विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मंदिर बोर्ड या सरकार की गलती, दीपाथून स्तंभ पर क्यों नहीं जला दीपक? मदुरै प्रशासन ने SC में बताया

Published: Wed, 25 Nov 2026 02:32 PM (IST)

मदुरै जिला प्रशासन ने तिरुपरनकुंद्रम पहाड़ी पर दीपाथून स्तंभ पर दीपम न जलाए जाने के लिए मंदिर के ट्रस्टी बोर्ड को जिम्मेदार ठहराया है। सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बावजूद, बोर्ड ने सदियों पुराने 'आगम' नियमों का हवाला देते हुए दीप प्रज्वलन की अनुमति देने से इनकार कर दिया।

तिरुपरनकुंद्रम दीपाथून स्तंभ दीपम विवाद (फोटो- PTI)

तिरुपरनकुंद्रम दीपाथून स्तंभ दीपम विवाद (फोटो- PTI)

HighLights

  1. दीपाथून स्तंभ पर दीपम न जलने का मामला।

  2. मदुरै प्रशासन ने मंदिर ट्रस्टी बोर्ड को ठहराया जिम्मेदार।

  3. ट्रस्टी बोर्ड ने 'आगम' नियमों का दिया हवाला।

डिजिटल डेस्क, चेन्नई। तमिलनाडु के तिरुपरनकुंद्रम पहाड़ी स्थित दीपाथून स्तंभ पर सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बावजूद कार्तिगई दीपम न जलाए जाने के मामले में मदुरै जिला प्रशासन ने मंदिर के ट्रस्टी बोर्ड को जिम्मेदार ठहराया है।

सुप्रीम कोर्ट में दाखिल अपनी प्रारंभिक स्टेटस रिपोर्ट में जिला कलेक्टर निशांत कृष्ण ने इस चूक के लिए बिना शर्त माफी मांगते हुए स्पष्ट किया कि मंदिर बोर्ड ने सदियों पुराने 'आगम' नियमों और परंपरा का हवाला देते हुए स्तंभ पर दीप जलाने की अनुमति देने से इनकार कर दिया था।

सिर्फ अधिकृत टीम को ही था दीपाथून स्तंभ पर दीप प्रज्वलन का अधिकार

दरअसल, सुप्रीम कोर्ट के निर्देशानुसार दीपाथून स्तंभ पर दीप प्रज्वलन का अधिकार केवल देवस्थानम द्वारा अधिकृत टीम को ही था, मंदिर के ट्रस्टी बोर्ड ने इस अनुष्ठान के लिए जाने वाली टीम को अनुमति देने से इनकार कर दिया और इसके बजाय उचि पिल्लयार मंदिर के पास वाली पारंपरिक जगह पर ही दीपक जलाने का फैसला किया।

मदुरै के जिला कलेक्टर निशांत कृष्ण ने बताया कि जिला प्रशासन ने देवस्थानम से अनुमति प्राप्त करने और दीपाथून पर दीपक जलाने के लिए हर संभव प्रयास किया। हालांकि, बोर्ड ऑफ ट्रस्टीज ने 24 नवंबर के अपने प्रस्ताव में, पारंपरिक स्थान पर ही दीपक जलाने का निर्णय लिया।

प्रशासन के पास क्यों नहीं था कोई अधिकार?

सुप्रीम कोर्ट में दाखिल प्रारंभिक स्टेटस रिपोर्ट में, मदुरै के जिला कलेक्टर निशांत कृष्ण ने 24 नवंबर को दीपाथून स्तंभ पर दीपक न जलाए जाने के लिए बिना शर्त माफी मांगी है। उन्होंने यह भी कहा कि जब मंदिर के ट्रस्टियों ने अनुमति देने से मना कर दिया, तो राजस्व विभाग और पुलिस के पास इस मामले में हस्तक्षेप करने का कोई कानूनी अधिकार नहीं था।

जिला कलेक्टर निशांत कृष्ण ने अपनी रिपोर्ट में कहा, 'मेरी ओर से इस माननीय न्यायालय के किसी भी निर्देश की जानबूझकर कोई अवहेलना नहीं की गई है। मैं माननीय न्यायालय के आदेशों का सर्वोच्च सम्मान करता हूं और इस माननीय न्यायालय द्वारा दिए जाने वाले प्रत्येक निर्देश का पालन करने के लिए प्रतिबद्ध हूं। दीपाथून पर दीपक न जलाए जा पाने के लिए मैं ईमानदारी से क्षमा मांगता हूं।'

