विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पीएम मोदी ने स्विस राष्ट्रपति गाइ परमेलिन से की मुलाकात, व्यापार-निवेश सहित कई मुद्दों पर चर्चा संभव

Published: Mon, 05 Oct 2026 02:11 PM (IST)

स्विट्जरलैंड के राष्ट्रपति गाइ पार्मेलीन भारत की तीन दिवसीय यात्रा पर दिल्ली पहुंचे, जहां उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की।

HighLights

  1. स्विट्जरलैंड के राष्ट्रपति गाइ पार्मेलीन भारत की तीन दिवसीय यात्रा पर।

  2. प्रधानमंत्री मोदी से मिले, द्विपक्षीय सहयोग और व्यापार पर चर्चा की।

  3. TEPA की पहली वर्षगांठ पर संबंधों को मजबूत करने का उद्देश्य।

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। स्विट्जरलैंज के राष्ट्रपति गाइ पार्मेलीन भारत की तीन दिवसीय राजकीय यात्रा पर दिल्ली पहुँचे हैं। इस यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को नई दिल्ली के हैदराबाद हाउस में स्विस कॉन्फेडरेशन के राष्ट्रपति गाइ पार्मेलीन से मुलाकात की। स्विस राष्ट्रपति का यह दौरा दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय सहयोग, आर्थिक साझेदारी और व्यापारिक संबंधों को और मजबूत करने के उद्देश्य से हो रहा है।

TEPA की पहली वर्षगांठ पर दौरा

पार्मेलीन के यह यात्रा ऐसे समय में हो रही है जब भारत और यूरोपियन फ्री ट्रेड एसोसिएशन मिलकर भारत-EFTA ट्रेड एंड इकोनॉमिक पार्टनरशिप एग्रीमेंट (TEPA) की पहली वर्षगांठ मनाने की तैयारी कर रहे हैं। यह समझौता 1 अक्तूबर 2025 को लागू हुआ था।

राष्ट्रपति भवन में हुआ स्वागत

अपनी आधिकारिक यात्रा की शुरुआत पार्मेलीन ने राष्ट्रपति भवन में आयोजित एक भव्य औपचारिक स्वागत समारोह से की। जहां राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उनका स्वागत किया।

इसके बाद मीडिया को संबोधित करते हुए स्विस राष्ट्रपति ने कहा कि भारत और स्विट्जरलैंड का रिश्ता साझा लोकतांत्रिक मूल्यों, आपसी विश्वास और सम्मान पर आधारित है। उन्होंने इस यात्रा को दोनों देशों के लंबे समय से चले आ रहे मजबूत संबंधों को और गहरा करने की दिशा में एक अहम कदम बताया।

राष्ट्रपति पार्मेलीन ने समझौते का जिक्र करते हुए कहा, 'यह जश्न मनाने का सही समय है कि हम साथ मिलकर कितनी दूर आ गए हैं, लेकिन इससे भी महत्वपूर्ण बात यह है कि हम अपने संयुक्त भविष्य को आकार दें।'

वे 7 अक्टूबर को आयोजित होने वाले दूसरे भारत-EFTA प्रॉस्पेरिटी समिट में भी भाग लेंगे, जो TEPA के सफल एक वर्ष पूरा होने का प्रतीक है।

विदेश मंत्री एस. जयशंकर से भी मिले पार्मेलीन

प्रधानमंत्री मोदी से मिलने से पहले विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर ने भी स्विस राष्ट्रपति से मुलाकात की। बैठक की जानकारी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर साझा करते हुए जयशंकर ने कहा कि उन्होंने भारत-स्विट्जरलैंड साझेदारी को मजबूत करने और भारत-EFTA TEPA के वादों को आगे बढ़ाने के लिए राष्ट्रपति पार्मेलीन के दृष्टिकोण की सराहना की।

जयशंकर ने कहा, 'मुझे भरोसा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ उनकी बैठक कई क्षेत्रों में हमारे जुड़ाव को और आगे बढ़ाएगी।'

तीन दिवसीय दौरे पर कई मुद्दों पर होगी चर्चा

अपनी तीन दिवसीय यात्रा के दौरान स्विस राष्ट्रपति और भारतीय नेतृत्व के बीच कई मुद्दों पर विस्तृत चर्चा करने की उम्मीद है। जैसे की व्यापार, निवेश, प्रौद्योगिकी, नावाचार, जन संबंध और साथ ही वैश्विक मुद्दों पर भी चर्चा संभव है।

राष्ट्रपति पार्मेलीन के साथ वरिष्ठ अधिकारियों का एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल भी भारत आया है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू उनके सम्मान में एक औपचारिक राजकीय भोज आयोजित करेंगी।

यह भी पढ़ें- जेवर एयरपोर्ट पहुंचेगा स्विट्जरलैंड का कनेक्शन, राष्ट्रपति पार्मेलिन के दौरे से बढ़ेंगी अंतरराष्ट्रीय उड़ानों की उम्मीद