Move to Jagran APP

पूर्ण सूर्य ग्रहण आज, 15 दिन में दिखेगा चंद्र ग्रहण का नजारा; इस बार भारतीय नहीं होंगे निराश

आज पूर्ण सूर्य ग्रहण होने जा रहा है लेकिन यह भारत में नहीं दिखेगा। निराश न हों अगले 15 दिन में चंद्र ग्रहण लगने वाला है और इस बार भारतीय लोग भी इस अद्भुत नजारे को देख पाएंगे।

By Digpal SinghEdited By: Published: Tue, 02 Jul 2019 01:02 PM (IST)Updated: Tue, 02 Jul 2019 01:31 PM (IST)
पूर्ण सूर्य ग्रहण आज, 15 दिन में दिखेगा चंद्र ग्रहण का नजारा; इस बार भारतीय नहीं होंगे निराश

नई दिल्ली, [जागरण स्पेशल]। आज यानि मंगलवार 2 जुलाई को पूर्ण सूर्य ग्रहण होने जा रहा है। भारतीय समयानुसार रात 10:25 बजे यह पूर्ण सूर्य ग्रहण शुरू होगा, इसलिए यह भारत में नहीं दिखेगा। पूर्ण सूर्य ग्रहण जैसी अद्भुत खगोलीय घटना का गवान न बनने से निराश न हों, इसी महीने आपको चंद्र ग्रहण जरूर देखने को मिलेगा। जी हां, इसी महीने 16-17 जुलाई को आंशिक चंद्र ग्रहण लगेगा और इस बार आप इस खगोलीय घटना को अपनी आंखों से देख पाएंगे।

कब दिखेगा चंद्र ग्रहण
अगर आप देश की राजधानी दिल्ली में रहते हैं तो यहां आपको चंद्र ग्रहण देखने के लिए देर रात तक जागना पड़ेगा। 16 जुलाई को दिनभर काम निपटाने के बाद रात को सोने से पहले 00.13.51 बजे यानि बुधवार 17 तारीख को चांद पर धरती की हल्की छाया पड़ना शुरू होगी। इसके बाद भी चंद्र ग्रहण देखने के लिए आपको और इंतजार करना पड़ेगा। देर रात 1.31.43 बजे आंशिक चंद्र ग्रहण शुरू होगा। रात 3.00.44 बजे चंद्र ग्रहण अपने चरम पर होगा। तड़के 4.29.39 बजे चंद्र ग्रहण खत्म होगा और 5.47.38 बजे चांद पर से धरती की धुंधली छाया भी खत्म हो जाएगी।

कहां-कहां दिखेगा चंद्र ग्रहण
घबराएं नहीं, यह आंशिक चंद्र ग्रहण भारत में दिखेगा। भारत के अलावा ऑस्ट्रेलिया, अफ्रीका, दक्षिण अमेरिका, यूरोप और एशिया के ज्यादातर देशों से इस आंशिक चंद्र ग्रहण को देखा जा सकेगा। उत्तरी अमेरिका के ज्यादातर हिस्सों से इस चंद्र ग्रहण को नहीं देखा जा सकेगा। हालांकि, महाद्वीप के दक्षिणी और पूर्वी हिस्सों से इस चंद्र ग्रहण को कुछ हद तक देखा जा सकेगा।

क्यों होता है चंद्र ग्रहण
चंद्र ग्रहण उस स्थिति को कहते हैं, जब चंद्रमा सूर्य की सीध में पृथ्वी के पीछे चला जाता है। ऐसे में सूर्य से आने वाली किरणें चंद्रमा तक नहीं पहुंच पाती और पृथ्वी की छाया चांद के जिस हिस्से पर पड़ती है वह हिस्सा दिखाई नहीं देता। इस स्थिति को आंशिक चंद्र ग्रहण कहते हैं। अगर धरती की छाया पूरे चंद्रमा को ढक ले तो इसे पूर्ण चंद्र ग्रहण कहते हैं। हालांकि, 16-17 जुलाई की रात आपको आंशिक चंद्र ग्रहण ही देखने को मिलेगा। यह भी तथ्य है कि पूर्णिमा के दिन ही चंद्र ग्रहण होता है।

इस साल हो चुका है पूर्ण चंद्र ग्रहण
इस साल की शुरुआत में ही 20-21 जनवरी को पूर्ण चंद्र ग्रहण की अनोखी खगोलीय घटना हो चुकी है। इस दौरान दो दिन तक सुपर ब्लड मून के दर्शन भी हुए। इन दो दिनों में चांद कुछ और बड़ा दिखा, चांद ने कुछ और ज्यादा चांदनी बिखेरी और दुधिया रोशनी से सबकुछ रोशन हो गया था। इस दौरान चांद के तीन रूप देखने को मिले। यह साल का पहला और आखिरी पूर्ण चंद्र ग्रहण था। सुपर ब्लड मून के दर्शन के साथ ही वुल्फ मून भी इन दो दिनों में दिखा। इसलिए इसे सुपर ब्लड वुल्फ मून भी कहा गया। हालांकि, यह पूर्ण चंद्र ग्रहण भारत में नहीं दिखा था।

यह भी पढ़ें - Total Solar Eclipse: Ring of Fire में बदल जाएगा सूरज, दिन में रात सा नजारा, पूर्ण सूर्य ग्रहण आज

फिर कब दिखेगा पूर्ण चंद्र ग्रहण
इस पूर्ण चंद्र ग्रहण की खास बात यह भी थी कि इसके बाद मई 2021 तक कोई पूर्ण चंद्र ग्रहण नहीं होगा। अगला पूर्ण चंद्र ग्रहण 26 मई 2021 को दिखेगा, जबकि इससे पहले 27 जुलाई 2018 को पूर्ण चंद्र ग्रहण दिखा था। हालांकि, 16-17 जुलाई को आंशिक चंद्र ग्रहण दिखेगा और आप सब इस अनोखी खगोलीय घटना के गवाह बन सकते हैं।


This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.