मोबाइल रिचार्ज होंगे सस्ते, TRAI ने कॉलिंग और SMS के लिए दूरसंचार कंपनियां को जारी किया निर्देश
दूरसंचार नियामक ट्राई ने कंपनियों को वॉयस कॉल और एसएमएस के लिए अलग से सस्ते वाउचर जारी करने का निर्देश दिया है।
-1790098119866_m.webp)
ट्राई ने वॉयस कॉल, एसएमएस के लिए सस्ते वाउचर अनिवार्य किए

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। दूरसंचार नियामक ट्राई ने दूरसंचार कंपनियों से ‘वॉईस कॉल’ और ‘एसएमएस’ के अलग से सस्ते वाउचर जारी करने को कहा है। नए नियम के तहत इन सेवाओं के साथ डेटा यानी इंटरनेट प्लान लेने की जरूरत नहीं होगी।दूरसंचार नियामक के इस कदम से ग्राहकों को कम लागत पर फोन में सिर्फ वायस काल और एसएमएस की सेवाएं मिल सकेंगी।
नए नियमों के तहत दूरसंचार कंपनियों को 30 दिन से अधिक वैधता वाला कम से कम एक एसटीवी भी उपलब्ध कराना होगा, जो वायस, एसएमएस और डेटा वाले एसटीवी की वैधता अवधि के अनुरूप हो। ये नए नियम आधिकारिक राजपत्र में अधिसूचित होने की तारीख से 30 दिन बाद लागू होंगे।
ग्राहकों को डेटा प्लान के बिना कम लागत पर सुविधा मिलेगी
भारतीय दूरसंचार नियामक प्राधिकरण (ट्राई) की ओर से मंगलवार को जारी दूरसंचार उपभोक्ता संरक्षण (13वां संशोधन) विनियमन, 2026 के अनुसार, दूरसंचार कंपनियों को अब 30 दिन या उससे कम वैधता वाले मौजूदा वायस काल, एसएमएस और डेटा वाले वाउचर के समान अवधि वाले केवल ‘वायस काल’ और एसएमएस के लिए अलग ‘प्लान’ भी उपलब्ध कराने होंगे।'
विनियमन में कहा गया है, ‘सेवा प्रदाता उचित शुल्क कटौती के साथ विशेष टैरिफ वाउचर (एसटीवी) केवल वायस काल और एसएमएस के लिए उपलब्ध कराएगा।’ एसटीवी प्रीपेड मोबाइल ग्राहकों के लिए बूस्टर रिचार्ज की तरह काम करता है।
यह कदम ग्रामीण क्षेत्रों के उपभोक्ताओं को राहत देगा
इसके जरिये ग्राहक अतिरिक्त राशि देकर कम दरों पर अंतरराष्ट्रीय काल करने या मौजूदा प्लान में असीमित काल की सुविधा जैसी अन्य सेवाएं भी जोड़ते हैं।
ट्राई ने कहा कि जहां कुछ डेटा सेवाओं वाले एसटीवी की वैधता 365 दिन तक उपलब्ध है, वहीं नए नियम 30 दिन या उससे कम वैधता वाले वाउचर पर केंद्रित हैं।
इस कदम से ग्रामीण क्षेत्रों और अधिक भुगतान नहीं कर पाने वाले ग्राहकों को राहत मिलने की उम्मीद है। ट्राई ने कहा कि यह फैसला उसके उस अवलोकन के बाद लिया गया है, जिसमें पाया गया कि दूरसंचार कंपनियां अलग-अलग वैधता अवधि वाले वायस, एसएमएस और डेटा के एसटीवी तो उपलब्ध कराती हैं, लेकिन उसी अवधि के केवल वायस और एसएमएस वाले विकल्प हमेशा उपलब्ध नहीं होते।
