विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

तेलंगाना: 3 साल तक 10 रुपए के सिक्के जमा करके खरीदी 1.23 लाख की स्कूटी, गिनने में लगे 2 घंटे

Published: Tue, 13 Oct 2026 03:57 PM (IST)

तेलंगाना के मंचेरियल में एक पादरी ने तीन साल तक 10 रुपये के सिक्के जमा करके 1.23 लाख रुपये इकट्ठे किए और इन सिक्कों से एक स्कूटी खरीदी है।

HighLights

  1. पादरी ने तीन साल तक 10 रुपये के सिक्के बचाए।

  2. 1.23 लाख रुपये के सिक्के जमा कर स्कूटी खरीदी।

  3. शोरूम में सिक्के गिनने में कर्मचारियों को दो घंटे लगे।

डिजिटल डेस्क, हैदराबाद। तेलंगाना के मंचेरियल जिले के लक्षेट्टीपेट में रहने वाले 51 वर्षीय पादरी बी. रवि जोसेफ ने एक अनोखी मिसाल पेश की है। उन्होंने पिछले तीन सालों से रोजमर्रा की खरीदारी से बचे 10 रुपये के सिक्कों को जोड़कर 1.23 लाख रुपये जुटाए।

जब अपने सपनों की नई होंडा एक्टिवा स्कूटी खरीदने के लिए बोरियों में सिक्के लेकर शोरूम पहुंचे, तो पूरा स्टाफ हैरान रह गया। रवि जोसेफ ने रकम एक बार में बड़ी बचत करके नहीं, बल्कि अपनी रोजमर्रा की आदतों से जुटाई।

10 अक्टूबर 2023 से उन्होंने राशन, सब्जी या किसी भी घरेलू सामान की खरीदारी के बाद छुट्टे में मिले हर 10 रुपये के सिक्के को अलग रखना शुरू किया। धीरे-धीरे यह छोटी बचत 12300 सिक्कों में बदल गई, जिनका कुल मूल्य 123000 रुपये था।

जोसेफ लंबे समय से रॉयल एनफील्ड बुलेट खरीदना चाहते थे, लेकिन आर्थिक तंगी के कारण वह संभव नहीं हो सका। बाद में उन्होंने अपनी जमा पूंजी से स्कूटी खरीदने का फैसला किया।

परिवार के विरोध के बाद भी नहीं टूटी हिम्मत

जोसेफ के लिए यह सफर इतना आसान नहीं था। बाजार में 10 रुपये के सिक्कों के बंद होने और अमान्य होने की अफवाहों के चलते उनके परिवार वालों ने उन्हें सिक्के जोड़ने से मना किया।

परिजनों की शंकाओं के बावजूद जोसेफ ने बचत जारी रखी। उन्होंने बताया कि परिवार के विरोध के बाद भी उन्होंने उम्मीद नहीं छोड़ी और हर खरीदारी के बाद मिलने वाले सिक्कों को सहेजते रहे।

सिक्के गिनने में कर्मचारियों को लगे दो घंटे

जब जोसेफ अपने परिवार के साथ लक्षेट्टीपेट स्थित जगदंबा होंडा शोरूम पहुंचे और भुगतान के रूप में सिक्कों के ढेर रखे, तो कर्मचारी दंग रह गए।

शोरूम के कर्मचारियों को कुल 12300 सिक्कों की गिनती करने और 1.23 लाख रुपये की पुष्टि करने में लगभग दो घंटे का समय लगा।

इस अनोखे भुगतान और जोसेफ के अटूट संकल्प का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आते ही वायरल हो गया, जहां लोग उनकी इस बचत की आदत की खूब तारीफ कर रहे हैं।

यह भी पढ़ें- तेलंगाना में लूट का अनोखा तरीका: नाइटी पहनकर एंबुलेंस से आए नकाबपोश चोर, कटर से ATM काटकर उड़ाया कैश

यह भी पढ़ें- तेलंगाना की तकनीक, पंजाब की निगरानी और राजस्थान के कौशल विकास मॉडल से सीख लेगा उत्तर प्रदेश