तमिलनाडु: तिरुवन्नामलाई में 3500 किलोग्राम घी से भरे विशाल पात्र से महादीपम जलाया गया, क्यों हुआ विवाद? पूरी डिटेल
मदुरै में स्थित ऐतिहासिक और धार्मिक स्थल तिरुपरंकुंद्रम में वार्षिक 'कार्तिगई दीपम' का आयोजन 'उच्ची पिल्लैयार मंडपम' में किया गया जबकि सुप्रीम कोर्ट ने इसे पहाड़ी पर स्थित दीपथून स्तंभ पर जलाने का निर्देश दिया था।

तिरुवन्नामलाई में 3500 किलोग्राम घी से भरे विशाल पात्र से महादीपम जलाया गया
HighLights
दिन में मद्रास हाई कोर्ट ने भी प्रशासन को शीर्ष अदालत के अंतरिम आदेश का पालन करने को कहा था
उच्ची पिल्लैयार मंदिर के ऊपर जलाया गया दीपम, भाजपा व हिंदूवादी संगठनों ने किया प्रदर्शन, तीखी नोकझोंक व धक्का-मुक्की
मंदिर तक पहुंचने से रोकने के लिए राज्य के कई हिस्सों में प्रमुख नेताओं को नजरबंद भी किया गया
पीटीआई, तिरुपरंकुंद्रम। मंगलवार शाम को तमिलनाडु की तमिलगा वेत्री कड़गम(टीवीके) सरकार ने सुप्रीम कोर्ट के आदेश की अवहेलना की।
मदुरै में स्थित ऐतिहासिक और धार्मिक स्थल तिरुपरंकुंद्रम में वार्षिक 'कार्तिगई दीपम' का आयोजन 'उच्ची पिल्लैयार मंडपम' में किया गया जबकि सुप्रीम कोर्ट ने इसे पहाड़ी पर स्थित दीपथून स्तंभ पर जलाने का निर्देश दिया था।
इसके बाद माहौल तनावपूर्ण हो गया। भाजपा और हिंदूवादी संगठनों ने विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया और राज्य सरकार पर सुप्रीम कोर्ट के निर्देश का पालन नहीं किए जाने का आरोप लगाया। कुछ लोगों को हिरासत में लिया गया।
खास बात ये रही कि प्रदर्शन से कुछ घंटे पहले मद्रास हाई कोर्ट की मदुरै पीठ ने भी दोपहर में सुनवाई के बाद जिला और मंदिर अधिकारियों को सुप्रीम कोर्ट के अंतरिम आदेश का पालन करने का निर्देश दिया था। इस आदेश में विवादित स्तंभ पर शाम को एक बार दीप जलाने की अनुमति दी गई थी।
महादीपम की ज्योति उच्ची पिल्लैयार मंदिर के ऊपर प्रज्ज्वलित की गई। इस धार्मिक अनुष्ठान में भगवान मुरुगन(सुब्रमण्यम स्वामी) मंदिर से जुड़े पुजारियों की एक छोटी टीम शामिल हुई।
बता दें कि यह स्थल भगवान मुरुगन के छह प्रमुख निवास स्थानों में से एक है। हिंदू संगठन दीपथून स्तंभ पर ही महादीपम प्रज्ज्वलित करने को लेकर अड़े हुए थे और मंदिर के सामने जुटे थे।
इससे पहले दिन में तिरुपरंकुंद्रम पहाड़ी पर पारंपरिक कार्तिगई दीपम जलाने को लेकर जारी विवाद के बीच बड़ी संख्या में जुटे विभिन्न हिंदू संगठनों के सदस्यों को मदुरै शहर की पुलिस ने तिरुपरंकुंद्रम मुरुगन मंदिर के बाहर ही रोक दिया।
इस दौरान हिंदू संगठन के सदस्यों को मंदिर के प्रवेशद्वार से हटाए जाने के बीच भाजपा नेता एसजी सूर्या और पुलिसकर्मियों के बीच तीखी नोकझोंक और धक्का-मुक्की हुई।
तमिलनाडु भाजपा अध्यक्ष नैनार नागेंद्रन को भी तिरुनेलवेली के थाचनल्लूर चेक पोस्ट के पास समर्थकों के साथ रोककर हिरासत में लिया गया। वह पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ मदुरै जाने की कोशिश कर रहे थे। बाद में उन्हें घर में ही नजरबंद कर दिया गया। उनके आवास के बाहर भारी पुलिस बल तैनात किया गया।
नागेंद्रन ने कहा कि भाजपा वर्करों और हिंदू संगठनों के लोगों को गिरफ्तार करने के लिए पूरे तमिलनाडु में कम से कम 10,000 पुलिसकर्मी तैनात किए गए।
रिपोर्ट के अनुसार, भाजपा और हिंदू मुन्नानी के नेताओं को मंदिर तक पहुंचने से रोकने के लिए राज्य के कई हिस्सों में प्रमुख नेताओं को नजरबंद भी किया गया।
