बेंगलुरु: 5 स्टार होटल के स्विमिंग पूल में दौड़ा करंट, दो विदेशी नागरिकों की मौत
बेंगलुरु के कॉनराड फाइव-स्टार होटल के स्विमिंग पूल में करंट लगने से जर्मनी और स्लोवाकिया के दो विदेशी नागरिकों की मौत हो गई।

तस्वीर का इस्तेमाल प्रस्तुतिकरण के लिए किया गया है। (एआई द्वारा निर्मित फोटो।)
HighLights
बेंगलुरु के कॉनराड होटल में स्विमिंग पूल में करंट।
जर्मनी और स्लोवाकिया के दो नागरिकों की दुखद मौत।
बचाने के प्रयास में दो अन्य लोग भी घायल हुए।
डिजिटल डेस्क, बेंगलुरु। बेंगलुरु के एक फाइव-स्टार होटल में शुक्रवार शाम को एक चौंकाने वाली घटना घटी, जिसमें होटल के स्विमिंग पूल में कथित तौर पर करंट लगने से दो विदेशी नागरिकों की मौत हो गई। यह घटना शहर के कॉनराड फाइव-स्टार होटल में हुई।
मृतकों की पहचान जर्मनी और स्लोवाकिया के नागरिकों के रूप में हुई है, जो होटल में ठहरे हुए थे। इन दो लोगों के अलावा उन्हें बचाने की कोशिश में दो अन्य लोग भी घायल हो गए। होटल में ठहरे एक अमेरिकी नागरिक और पूल पर तैनात एक भारतीय कर्मचारी दोनों को बचाने की कोशिश के दौरान घायल हो गए।
मृतकों की हुई पहचान
जर्मन नागरिक की पहचान 57 वर्षीय अलेक्जेंडर मैक्सिमिलियन थीस के रूप में हुई है, जो लुफ्थांसा एयरलाइंस में क्रू मेंबर थे। इसके अलावा जान गंवाने वाले स्लोवाकियाई नागरिक 45 वर्षीय जुराज होर्वाट थे, जो टेक कंपनी आईबीएम में प्रोजेक्ट मैनेजर के तौर पर काम करते थे।
बचाने की कोशिश में दो घायल
बताया जा रहा है कि यह घटना शुक्रवार शाम को होटल की तीसरी मंजिल पर बने स्विमिंग पूल में हुई, जब वे दोनों वहां तैरने गए थे। होटल में ठहरे 41 वर्षीय अमेरिकी नागरिक मैथ्यू डेसैंटिस और पूल अटेंडेंट राहुल तिवारी (28) दोनों पीड़ितों को बचाने की कोशिश में घायल हो गए। दोनों घायलों को मणिपाल अस्पताल ले जाया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है। बताया जा रहा है कि वे अब खतरे से बाहर हैं।
फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और जांच की जा रही है। इस घटना पर होटल प्रबंधन की ओर से अब तक कोई टिप्पणी नहीं आई है। शनिवार सुबह होटल की वेबसाइट पर जानकारी दी गई कि उनका स्विमिंग पूल 31 अक्टूबर से 30 नवंबर तक रखरखाव के लिए बंद रहेगा।
कॉनराड हिल्टन ग्रुप का एक 24 मंजिला लग्जरी फाइव-स्टार होटल है। इस घटना ने होटल की लापरवाही पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। यहां एक स्टैंडर्ड कमरे में रुकने का खर्च कम से कम 25,000 रुपये प्रति रात है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।