर कांग्रेस को घेरा। इन्होंने कहा कि कांग्रेस भाजपा नेताओं के भ्रष्टाचार का मामला उठा रही है, जबकि उसके केंद्रीय मंत्री रहे पीके थुंगन को अदालत ने भ्रष्टाचार का दोषी माना है। 27 साल पुराने इस मामले में अदालत जल्दी ही सजा भी सुनाने वाली है।
बताते हैैं कि आने वाले दिनों में केरल, असम, कर्नाटक, हिमाचल प्रदेश, पश्चिम बंगाल में भ्रष्टाचार से लेकर कुशासन तक के कई मुद्दे सामने लाए जाएंगे। चर्चा के लिए सदन में पहले ही नोटिस दिया जा चुका है। प्रेस कांफ्रेंस में कांग्रेस शासित राज्यों में भ्रष्टाचार पर पुस्तिका भी जारी की गई। बताते हैैं कि इसी क्रम में यह आंकड़ा भी एकत्रित किया जा रहा है कि कांग्रेस काल में किसानों की कितनी जमीन अधिग्रहीत की गई और कितनी कीमत दी गई। इन सभी मुद्दों के सहारे केंद्र से लेकर राज्यों तक कांग्रेस पर हमला होगा।
सीडी की होगी जांच, तथ्य सही तो कार्रवाई
देहरादून : मुख्यमंत्री हरीश रावत के सचिव के स्टिंग ऑपरेशन प्रकरण पर भाजपा के हमलावर रुख और इस्तीफे की मांग उठने पर मुख्यमंत्री हरीश रावत ने भाजपा पर जवाबी हमला बोला। उन्होंने कहा कि भाजपा स्टिंग ऑपरेशन की प्रामाणिकता को खुद ही साबित कर दे तो वह कड़ी कार्रवाई को तैयार हैं। सरकार अपने स्तर पर स्टिंग की सीडी की जांच कराएगी। जांच में सही तथ्य सामने आने के बाद कदम उठाया जाएगा। भाजपा गंभीर आरोपों से घिरे अपने नेताओं से देश और दुनिया का ध्यान हटाने के लिए बेबुनियाद आरोप लगा रही है।
कांग्रेस राज में केंद्र से लेकर राज्य तक लूट होती रही है और उसका पैसा 10 जनपथ तक पहुंचता रहा है। कांग्र्रेस अध्यक्ष को सच्चाई बतानी चाहिए।
- श्रीकांत शर्मा, भाजपा के राष्ट्रीय सचिव
राज्य के घोटालों के तरकश
विपक्ष से निपटने को कांग्रेस शासित राज्यों के मुद्दों को केंद्र सरकार लोकसभा और राज्यसभा में उठाएगी। कुछ घोटाले कांग्रेस की पूर्ववर्ती सरकारों के भी हैं। जिनका बाद में खुलासा हुआ। ::-
1. केरल का सोलर घोटाला :
-लोकसभा में भाजपा नेता किरीट सोमाया, प्रताप सिम्हा, शोभा करंदजे उठाएंगे।
-राज्यसभा में वीपी सिंह, दिलीप भाई पांड्या उठाएंगे।
2. केरल का बार रिश्वत घोटाला :
-लोकसभा में भाजपा नेता किरीट सोमाया, प्रताप सिम्हा, शोभा करंदजे उठाएंगे।
-राज्यसभा में वीपी सिंह, दिलीप भाई पांड्या उठाएंगे।
3. गोवा जल परियोजना घोटाला :
-लोकसभा में भाजपा नेता किरीट सोमाया, पूनम महाजन, नरेंद्र सावरकर और बिजोय चक्रवती इस घोटाले को उठाएंगी।
-राज्यसभा में अनिल दवे और भूपेंद्र यादव इस मुद्दे को उठाएंगे।
4. असम का जल परियोजना घोटाला :
-लोकसभा में भाजपा नेता किरीट सोमाया, पूनम महाजन, नरेंद्र सावरकर और बिजोय चक्रवती इस घोटाले को उठाएंगी।
-राज्यसभा में अनिल दवे और भूपेंद्र यादव इस मुद्दे को उठाएंगे।
5. उत्तराखंड का बाढ़ घोटाला :
-लोकसभा में यह मसला रमेश पोखरियाल निशंक और अजय टामटा उठाएंगे।
-राज्यसभा में तरुण विजय और विजय गोयल।
6. कर्नाटक में किसानों की आत्महत्या :
-लोकसभा में यह मसला भाजपा नेता प्रह्लïलाद जोशी, सुरेश अंगड़ी और गजेंद्र शेखावत उठाएंगे।
-राज्यसभा में बसावराज पाटिल और डॉ.सत्यनारायण जाटिया मुद्दा उठाएंगे।
7. पश्चिम बंगाल का टुकटुकी (मानव तस्करी का मामला) :
-लोकसभा में भाजपा नेता एसएस अहलूवालिया और रमन डेका मामला उठाएंगे।
-राज्यसभा में मामला चंदन मित्रा और डॉ. प्रभाकर कोटे उठाएंगे।
8. हिमाचल का स्टील घोटाला :
-लोकसभा में मामला रामस्वरूप शर्मा, राकेश सिंह और नित्यानंद राय उठाएंगे।
-राज्यसभा में अविनाश राय खन्ना और मनसुख भाई मांडवा उठाएंगे।
संबंधित अन्य खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें