विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

चलती ट्रेन से लापता हुई असम की 20 साल की आदिवासी छात्रा, आंध्र प्रदेश में मिली लाश

Published: Thu, 08 Oct 2026 11:28 AM (IST)Updated: Thu, 08 Oct 2026 11:29 AM (IST)

असम की एक 20 वर्षीय आदिवासी छात्रा ट्रेन यात्रा के दौरान लापता हो गई थी, जिसका शव आंध्र प्रदेश में एक जंगली इलाके से बरामद हुआ है।

असम की लापता आदिवासी छात्रा का मिला शव।

असम की लापता आदिवासी छात्रा का मिला शव।

डिजिटल डेस्क, गुवाहाटी। ट्रेन यात्रा के दौरान लापता हुई असम की एक छात्रा का शव आंध्र प्रदेश में मिला है। असम के कामरूप जिले की रहने वाली 20 वर्षीय आदिवासी छात्रा विशाखापत्तनम से गुवाहाटी जा रही थी।

छात्रा की मां की शिकायत के अनुसार, वह डिब्रूगढ़ विवेक एक्सप्रेस (ट्रेन 22503) से यात्रा कर रही थी। वह 5 अक्टूबर को रात 11:50 बजे विशाखापत्तनम से ट्रेन में सवार हुई और गुवाहाटी जा रही थी। ट्रेन रात 12:10 बजे विशाखापत्तनम से रवाना हुई और उसे 7 अक्टूबर को सुबह 9:05 बजे गुवाहाटी पहुंचना था।

घर लौट रही थी युवती

परिवार का दावा है कि गुवाहाटी के बी. बरुआ कॉलेज की छात्रा आंध्र प्रदेश में डांस परफॉर्मेंस के लिए गई थी और घर लौट रही थी। परिवार ने आखिरी बार उससे मंगलवार (6 अक्टूबर) को सुबह 2:39 बजे बात की थी।

मैसेज में लिखा- मुझे डर लग रहा है

अपने आखिरी मैसेज में युवती ने कहा कि वह डरी हुई है क्योंकि उसके आस-पास बहुत सारे आदमी हैं। गुवाहाटी में गवर्नमेंट रेलवे पुलिस (GRP) के पास शिकायत दर्ज कराई गई और रेलवे हेल्पलाइन 139 के जरिए भी शिकायत की गई। शिकायत के बाद डिब्रूगढ़ विवेक एक्सप्रेस के एस2 कोच में छात्रा का बैग मिलने पर रेलवे पुलिस ने उस रास्ते पर तलाश शुरू कर दी।

रेलवे सुरक्षा बल (RPF) को 20 साल की आदिवासी छात्रा का शव मिल गया है। आरपीएफ के एक अधिकारी के मुताबिक, शव आंध्र प्रदेश के मलयपुरम के पास एक जंगली इलाके से बरामद किया गया। रेलवे पुलिस के सूत्रों ने बताया कि मौत की वजह का अभी पता नहीं चल पाया है। युवती का परिवार कामरूप जिले के बोंडा पोस्ट ऑफिस के तहत आने वाले चापईडांग का रहने वाला है।

यह भी पढ़ें: गुवाहाटी के नाइटक्लब में महिला से बदसलूकी और मारपीट मामले में 7 आरोपी गिरफ्तार, घटना का वीडियो हुआ था वायरल