Move to Jagran APP

ब्लड प्रेशर, कोलेस्ट्रॉल से लेकर दिल के मरीजों तक के लिए अचूक औषधि है फालसे

गर्मी के मौसम में स्वास्थ्य समस्याओं को दूर करने के लिए फालसा बहुत लाभदायक होता है। इसमें मौजूद विटामिन और खनिज तत्व हमारे शरीर को स्वस्थ रखते हैं।

By Sanjay PokhriyalEdited By: Published: Sat, 28 Jul 2018 03:18 PM (IST)Updated: Sat, 28 Jul 2018 03:43 PM (IST)
ब्लड प्रेशर, कोलेस्ट्रॉल से लेकर दिल के मरीजों तक के लिए अचूक औषधि है फालसे

नई दिल्ली [जागरण स्पेशल]। गर्मी के मौसम में स्वास्थ्य समस्याओं को दूर करने के लिए फालसा बहुत लाभदायक होता है। इसका स्वाद खट्टा-मीठा होता है। इसमें मौजूद विटामिन और खनिज तत्व हमारे शरीर को स्वस्थ रखते हैं। आयुर्वेद में इसके उपयोग का उल्लेख है। कई लोग इसका शरबत बनाकर पीना पंसद करते हैं। यदि हम इस गुणकारी पौधे को लगाते हैं तो हमारी आने वाली पीढ़ी इसके सेवन से सदा सेहतमंद रहेगी। आओ रोपें अच्छे पौधे सीरीज के तहत आज जानिए फालसा के बारे में:

loksabha election banner

पेट दर्द से निजात दिलाए
अगर आपको पेट दर्द की समस्या आए दिन होते रहती है तो फालसा आपके लिए रामबाण इलाज हो सकता है। पेट के दर्द के इलाज के लिए सिकी हुई 3 ग्राम अजवायन में 25 से 30 ग्राम फालसे के रस को डालकर थोड़ा सा गर्म करें। गुनगुना होने पर इस मिश्रण को पिएं। पेट दर्द में आराम मिलेगा।

रक्त विकार ठीक करे
खून से जुड़ी सारी परेशानियां फालसा के नियमित सेवन से ठीक हो जाती हैं। फालसा में मौजूद विटामिन सी शरीर में लोहे का अवशोषण करने में सहायक होता है जिससे शरीर में खून साफ होता है औऱ रक्त के विकार की समस्या ठीक होती है। सात ही ये पेशाब करने के दौरान होने वाली जलन को भी कम करता है।

कोलेस्ट्रॉल के स्तर को नियंत्रित करे
सुबह-शाम लगातार एक महीने तक खाने से रक्तचाप और कोलेस्ट्रॉल के स्तर को नियंत्रित किया जा सकता है, जिससे दिल की बीमारियों का खतरा कम होता है।

लू लगने से बचाए 
फालसा खनिज लवण जैसे एंटीऑक्सीडेंट, मैग्नीशियम, फॉस्फोरस, कैल्शियम, पोटेशियम, सोडियम, आयरन, आदि से भरपूर होता है। इन खनिज लवणों के कारण ये गर्मी के मौसम में लू लगने से बचाता है और अचानक से होने वाले बुखार का इलाज करता है। इससे मचली, उल्टी और घबराहट जैसे लक्षणों में आराम मिलता है।

दिमाग के लिए फायदेमंद
अगर याददाश्त कमजोर होते जा रही है और पढ़ा हुआ कुछ भी याद नहीं रहता तो फालसे का रस पिएं। फलसा में मौजूद विटामिन सी और लौह दिमाग में खून का संचालन बढ़ाता है। जिससे मस्तिष्क संबंधी समस्या ठीक होती है।

फुंसी-फोड़े ठीक करे
दरअसल फालसा केवल फल के तौर पर ही नहीं इसके पेड़ की पत्तियां और तने भी बीमारियों का इलाज करने में उपयोगी हैं। किसी भी तरह के फोड़े-फुंसी त्वचा में जलन या त्वचा का छिलना, एक्जमा, चकते पड़ना, आदि में फालसा की पत्तियों को रात भर भिगोने के बाद पीस कर लगाएं। इससे इन सब समस्याओं में फायदा पहुंचता है।

स्वास्थ्यवर्धक
इसमें एंटीऑक्सीडेंट भरपूर मात्रा मौजूद होता है, जो संक्रमण से बचाता है।

- विटामिन सी की मौजूदगी शरीर में ब्लड प्रेशर और कोलेस्ट्रॉल के स्तर को नियंत्रित करती है।

- प्रचुर मात्रा में आयरन होने से यह हीमोग्लोबिन बढ़ाता है और एनीमिया से बचाव होता है।

- कैंसर से लड़ने भी सहायक होता है।

- खांसी-जुकाम और गले में होने वाली खराश से निजात दिलाने में प्रभावशाली है।

- इसका शरबत पीने से पेट में जलन दूर हो जाती है और पाचन क्रिया ठीक रहती है।

घरेलू उपाय
- फालसा को सेंधा नमक और कालीमिर्च के साथ खाने से भोजन के प्रति अरुचि से छुटकारा मिलता है।

- पके हुए फालसे का रस पानी, सोंठ और शक्कर के साथ मिलाकर पीने से दिल के रोग में लाभ मिलता है।

- इसकी जड़ का काढ़ा पीने से गठिया ठीक होता है।

- पत्तों को पीसकर चेहरे पर लगाने से फुंसियां ठीक हो जाती हैं। 


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.