लखनऊ व चंडीगढ़ के लिए चलेगी तेजस एक्सप्रेस
नई दिल्ली से यह सुबह साढ़े नौ बजे रवाना होकर दोपहर 12.25 बजे चंडीगढ़ पहुंचेगी।
राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली। उत्तर रेलवे ने छह नई ट्रेनें चलाने का फैसला किया है। इसमें दिल्ली से चंडीगढ़ व लखनऊ के लिए तेजस और दिल्ली से इलाहाबाद व जम्मूतवी से सियालदह के बीच हमसफर ट्रेन चलेगी। वहीं, दिल्ली से दरभंगा और फिरोजपुर से बिलासपुर के बीच अंत्योदय एक्सप्रेस चलाने की तैयारी है। नई ट्रेनें कब से चलेंगी यह तय नहीं हुआ है, लेकिन एक नवंबर से लागू होने वाली रेलवे के समय सारिणी में इन्हें शामिल किया जा रहा है। उम्मीद है कि आने वाले कुछ दिनों में इनके परिचालन की घोषणा होगी।
चंडीगढ़ तेजस एक्सप्रेस (22425/22426) नई दिल्ली से चंडीगढ़ के बीच प्रस्तावित तेजस एक्सप्रेस बुधवार को छोड़कर सप्ताह के अन्य सभी छह दिन चलेगी। नई दिल्ली से यह सुबह साढ़े नौ बजे रवाना होकर दोपहर 12.25 बजे चंडीगढ़ पहुंचेगी।
लखनऊ तेजस एक्सप्रेस (12585/12586): आनंद विहार टर्मिनल से लखनऊ के बीच प्रस्तावित तेजस एक्सप्रेस गुरुवार को छोड़कर सप्ताह के सभी छह दिन चलेगी। आनंद विहार टर्मिनल से दिन में 3.50 बजे चलकर रात 10.05 बजे लखनऊ पहुंचेगी।
इलाहाबाद हमसफर एक्सप्रेस : आनंद विहार टर्मिनल से इलाहाबाद के बीच प्रस्तावित हमसफर एक्सप्रेस सप्ताह में तीन दिन चलेगी। आनंद विहार से यह रात 10.20 बजे रवाना होकर सुबह 6.10 बजे इलाहाबाद पहुंचेगी।जम्मूतवी-सियालदह हमसफर (22317/22318): जम्मूतवी से यह ट्रेन प्रत्येक बुधवार को सुबह 7.20 बजे रवाना होकर अगले दिन शाम पौने छह बजे सियालदह पहुंचेगी।
अंत्योदय एक्सप्रेस: जालंधर से दरभंगा के बीच सप्ताह में एक दिन अंत्योदय एक्सप्रेस चलेगी। जालंधर से यह प्रत्येक रविवार को सुबह दस बजे रवाना होगी। वहीं, फिरोजपुर से बिलासपुर के बीच भी एक साप्ताहिक अंत्योदय एक्सप्रेस चलाने का फैसला किया गया है। फिरोजपुर से यह प्रत्येक मंगलवार को रात 11.40 बजे चलेगी।
गोरखपुर हमसफर ज्यादा दिन चलेंगी : दो ट्रेनों के चलने के दिनों में वृद्धि करने का फैसला किया गया है। बस्ती के रास्ते चलने वाली गोरखपुर-आनंद विहार टर्मिनल हमसफर एक्सप्रेस (12595/12596) वर्तमान में सप्ताह में दो दिन चलती है। इसे सप्ताह में तीन दिन चलाने की योजना है। इसी तरह से बढ़नी के रास्ते गोरखपुर-आनंद विहार टर्मिनल हमसफर एक दिन चलती है। यह भी सप्ताह में चार दिन चला करेगी। हालांकि, इसके लिए अभी यात्रियों को इंतजार करना होगा।
एक वर्ष में चलाई गई हैं 26 ट्रेनें: पिछले वर्ष अक्टूबर में घोषित नई समय सारिणी के बाद उत्तर रेलवे ने दो वातानुकूलित एक्सप्रेस सहित 26 नई ट्रेनों का परिचालन शुरू किया है। इसमें एक पैसेंजर ट्रेन भी शामिल है। बठिंडा शताब्दी सहित छह ट्रेनों को यात्रा विस्तार दिया गया है। बठिंडा शताब्दी अब फिरोजपुर तक चलती है। वहीं, पांच ट्रेनों के चलने के दिनों में वृद्धि की गई है। नौ मेल/एक्सप्रेस ट्रेनों को अपग्रेड कर सुपरफास्ट बनाया गया। वहीं, दो पारंपरिक पैसेंजर ट्रेनों को एमईएमयू (मेनलाइन इलेक्टि्रकल मल्टीपल यूनिट) में अपग्रेड किया गया है।
यह भी पढ़ें: कल से बदल जाएगा कई ट्रेनों का समय, ये है नया टाइम टेबल