एशिया पावर इंडेक्स 2026: तीसरी सबसे बड़ी ताकत बना भारत, प्रभावशाली नेताओं में दूसरे नंबर पर PM मोदी
भारत 2026 एशिया पावर इंडेक्स में तीसरे सबसे शक्तिशाली देश के रूप में अपनी जगह बनाए हुए है, जबकि प्रधानमंत्री मोदी क्षेत्रीय नेताओं में दूसरे स्थान पर हैं।

एशिया पावर इंडेक्स 2026 में तीसरे स्थान पर भारत। (फोटो-रॉयटर्स)
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। एशिया की भू-राजनीति और शक्ति संतुलन में भारत का दबदबा लगातार मजबूत बना हुआ है। ऑस्ट्रेलिया स्थित थिंक टैंक लोवी इंस्टीट्यूट द्वारा जारी 2026 एशिया पावर इंडेक्स के मुताबिक भारत एशिया के शीर्ष तीन सबसे शक्तिशाली देशों में अपनी जगह बरकरार रखने में सफल रहा है। इस साल भारत का कुल पावर स्कोर बढ़कर 40.5 अंक हो गया है।
रिपोर्ट के मुताबिक एशिया में शक्ति संतुलन को लेकर प्रतिस्पर्धा तेज हुई है। जहां एक ओर भारत ने अपनी स्थिति मजबूत की है, वहीं अमेरिका की गलतियों के कारण वाशिंगटन और बीजिंग के बीच ताकत का अंतर अब तक के सबसे निचले स्तर पर आ गया है।
एशिया की टॉप तीन शक्तियों में भारत
एशिया की पावर रैंकिंग में अमेरिका और चीन का दबदबा कायम है, लेकिन 2018 में इस इंडेक्स की शुरुआत के बाद से इनके बीच का अंतर अब अपने सबसे निचले स्तर पर आ गया है।
अमेरिका 78.9 अंकों के साथ सबसे आगे है, जबकि चीन 73.6 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर है यानी दोनों के बीच केवल 5.3 अंकों का अंतर है। सैन्य क्षमता के मामले में भी यह अंतर अब तक के सबसे निचले स्तर पर आ गया है।
भारत 40.5 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर है, जबकि जापान 38.6 अंकों के साथ चौथे स्थान पर है। इस तरह, ये दोनों देश एशिया की प्रमुख शक्तियों में शामिल हैं।
पीएम मोदी की क्षेत्रीय रैंकिंग में सुधार
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के क्षेत्रीय नेतृत्व के मूल्यांकन में बड़ा सुधार देखने को मिला है। रिपोर्ट में उन्हें एशिया का दूसरा सबसे प्रभावी क्षेत्रीय नेता माना गया है। वे चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग के ठीक पीछे हैं और उन्होंने अपनी रैंकिंग में तीन स्थानों का सुधार किया है।
हालांकि रिपोर्ट में यह भी जिक्र किया गया है कि उनके वैश्विक नेतृत्व और रणनीतिक महत्वाकांक्षा को लेकर धारणा में मामूली गिरावट आई है।
उदाहरण के तौर पर, खाड़ी संघर्ष के दौरान एक अमेरिकी पनडुब्बी द्वारा ईरान नोसैनिक जहाज को डुबाए जाने पर भारत की धीमी प्रतिक्रिया को कमजोर राजनयिक प्रभाव के रूप में देखा गया।
राजनयिक प्रभाव मजबूत, आर्थिक क्षमता में मामूली गिरावट
भारत का राजनयिक प्रभाव मजबूत बना हुआ है, जबकि आर्थिक क्षमता में मामूली गिरावट आई है। भारत का राजनयिक प्रभाव 70.03 अंकों के साथ उसका सबसे मजबूत पक्ष बना हुआ है।
एक ऐसे साल में जब अधिकांश देश कमजोर पड़े हैं भारत के इस स्कोर में केवल मामूली गिरावट दर्ज की गई है। भारत का आर्थिक क्षमता स्कोर थोड़ा गिरकर 26.4 अंक पर आ गया है।
रुपये की कमजोरी, अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष की कार्यप्रणाली में बदलाव और विदेश में होने वाले निवेश में लगभग 20 अरब डॉलर की गिरावट का असर भारत की जीडीपी स्थिति पर पड़ा है।
अमेरिका को अब तक का सबसे बड़ा झटका
2026 में अमेरिका के राजनयिक प्रभाव में अब तक की सबसे बड़ी गिरावट दर्ज की गई। ट्रंप प्रशासन की एकतरफा विदेश नीति, व्यापार शुल्क और ईरान के साथ युद्ध के कारण पूरे एशिया में अमेरिका की साख कमजोर हुई है।
अंतरराष्ट्रीय संस्थाओं के साथ वाशिंगटन के तनावपूर्ण संबंधों ताइवान को हथियारों की बिक्री पर राष्ट्रपति ट्रंप के बयानों और दक्षिण कोरिया के साथ सैन्य अभ्यासों ने अमेरिकी नेतृत्व पर क्षेत्रीय देशों के भरोसे को और कम कर दिया है।
अमेरिका का राजनयिक प्रभाव स्कोर छह अंक गिरकर 76.7 पर आ गया है। यह लगातार चौथा साल है जब इसमें गिरावट आई है। 2018 में 'एशिया पावर इंडेक्स' की शुरुआत के बाद से, किसी एक साल में दर्ज की गई यह अब तक की सबसे बड़ी गिरावट है।
2026 का 'एशिया पावर इंडेक्स' 27 देशों और क्षेत्रों का मूल्यांकन करता है। इसमें 131 संकेतकों का उपयोग किया गया है, जो शक्ति के आठ पैमानों को कवर करते हैं। इनमें आर्थिक और सैन्य क्षमता, लचीलापन, राजनयिक प्रभाव और आर्थिक संबंध शामिल हैं।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।