श्रीलंका भेजी जा रही थी 100 करोड़ की ड्रग्स, DRI ने तमिलनाडु में मारा छापा; 137 किलो क्रिस्टल मेथाम्फेटामाइन जब्त
राजस्व खुफिया निदेशालय (डीआरआई) ने तमिलनाडु के नागपट्टिनम में 137 किलो क्रिस्टल मेथाम्फेटामाइन जब्त की है, जिसकी कीमत करीब 100 करोड़ रुपये है।

100 करोड़ के ड्रग्स के साथ चार आरोपी गिरफ्तार

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। राजस्व खुफिया निदेशालय (डीआरआई) ने तमिलनाडु के नागपट्टिनम जिले के एक गांव से 137 किलो क्रिस्टल मेथाम्फेटामाइन जब्त की है। करीब 100 करोड़ रुपये के इस मादक पदार्थ को समुद्र के रास्ते श्रीलंका भेजने की तैयारी थी। इस मामले में चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है। अदालत ने आरोपितों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
वित्त मंत्रालय के अनुसार, डीआरआई अधिकारियों ने 16 और 17 अक्टूबर को विशेष खुफिया जानकारी के आधार पर निगरानी और तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान मादक पदार्थों की तस्करी करने वाले संदिग्ध नेटवर्क का पता चला, जो इन नशीले पदार्थों की खेप को श्रीलंका ले जाने की कोशिश कर रहा था।
इस खेप को समुद्र के बीचों-बीच ट्रांसफर करके श्रीलंका तस्करी करने की तैयारी थी। जब्त किए गए नशीले पदार्थों की कीमत 100 करोड़ रुपये से अधिक आंकी गई है।
खुफिया जानकारी मिलने के बाद यह अभियान चलाया गया था। जानकारी मिली थी कि मादक पदार्थों की बड़ी खेप को श्रीलंका तस्करी कर ले जाने के लिए नागपट्टिनम जिले के तटीय इलाके में रखा गया था।
तलाशी के दौरान अधिकारियों को छह बैग मिले। इनमें चांदी जैसी पन्नी में लिपटे 27 पैकेट रखे थे। हर पैकेट का वजन करीब पांच किलो था। इन पैकेटों में सफेद रंग का क्रिस्टल जैसा पदार्थ मिला। शक है कि यह मेथाम्फेटामाइन है।
डीआरआई ने मामले के संदिग्धों के ठिकाने पर भी एक साथ तलाशी ली और 10 लाख रुपये नकदी बरामद की। बताया गया कि यह रकम नशीले पदार्थों की बिक्री से मिली थी। ड्रग्स को एक जगह से दूसरी जगह ले जाने में इस्तेमाल किए जाने के संदेह में दो चार पहिया वाहन और एक दोपहिया वाहन भी जब्त किया गया।
(न्यूज एजेंसी पीटीआई के इनपुट के साथ)
