दीपथून पर आज जलाएं दीपक, नाराज सुप्रीम कोर्ट ने मंदिर ट्रस्टी किए निलंबित
सुप्रीम कोर्ट ने तिरुप्परनकुंद्रम दीपथून पर दीपक न जलाने को लेकर तमिलनाडु के अधिकारियों पर गहरी नाराजगी जताई और मुख्य सचिव सहित अन्य को अवमानना नोटिस जारी किया।

सुप्रीम कोर्ट ने दीपथून पर कार्तिगई दीप जलाने का दिया आदेश (फाइल फोटो)
HighLights
सुप्रीम कोर्ट ने दीपथून पर दीपक न जलाने पर नाराजगी जताई।
तमिलनाडु के मुख्य सचिव सहित अधिकारियों को अवमानना नोटिस जारी।
मंदिर ट्रस्टी निलंबित, 28 नवंबर को दीपक जलाने का आदेश।
जागरण ब्यूरो, नई दिल्ली। सुप्रीम कोर्ट ने अपने आदेश के बावजूद तिरुप्परनकुंद्रम दीपथून (दीप स्तंभ) पर दीपक नहीं जलाए जाने पर शुक्रवार को गहरी नाराजगी जताते हुए तमिलनाडु के अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाई।
कोर्ट ने आदेश की जानबूझकर अवहेलना करने पर तमिलनाडु के मुख्य सचिव और अन्य अधिकारियों को अवमानना नोटिस जारी कर कोर्ट में व्यक्तिगत रूप से पेश होने का आदेश दिया है।
इतना ही नहीं शीर्ष अदालत ने अधिकारियों के आचरण पर कड़ी टिप्पणी करते हुए कहा कि अधिकारियों ने राजनीतिक आकाओं के निर्देश पर काम किया है। अब समय आ गया है कि ऐसी स्थितियों से सख्ती से निपटा जाए, वरना इससे संवैधानिक अराजकता पैदा हो सकती है।
इसके साथ ही कोर्ट ने शनिवार (28 नवंबर) को दीपथून पर कार्तिगई दीप जलाने का आदेश दिया है। कोर्ट ने कहा कि हर भक्त विवादित जगह पर पास की दरगाह से चारों तरफ कम से कम 50 मीटर की दूरी रखते हुए दीपक जला सकता है।
मंदिर के ट्रस्टियों को किया निलंबित
सुप्रीम कोर्ट ने सुब्रामण्यम स्वामी मंदिर के ट्रस्टियों को भी निलंबित कर दिया है और हाई कोर्ट के सेवानिवृत्त न्यायाधीश एस. वैद्यनाथन एवं वी. पार्थीबन को मंदिर ट्रस्ट का रिसीवर नियुक्त किया है। वे ही कोर्ट के आदेश का अनुपालन करते हुए 28 नवंबर को दीपक जलाना सुनिश्चित करेंगे।
साथ ही शीर्ष अदालत ने मंदिर के आसपास की सुरक्षा सेंट्रल रिजर्व पुलिस फोर्स (सीआरपीएफ) को सौंप दी है। सीआरपीएफ दरगाह की भी सुरक्षा करेगी और यह भी देखेगी कि वहां आने वाले मुस्लिम श्रद्धालुओं को न तो कोई दिक्कत हो और न ही उन्हें नमाज पढ़ने से रोका जाए। सुप्रीम कोर्ट ने हाई कोर्ट के आदेश पर पूर्व में लगाई गई अंतरिम रोक समाप्त कर दी है।
जस्टिस अरविंद कुमार और जस्टिस विपुल एम. पंचोली की पीठ ने दीपक जलाने के सुप्रीम कोर्ट के 20 नवंबर के आदेश की अवहेलना पर अवमानना कार्यवाही शुरू करने की मांग वाली याचिकाओं पर सुनवाई के बाद ये आदेश दिए।
कोर्ट ने 28 नवंबर को दीप स्तंभ पर दीपक जलाने का आदेश देते हुए कहा कि इसके लिए 24 नवंबर को उचिपिल्लैयार मंडपम में प्रज्जवलित की गई ज्योति का इस्तेमाल किया जाए, अगर वह अभी भी प्रज्ज्वलित है या फिर किसी और तरह जलाया जाए।
पीठ ने कहा कि अदालत के आदेशों की जानबूझकर अवहेलना, विशेषकर कार्यकारी अधिकारियों द्वारा की गई अवज्ञा को अनदेखा नहीं किया जा सकता। इससे सख्ती से निपटना होगा। पीठ ने तमिलनाडु के मुख्य सचिव, पुलिस महानिदेशक, हिंदू धार्मिक एवं धमार्थ बंदोबस्ती विभाग के सचिव व आयुक्त, मदुरै के जिलाधिकारी, पुलिस आयुक्त, पुलिस अधीक्षक, मंदिर के अधिकारियों और अन्य संबंधित लोगों को अवमानना नोटिस जारी किए।
अधिकारियों को अगली सुनवाई 15 दिसंबर को कोर्ट में पेश होने का आदेश दिया है। कोर्ट ने तमिलनाडु के मुख्य सचिव को आदेश दिया है कि वह व्यक्तिगत रूप से अदालत में पेश होंगे। साथ ही उन्हें हलफनामा दाखिल कर अधिकारियों के बीच हुए ईमेल, फोन काल और संदेशों का ब्योरा देने का निर्देश दिया गया है।
