तमिलनाडु में TVK विधायक अरुल विग्नेश गिरफ्तार, महिला IAS अधिकारी ने लगाया यौन उत्पीड़न का आरोप
कल्लाकुरिची पुलिस ने शुक्रवार शाम टीवीके विधायक सी. अरुल विग्नेश को एक महिला आईएएस अधिकारी द्वारा लगाए गए यौन उत्पीड़न के आरोप में गिरफ्तार किया।

यौन उत्पीड़न के आरोप में TVK विधायक गिरफ्तार (फाइल फोटो)
HighLights
टीवीके विधायक अरुल विग्नेश यौन उत्पीड़न आरोप में गिरफ्तार।
महिला IAS अधिकारी ने विधायक के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने वारंट के बाद विधायक को घर से हिरासत में लिया।
डिजिटल डेस्क, चेन्नई। कल्लाकुरिची की महिला पुलिस ने शुक्रवार शाम 'तमिलगा वेट्री कझगम' (TVK) के विधायक सी. अरुल विग्नेश को गिरफ्तार कर लिया।
टीवीके MLA अरुल विग्नेश के खिलाफ एक महिला IAS अधिकारी ने यौन उत्पीड़न का आरोप लगाते हुए शिकायत दर्ज कराई। इसी के सिलसिले में ये गिरफ्तारी हुई है।
यौनी उत्पीड़न के मामले में TVK विधायक गिरफ्तार
इंस्पेक्टर पी. भुवनेश्वरी के नेतृत्व में पुलिस की एक टीम ने कल्लाकुरिची की मजिस्ट्रेट अदालत से गिरफ्तारी वारंट हासिल करने के बाद, विधायक को उनके घर से हिरासत में लिया।
पुलिस टीम शाम करीब 6:15 बजे उनके आवास पर पहुंची, उन्हें वारंट दिखाया और पूछताछ के लिए थाने ले गई। मजिस्ट्रेट अदालत में पेश किए जाने से पहले, उनका सरकारी अस्पताल में मेडिकल टेस्ट कराया जाएगा।
पुलिस ने 'भारतीय न्याय संहिता' (BNS) की चार धाराओं और 'तमिलनाडु महिला उत्पीड़न निषेध अधिनियम' की धारा 4 के तहत मामला दर्ज किया है।
राज्य सरकार ने वरिष्ठ IAS अधिकारी ककारला उषा की अध्यक्षता में चार सदस्यीय 'आंतरिक शिकायत समिति' का गठन किया है।
अरुल विग्नेश ने आरोपों को किया खारिज
पुलिस ने 25 नवंबर को कल्लाकुरिची स्थित विधायक के आवास पर उन्हें समन भेजा था। अरुल विग्नेश ने इन आरोपों को बेबुनियाद और राजनीतिक रूप से प्रेरित बताते हुए खारिज कर दिया है।
यह गिरफ्तारी तब हुई है, जब महिला IAS अधिकारी ने गुरुवार को जिला फास्ट ट्रैक कोर्ट की जज स्वाति अलगप्पन के सामने पेश होकर तीन घंटे तक अपना बयान दर्ज कराया। जांच टीम ने गुरुवार को कलेक्टर के कैंप ऑफिस में उनसे दो घंटे तक पूछताछ की।