विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jan 23, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Coldwave In India: पहाड़ी राज्यों में बारिश और बर्फबारी की संभावना, इन इलाकों में पड़ेगी कड़ाके की ठंड

By Jagran NewsEdited By: Piyush Kumar
Published: Mon, 23 Jan 2023 11:02 PM (IST)

मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार पहाड़ी राज्यों में मंगलवार से एकबार फिर वर्षा और भारी बर्फबारी की संभावना है। वहीं ...और पढ़ें

मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार अगले कुछ दिनों तक पहाड़ी राज्यों में बारिश और बर्फबारी होगी।
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार अगले कुछ दिनों तक पहाड़ी राज्यों में बारिश और बर्फबारी होगी।

जागरण टीम, नई दिल्ली। उत्तर भारत के पहाड़ी राज्यों में मंगलवार से एकबार फिर वर्षा और भारी हिमपात का दौर शुरू होने की संभावना है। उत्तराखंड में मंगलवार 24 जनवरी से 26 जनवरी तक अधिकांश क्षेत्रों में वर्षा व पहाड़ों में कहीं-कहीं भारी बर्फबारी होने की संभावना है। सोमवार देर शाम से देहरादून समेत कई जनपदों में गहरे बादल छाए हैं।

मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, प्रदेशभर में मंगलवार से वर्षा और बर्फबारी को लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है। वहीं, वर्षा और बर्फबारी जोशीमठ में आपदा प्रभावितों की परेशानी बढ़ा सकते हैं। वहीं, जम्मू-कश्मीर में भी 27 जनवरी तक और हिमाचल प्रदेश में भी दो दिन आंधी, ओलावृष्टि के साथ हिमपात होने का अलर्ट जारी किया गया है।

देहरादून, टिहरी और नैनीताल में यलो अलर्ट जारी

मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक बिक्रम सिंह के अनुसार, उत्तराखंड में मंगलवार से गुरुवार तक तीन दिन पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय रहने का अनुमान है। इससे उत्तरकाशी, चमोली व पिथौरागढ़ जनपदों में कहीं-कहीं भारी वर्षा व ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी हो सकती है। साथ ही देहरादून, टिहरी, पौड़ी, नैनीताल, चंपावत, ऊधम सिंह नगर, हरिद्वार में कहीं-कहीं ओलावृष्टि होने और आकाशीय बिजली चमकने की संभावना है। इसे देखते हुए यलो अलर्ट जारी किया गया है।

हिमाचल में दो दिन आंधी के साथ हिमपात का अलर्ट

मनाली का सोलंगनाला पर्यटन स्थल सभी प्रकार के वाहनों के लिए बहाल हो गया है, जबकि अटल टनल रोहतांग के साउथ पोर्टल तक पर्यटक जा सकेंगे। अभी लाहुल स्पीति में पर्यटक वाहनों को आने की अनुमति नहीं है। प्रदेश में अब भी 142 सड़कें बंद हैं।

इनमें लाहुल स्पीति में 113, कुल्लू में 13, मंडी में चार, शिमला में छह, चंबा में चार और कांगड़ा जिला में दो सड़कें यातायात के लिए बंद हैं। शिमला जिला में चार ट्रांसफार्मर खराब हैं। वहीं, मौसम विभाग ने पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से मंगलवार और बुधवार को प्रदेशभर में वर्षा और हिमपात हो सकता है। कुछ क्षेत्रों में ओलावृष्टि का यलो अलर्ट जारी किया है।

जम्मू-कश्मीर में 27 तक वर्षा व हिमपात के आसार

जम्मू-कश्मीर में सोमवार को लगभग सभी क्षेत्रों में धूप रही। इससे कुछ राहत मिली। मौसम विभाग के अनुसार अगले दो दिन तक बारिश और उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में बर्फबारी की संभावना है। 27 जनवरी तक मौसम के मिजाज ऐसे ही रहेंगे। उधर, जम्मू श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग खुला है। मौसम विभाग के अनुसार, मंगलवार और बुधवार को जम्मू और कश्मीर के कई स्थानों पर बारिश और पहाड़ों पर बर्फबारी के साथ शीतलहर का प्रकोप बढ़ेगा। इसके बाद थोड़ी राहत तो मिलेगी।

यह भी पढ़ें: Himachal Weather Update: हिमाचल के 12 जिलों में आंधी के साथ भारी बर्फबारी, वर्षा व ओलावृष्टि का येलो अलर्ट

यह भी पढ़ें: Himachal Pradesh Snowfall: डैनकुंड की पहाड़ियां पर जमीं बर्फ की मोटी चादर, ट्रैकिंग करने पहुंच रहे पर्यटक