गुवाहाटी के नाइटक्लब में महिला से बदसलूकी और मारपीट मामले में 7 आरोपी गिरफ्तार, घटना का वीडियो हुआ था वायरल
गुवाहाटी के एक नाइटक्लब में महिला से मारपीट और कपड़े उतारने के आरोप में प्रबंधक सहित सात लोगों को गिरफ्तार ...और पढ़ें

गुवाहाटी नाइटक्लब में महिला से मारपीट मामले में 7 गिरफ्तार (स्क्रीनग्रैब)
HighLights
नाइटक्लब में महिला से मारपीट, कपड़े उतारने के आरोप में 7 गिरफ्तार।
गिरफ्तार लोगों में नाइटक्लब प्रबंधक और तीन महिलाएं भी शामिल हैं।
वायरल वीडियो के बाद पुलिस ने स्वतः संज्ञान लेकर जांच शुरू की।
डिजिटल डेस्क, गुवाहाटी। गुवाहाटी में एक नाइटक्लब में महिला के साथ मारपीट और उसके कपड़े उतारने के आरोप में नाइटक्लब के प्रबंधक सहित सात लोगों को शनिवार को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपितों में तीन महिलाएं हैं।
घटना का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित होने के बाद पुलिस ने स्वतः संज्ञान लेते हुए जांच शुरू की और आरोपितों को गिरफ्तार किया।
आरोप है कि झगड़े के बाद बाउंसरों ने महिला के साथ मारपीट की और उसके कपड़े उतार दिए। यह घटना खानापारा क्षेत्र के नाइटक्लब में हुई। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि नाइटक्लब 'द लोकल्स' देर तक कैसे खुला रहा, जबकि नियमों के अनुसार 12:30 बजे नाइटक्लब को बंद हो जाना चाहिए था।
वीडियो फुटेज से पता चला कि पीड़िता को बार के अंदर लगभग 2:30 बजे पीड़िता के साथ मारपीट की गई। उसके बाल और कपड़े खींचते हुए बेसमेंट की ओर खींचा गया। उसके कपड़े उतारे गए। इस दौरान महिला लगभग बेहोशी की हालत में पहुंच गई थी।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि इस घटना में शामिल कई लोग उस नाइटक्लब से जुड़े थे या वहां के कर्मचारी थे, और बार के मैनेजमेंट ने इस मामले की जानकारी स्थानीय पुलिस स्टेशन को नहीं दी थी। इस मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।
इमारत में काम करने वाले एक सुरक्षा गार्ड ने दावा किया कि महिला ने क्लब के अंदर एक महिला बाउंसर को बीयर की बोतल से मारा था। उसके मुताबिक, इससे वहां मौजूद अन्य बाउंसर नाराज हो गए और महिला को नीचे ले जाकर उसके साथ मारपीट की। (समाचार एजेंसी पीटीआई के इनपुट के साथ)
