विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Mar 08, 2017 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

आइएस से जुड़े हैं आतंकियों के तार, देशभर में सुरक्षा बढ़ाई गई

By Gunateet OjhaEdited By:
Published: Wed, 08 Mar 2017 01:40 AM (IST)Updated: Wed, 08 Mar 2017 07:49 AM (IST)

तेलंगाना पुलिस की सूचना पर इसके पहले भी आइएस के कई आतंकी मॉड्यूल को ध्वस्त किया जा चुका है।

आइएस से जुड़े हैं आतंकियों के तार, देशभर में सुरक्षा बढ़ाई गई
आइएस से जुड़े हैं आतंकियों के तार, देशभर में सुरक्षा बढ़ाई गई

नीलू रंजन, नई दिल्ली। लखनऊ में एटीएस के घेरे में आए और कानपुर में गिरफ्तार आतंकियों के तार आइएस (इस्लामिक स्टेट) से जुड़े हैं। सुरक्षा एजेंसियों के अनुसार आइएस से जुड़े इसी आतंकी गुट ने मंगलवार सुबह भोपाल में ट्रेन में धमाका किया था। लेकिन, विस्फोट के कुछ घंटों के भीतर ही मध्य प्रदेश व तेलंगाना पुलिस ने इन आतंकियों की पहचान कर उत्तर प्रदेश पुलिस को जानकारी दे दी। उसके बाद आतंकियों की धड़पकड़ शुरू हुई। तेलंगाना पुलिस की सूचना पर इसके पहले भी आइएस के कई आतंकी मॉड्यूल को ध्वस्त किया जा चुका है। आतंकियों के खिलाफ कार्रवाई के बाद सभी राज्यों को अलर्ट कर दिया गया है।

सुरक्षा एजेंसी से जुड़े एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि भोपाल की ट्रेन में बम विस्फोट के बाद देश के सभी खुफिया तंत्र इसे अंजाम देने वाले आतंकी गुट की पहचान में जुट गए। विस्फोट के कुछ घंटों के भीतर ही मध्य प्रदेश व तेलंगाना पुलिस ने इन आतंकियों के बारे में ठोस जानकारी मुहैया कराई। उन्होंने न सिर्फ इन आतंकियों का नाम बताया, बल्कि लखनऊ और कानपुर में उनके छुपने का सही पता भी बता दिया।

तेलंगाना पुलिस की रिपोर्ट में इन सभी आतंकियों को आइएस के एक मॉड्यूल से जुड़ा बताया गया है। उक्त सूचना के आधार पर उत्तर प्रदेश पुलिस को कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया। वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि आइएस के इस आतंकी गुट का सरगना अल कासिम है, जो कानपुर का रहने वाला है। यह पता लगाने की कोशिश हो रही है कि इनका सीरिया और बगदाद में सक्रिय आइएस के किन आतंकियों के साथ संपर्क था।

खुफिया एजेंसियों की नजर से बचकर ट्रेन में बम विस्फोट को अंजाम देना इस गुट की बड़ी सफलता है। यदि उनकी पहचान नहीं होती तो, वे भविष्य में और बड़े हमले को भी अंजाम दे सकते थे। आतंकियों की गिरफ्तारी और मुठभेड़ को देखते हुए गृह मंत्रालय ने पूरे देश में अलर्ट जारी कर दिया है। सभी राज्यों की पुलिस को भीड़भाड़ वाले और सुरक्षा के लिहाज से संवेदनशील जगहों की सुरक्षा बढ़ाने को कहा गया है। गृह मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारी लगातार उत्तर प्रदेश एटीएस व अन्य एजेंसियों के साथ संपर्क में हैं और स्थिति पर नजर रखे हुए हैं।

यह भी पढ़ेंः पूरा बम नहीं फटा, नहीं तो यात्रियों के उड़ जाते चीथड़े

यह भी पढ़ेंः दक्षिण कश्मीर में सुरक्षाबलों पर पथराव की आड़ में भाग निकले आतंकी