22 नवंबर को दिया था 27 सदस्यीय तैयारी दल तैयार करने का प्रस्ताव

गौरतलब है कि मंदिर के कार्यकारी अधिकारी ने 22 नवंबर को सुबह 6 बजे 27 सदस्यीय तैयारी दल और 10 सदस्यीय लाइटिंग टीम तैनात करने का प्रस्ताव दिया था। इस दल में मचान लगाने वाले कर्मचारी और तिरुवन्नामलाई से आए दो दीपक विशेषज्ञ शामिल थे। इसके अलावा, मंदिर के दो पुजारियों के नेतृत्व में 10 सदस्यीय 'लाइटिंग टीम' भी शामिल थी।

हालांकि, 24 नवंबर की सुबह योजना में तब दिक्कतें आईं, जब तैयारी दल सुबह 6 बजे पहाड़ी पर नहीं पहुंचा। सुबह 10:08 बजे, कलेक्टर ने मंदिर की कार्यकारी अधिकारी को ईमेल भेजकर निर्देश दिया कि वे तुरंत टीम को भेजें और देरी का कारण लिखित में बताएं।

क्यों नहीं पहुंची टीम?

उन्होंने सुबह 11:30 बजे जवाब दिया कि उन्होंने 10 सदस्यीय टीम के लिए औपचारिक अनुमति मांगने हेतु मंदिर के बोर्ड ऑफ ट्रस्टीज को लिखा है और वे उनके प्रस्ताव का इंतजार कर रहे हैं।

शाम 5.03 बजे, कलेक्टर ने मंदिर प्रशासन को एक जरूरी ईमेल भेजा। इसमें बताया गया कि सभी पर्यवेक्षक और सुरक्षा टीमें पहाड़ी पर इंतजार कर रही हैं। कलेक्टर ने उन्हें तुरंत आगे बढ़ने का निर्देश दिया और साथ ही राज्य के CE सचिव और आयुक्त से मामले में हस्तक्षेप करने को कहा। इसके बावजूद, शाम 6 बजे से 6.30 बजे के बीच कोई भी टीम वहां नहीं पहुंची।

ट्रस्टी बोर्ड ने क्या दिया प्रस्ताव?

इसके बाद रात करीब 8.30 बजे मंदिर के कार्यकारी अधिकारी ने एक रिपोर्ट सौंपी, जिसमें ट्रस्टी बोर्ड द्वारा सर्वसम्मति से पारित एक प्रस्ताव भी शामिल था। इसमें कहा गया कि अरुलमिगु सुब्रमण्यस्वामी मंदिर प्राचीन 'आगम' नियमों का पालन करता है।

प्रस्ताव के अनुसार, 'प्राचीन काल से चली आ रही परंपरा के अनुसार, पहाड़ी पर स्थित उचि पिल्लयार मंदिर के पास दीपा मंडपम में कार्तिगई महादीपम प्रज्वलित किया जाता है। यह स्थान ठीक मुख्य देवता के ठीक ऊपर है। इस तरह की सदियों पुरानी परंपराएं, रीति-रिवाज, अनुष्ठान और आगम नियम ही इस मंदिर की विशिष्ट धार्मिक पहचान हैं।

इसके बाद मंदिर के पुजारियों ने भी शाम 6 बजे पहाड़ी की चोटी पर स्थित स्तंभ के बजाय उचि पिल्लयार मंदिर के मंडपम में ही महादीपम प्रज्वलित कर दिया था।

कलेक्टर के अनुसार, मंदिर प्रबंधन ने कभी भी इस स्तंभ पर दीप जलाने के लिए किसी को अधिकृत करने के बारे में कोई जानकारी नहीं दी थी।

विजय सरकार के लिए चुनौतीपूर्ण मुद्दा

बताते चलें कि तिरुप्परनकुंद्रम पहाड़ी पर एक दरगाह के बगल में स्थित दीपाथून स्तंभ पर दीपक जलाने को लेकर खड़ा हुआ विवाद, मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय के नेतृत्व वाली तमिलनाडु सरकार के लिए एक चुनौतीपूर्ण मुद्दा बन गया है।

यह भी पढ़ें- तमिलनाडु सरकार ने की सुप्रीम कोर्ट के आदेश की अवहेलना, दीपथून पर नहीं जला कार्तिगई दीपम

यह भी पढ़ें- कड़ी सुरक्षा के बीच तिरुपरनकुंद्रम में संपन्न हुआ कार्तिगई दीपम उत्सव, सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद पुजारियों ने जलाया दीपम

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।