तमिलनाडु: सोने की चेन के लालच में मेल नर्स ने की महिला सहकर्मी की हत्या, आरोपी गिरफ्तार
तमिलनाडु के इरोड में एक मेल नर्स ने अपनी सहकर्मी की सोने की चेन लूटने के लिए हत्या कर दी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया है।
-1792485961702_m.webp)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
डिजिटल डेस्क, चेन्नई। तमिलनाडु के इरोड जिले में एक 23 वर्षीय मेल नर्स को अपनी 26 वर्षीय महिला सहकर्मी की हत्या करने और उसकी चार तोले की सोने की चेन लूटने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। इस वारदात के बाद राज्य में कानून-व्यवस्था की स्थिति को लेकर राजनीतिक टकराव भी तेज हो गया है।
मृतका की पहचान उथिरा के रूप में हुई है, जो मूल रूप से रामनाथपुरम जिले की रहने वाली थी। वह तिरुप्पुर जिले के पल्लागौंडमपलायम स्थित एक निजी अस्पताल में नर्स के तौर पर काम करती थी। 15 अक्टूबर को अचानक लापता होने के बाद उसके पति ने पुलिस में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई थी।
सहकर्मी ने की महिला नर्स की हत्या
17 अक्टूबर को उथिरा का शव पेरुंदुरई के पास विजयामंगलम टोल गेट के समीप बरामद हुआ। पुलिस जांच में अस्पताल में ही काम करने वाले उसके सहकर्मी सरवणन की भूमिका सामने आई।
इरोड जिला पुलिस के अनुसार, आरोपी गहने लूटने की नीयत से महिला को अपने दोपहिया वाहन पर बैठाकर सुनसान जगह ले गया, जहां उसने उसकी हत्या कर दी और मंगलसूत्र चेन लूट ली। 19 अक्टूबर को पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लूटे गए जेवर बरामद कर लिए, जिसके बाद अदालत ने उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया।
एमके स्टालिन का मुख्यमंत्री विजय पर तीखा हमला
इस घटना के बाद राज्य में विपक्षी दल डीएमके के अध्यक्ष एमके स्टालिन ने कानून-व्यवस्था के मुद्दे पर मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय की सरकार को आड़े हाथों लिया।
गृह विभाग की कमान संभाल रहे मुख्यमंत्री पर निशाना साधते हुए स्टालिन ने कहा कि मुख्यमंत्री सिर्फ नाम के लिए पुलिस विभाग के प्रभारी बने हुए हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या अन्य विभागों की तरह उन्होंने पुलिस विभाग को भी आउटसोर्स कर दिया है।
स्टालिन ने तंज कसते हुए कहा कि विजय ने 'नशा छोड़ो, खेल अपनाओ' का नारा दिया था, लेकिन अब उन्हें आराम छोड़कर अपने विभाग की जिम्मेदारी खुद संभालनी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री की लापरवाही के चलते निर्दोष लोगों की जान जा रही है।
