एशिया पावर इंडेक्स 2026: रूस-जापान को पछाड़ भारत बना तीसरी महाशक्ति, पीएम मोदी दूसरे सबसे प्रभावशाली नेता
लोवी इंस्टीट्यूट के 2026 एशिया पावर इंडेक्स में भारत तीसरी सबसे शक्तिशाली ताकत बनकर उभरा है, जिसने रूस और जापान को पीछे छोड़ दिया है।

भारत एशिया पावर इंडेक्स में तीसरी सबसे शक्तिशाली ताकत बना (फाइल फोटो)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण न्यूज नेटवर्क, नई दिल्ली। दुनिया के शक्ति संतुलन में भारत की बढ़ती धमक अब केवल एक धारणा नहीं, बल्कि अंतरराष्ट्रीय आकलन में भी दिखाई देने लगी है।
आर्थिक संभावनाओं, मजबूत कूटनीतिक पहुंच, रक्षा सहयोग और बढ़ते सांस्कृतिक प्रभाव के दम पर भारत ने एशिया में अपनी स्थिति और मजबूत की है।
प्रेट्र के अनुसार, लोवी इंस्टीट्यूट के 2026 एशिया पावर इंडेक्स में भारत को एशिया की तीसरी सबसे शक्तिशाली ताकत माना गया है।
यहां तक कि रूस और जापान को भी भारत ने पीछे छोड़ दिया है। इतना ही नहीं, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को चीन के राष्ट्रपति शी चिनफिंग के बाद एशिया का दूसरा सबसे प्रभावशाली एशियाई नेता बताया गया है।
भारत की इस उपलब्धि का एक और खास पहलू है। वर्ष 2018 में इस सूचकांक की शुरुआत के बाद पहली बार चीन और भारत के बीच शक्ति का अंतर सबसे कम स्तर पर पहुंचा है।
अंतर में आई कमी यह बताती है कि भारत लगातार अपनी क्षमताओं का विस्तार कर रहा है। रिपोर्ट तैयार करने में 27 देशों और क्षेत्रों का आकलन किया गया है।
इसके लिए आर्थिक और सैन्य क्षमता, लचीलापन, राजनयिक प्रभाव और आर्थिक संबंधों सहित शक्ति के आठ पैमानों के अंतर्गत 131 संकेतकों का उपयोग किया गया है।
पांच शक्ति मानदंडों में उल्लेखनीय सुधार
रिपोर्ट के मुताबिक, भारत ने आठ प्रमुख शक्ति मानदंडों में से पांच में सुधार किया है। कूटनीतिक प्रभाव अब भी भारत की सबसे मजबूत और स्थिर ताकत बना हुआ है।
वहीं, रक्षा सहयोग और दक्षिण-पूर्व एशियाई देशों को ब्रह्मोस मिसाइलों की बिक्री ने भारत के रक्षा नेटवर्क को मजबूती दी है। इस क्षेत्र में भारत नौवें स्थान पर पहुंचा है।
सांस्कृतिक प्रभाव के मामले में भी भारत की पहचान और मजबूत हुई है। रिपोर्ट में भारत को इस मानदंड पर 43.8 अंक मिले हैं। सांस्कृतिक प्रसार, सूचना के आदान-प्रदान और लोगों के बीच संपर्क बढ़ने से यह सुधार दर्ज किया गया।
यानी भारत की ताकत अब केवल उसकी अर्थव्यवस्था या सैन्य क्षमता तक सीमित नहीं है, बल्कि उसकी संस्कृति और वैश्विक पहुंच भी देश के प्रभाव को बढ़ा रही है।
भारत के सामने चुनौतियां
हालांकि, रिपोर्ट ने कुछ चुनौतियों की ओर भी ध्यान दिलाया है। एएनआइ के अनुसार, कमजोर होता रुपया और विदेशों में निवेश में करीब 20 अरब डालर की गिरावट इनमें शामिल हैं।
रिपोर्ट के अनुसार, खाड़ी क्षेत्र के संघर्ष के दौरान भारत की अपेक्षाकृत कम कूटनीतिक सक्रियता भी इसका एक कारण रही। इसके बावजूद भारत के लिए आगे बढ़ने के अवसर एशिया के कई अन्य देशों की तुलना में अधिक हैं।
अमेरिका-चीन के बीच अंतर और घटा
आइएएनएस के अनुसार, रिपोर्ट में अमेरिका और चीन के बीच शक्ति संतुलन में आ रहे बदलाव को भी रेखांकित किया गया है। समग्र शक्ति स्कोर में अमेरिका 78.9 अंकों के साथ पहले और चीन 73.6 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर है।
दोनों के बीच अंतर महज 5.3 अंकों का रह गया है। चीन अपनी सैन्य क्षमता, समुद्री शक्ति और आर्थिक ताकत का लगातार विस्तार कर रहा है, जबकि अमेरिका को आर्थिक, सैन्य और कूटनीतिक मोर्चों पर कुछ नुकसान हुआ है। वहीं, रैंकिंग में पाकिस्तान 16वें स्थान पर है।
टॉप 10 देश और स्कोर
| रैंक | देश | स्कोर |
|---|---|---|
| 1 | अमेरिका | 78.9 |
| 2 | चीन | 73.6 |
| 3 | भारत | 40.5 |
| 4 | जापान | 38.6 |
| 5 | रूस | 32.2 |
| 6 | आस्ट्रेलिया | 31.7 |
| 7 | दक्षिण कोरिया | 31 |
| 8 | सिंगापुर | 26.9 |
| 9 | इंडोनेशिया | 21.7 |
| 10 | मलेशिया | 20.5 |
| 16 | पाकिस्तान | 15 |
यह भी पढ़ें- एशिया पावर इंडेक्स 2026: तीसरी सबसे बड़ी ताकत बना भारत, प्रभावशाली नेताओं में दूसरे नंबर पर PM मोदी