कोर्ट ने कहा कि अधिकारियों का आचरण प्रथमदृष्टया कम से कम मदुरै जिले में प्रशासनिक अराजकता की स्थिति को दर्शाता है।
रिकॉर्ड में सामने आए आरोपों के आधार पर अधिकारियों का आचरण प्रथमदृष्टया इस अदालत के आदेश की खुली और जानबूझकर अवहेलना, हाई कोर्ट के समक्ष दिए गए आश्वासन की घोर अनदेखी और दोनों संवैधानिक अदालतों के अधिकारों को सुनियोजित तरीके से चुनौती देने का संकेत देता है।
कोर्ट ने स्पष्ट किया कि तमिलनाडु के अधिकारी यह तय नहीं कर सकते कि न्यायिक आदेशों का पालन किया जाना चाहिए या नहीं। लोकतांत्रिक समाज में कानून का शासन सर्वोपरि है और भारत के क्षेत्र में सभी नागरिक एवं न्यायिक प्राधिकरणों का दायित्व है कि वे सुप्रीम कोर्ट के आदेश को लागू करने में सहायता करें।
कोर्ट ने कहा कि संविधान की प्रस्तावना उन मूल्यों को प्रतिबिंबत करती है, जिनके तहत भारत के लोगों ने अपने सभी नागरिकों को न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुत्व सुनिश्चित करने का संकल्प लिया है।
संविधान का अनुच्छेद-144 अनिवार्य करता है कि भारत के सभी नागरिक और न्यायिक प्राधिकरण सुप्रीम कोर्ट की सहायता में काम करेंगे।
कोर्ट ने कहा कि इस अदालत के आदेश से कोई समझौता नहीं हो सकता जब तक कि यह अदालत स्वयं उसमें कोई बदलाव नहीं करती। इस अदालत का आदेश राज्य, उसके अधिकारियों और राज्य के कानूनों के तहत काम करने वाली प्रत्येक वैधानिक या धार्मिक संस्था पर बाध्यकारी है।
न्याय की धारा को दूषित करने का किसी भी व्यक्ति का प्रयास, चाहें वह कितने भी उच्च पद पर क्यों न हो, बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इस आदेश के माध्यम से हम यही संदेश देना चाहते हैं।
इससे पहले एएसआइ की ओर से पेश सालिसिटर जनरल तुषार मेहता ने पीठ को बताया कि मंदिर के ट्रस्टियों ने एएसआइ को सूचित किया था कि उनके परिसर में प्रवेश के संबंध में उच्चाधिकारियों से कोई निर्देश प्राप्त नहीं हुआ है। उन्होंने कहा कि यह गंभीर प्रकृति की अवमानना और प्रशासनिक अहंकार का मामला है।
हालांकि मदुरै के जिलाधिकारी की ओर से पेश वकील गोपाल शंकर नारायणन ने मेहता के दावे का खंडन किया और कहा कि एएसआइ के अधिकारियों से विचार-विमर्श किया गया था और उनके साथ कई बैठकें भी हुई थीं।
मदुरै पुलिस आयुक्त की ओर से पेश वकील सिद्दार्थ लूथरा ने कहा कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए 5000 से ज्यादा पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया था।
कोर्ट ने मदुरै के पुलिस आयुक्त से कहा कि हम देखेंगे कि आपके आंसू असली हैं या मगरमच्छी आंसू हैं। शुक्रवार को सुनवाई शुरू होते ही कोर्ट ने स्पष्ट किया था कि वह मूल विवाद में नहीं जाएगा बल्कि सुनवाई को 20 नवंबर के आदेश का अनुपालन नहीं होने तक सीमित रखा जाएगा।
20 नवंबर को सुप्रीम कोर्ट ने एक बार की विशेष व्यवस्था के तहत 24 नवंबर को दीपथून पर कार्तिगई दीपम का दीप जलाने की अनुमति दी थी।
कोर्ट के आदेश के बावजूद दीपथून पर दीप प्रज्जवलित न होने पर कोर्ट में कई अवमानाना याचिकाएं दाखिल की गई थीं जिस पर यह आदेश आया है।
यह भी पढ़ें- सुप्रीम कोर्ट की फटकार तमिलनाडु सरकार के मुंह पर करारा तमाचा, तिरुप्परंकुंद्रम दीपम मामले पर VHP का हमला
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।