गौरतलब है कि 20 नवंबर को तमिलनाडु सरकार ने सुप्रीम कोर्ट के अंतरिम आदेश को चुनौती देते हुए पुनर्विचार याचिका दाखिल की थी। सुप्रीम कोर्ट की न्यायमूर्ति अरविंद कुमार की अध्यक्षता वाली पीठ ने 24 नवंबर को दीपथून पर एक बार दीप जलाने की सशर्त अनुमति दी थी।
अदालत ने स्पष्ट किया था कि यह आदेश भविष्य के लिए कोई कानूनी मिसाल नहीं बनेगा और इससे स्थल के स्वामित्व या पारंपरिक धार्मिक अधिकारों पर अंतिम फैसला नहीं होगा।
असल में यह विवाद नवंबर 2025 में शुरू हुआ था, जब स्थानीय प्रशासन ने कानून-व्यवस्था की स्थिति और पहाड़ी पर स्थित सिकंदर बदूशा दरगाह की निकटता का हवाला देते हुए दीप प्रज्ज्वलन की अनुमति रोक दी थी।
सुप्रीम कोर्ट की अवमानना के लिए शीर्ष अदालत जाएंगे याचिकाकर्ता
मदुरै से एएनआई के अनुसार, सुप्रीम कोर्ट के अंतरिम आदेश के बावजूद दीपथून स्तंभ पर कार्तिगई दीपम नहीं जलाने पर याचिकाकर्ता रामा रविकुमार के वकील आरएम अरुण स्वामीनाथन ने कहा- "यह कोर्ट की अवमानना है। " हम शीर्ष अदालत जाएंगे और प्रशासन के खिलाफ अवमानना की कार्यवाही शुरू करने की मांग करेंगे।
उन्होंने कहा कि सुप्रीम कोर्ट को भी पूरे मामले में स्वत: संज्ञान लेना चाहिए। उन्होंने तमिलनाडु सरकार पर हिंदुओं के प्रति विरोधी रुख रखने का आरोप भी लगाया। कहा- "वह पहाड़ी की चोटी पर दीपम जलाना नहीं चाहती, यह पहले से तय था। उसका मंशा अब सामने आ गई है। उसका पूरा एजेंडा भी उजागर हो गया है।"
टीवीके सरकार ने की ऐतिहासिक भूल : अन्नामलाई
एएनआई के अनुसार, भाजपा के पूर्व नेता के. अन्नामलाई ने टीवीके सरकार पर ‘दीपथून’ मामले में मनमाने ढंग से काम करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि सरकार ने अदालत के आदेशों के प्रति अवमानना का रवैया दिखाया है। एक्स पर पोस्ट में अन्नामलाई ने कहा कि मुख्यमंत्री संवैधानिक रूप से कानून के दायरे में शासन करने के लिए बाध्य हैं।
उन्होंने कहा- "अदालतें यहां लोकतंत्र की मजबूत स्तंभ हैं। न्याय तभी कायम हो सकता है, जब सरकार अपने पसंद-नापसंद को फैसलों पर हावी हुए बिना अदालत के आदेशों को ईमानदारी से लागू करे।"
उन्होंने आरोप लगाया कि संवैधानिक शासन के प्रति प्रतिबद्धता जताने के बावजूद सरकार ने बड़ी गलती की है। उन्होंने कहा- "कारण चाहे जो भी हो राजनीति, अज्ञानता या गठबंधन के सहयोगियों का दबाव, लेकिन संवैधानिक कानून के अनुसार शासन करने का वादा करने वाली टीवीके सरकार ने आज ऐसी ऐतिहासिक भूल की है, जिसे कभी सुधारा नहीं जा सकता।"
तिरुवन्नामलाई में 3,500 किलोग्राम घी से भरे विशाल पात्र से महादीपम जलाया गया
प्रेट्र के अनुसार, तिरुपरंकुंद्रम के उलट, तिरुवन्नामलाई मंदिर में माहौल भक्तिमय और शांतिपूर्ण रहा। ठीक शाम छह बजे 3,500 किलोग्राम घी से भरे विशाल पात्र से महादीपम जलाया गया।
अरुणाचल पहाड़ी की 2,668 फुट ऊंची चोटी पर उठती विशाल लौ से शाम का आसमान रोशन हो गया। तमिलनाडु के बाकी हिस्सों में भी उत्सव का माहौल रहा।
मुरुगन के छह पूजनीय धामों (अरुपडैवीडु) में शामिल पलानी, तिरुचेंदूर, स्वामिमलई और तिरुत्तनी के मंदिरों में स्वर्ण रथों और शाम के अभिषेक के लिए हजारों परिवार पहुंचे। तमिलनाडु के बाकी हिस्सों में भी उत्सव का माहौल रहा।
नंबर गेम
- 24 नवंबर को शाम छह बजे दीप जलाने की अनुमति देते हुए एक अंतरिम आदेश जारी किया था सुप्रीम कोर्ट ने।
- 2025 में विवाद तब शुरू हुआ था जब प्रशासन ने कानून-व्यवस्था और स्थल के पास दरगाह का हवाला देते हुए पहाड़ी की चोटी पर होने वाले अनुष्ठान की अनुमति रोक दी थी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।