सुप्रीम कोर्ट की फटकार तमिलनाडु सरकार के मुंह पर करारा तमाचा, तिरुप्परंकुंद्रम दीपम मामले पर VHP का हमला
विहिप ने तिरुप्परंकुंद्रम दीपम विवाद में सुप्रीम कोर्ट के सख्त रुख का स्वागत किया, इसे तमिलनाडु सरकार के लिए करारा तमाचा बताया है।

तिरुप्परंकुंद्रम दीपम विवाद में वीएचपी ने विजय सरकार पर बोला हमला। फोटो: आर्काइव
जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। तिरुप्परंकुंद्रम दीपम विवाद में सर्वोच्च न्यायालय के ऐतिहासिक और सख्त रुख का विहिप ने स्वागत करते हुए उसे तमिलनाडु सरकार के मुंह पर करारा तमाचा करार दिया है।
विहिप के अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष आलोक कुमार ने कहा कि यह फैसला न्यायपालिका की गरिमा, कानून के शासन और करोड़ों सनातनियों की आस्था की रक्षा की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा।
अदालती आदेश के बावजूद नहीं जलाया दीपम
विहिप अध्यक्ष ने घटनाक्रम पर प्रकाश डालते हुए बताया कि शीर्ष अदालत द्वारा 20 नवंबर को दिए गए स्पष्ट निर्देशों के बावजूद, 24 नवंबर को दीपथून पर कार्तिगई दीपम प्रज्वलित नहीं किया गया।
कुछ राजनीतिक दलों और प्रशासनिक अमले की मिलीभगत से अदालती आदेशों को ठेंगा दिखाने का यह कुप्रयास लोकतांत्रिक व्यवस्था और संविधान की मर्यादा पर सीधा प्रहार था।
न्यासी मंडल निलंबित, दो पूर्व न्यायाधीश रिसीवर नियुक्त
गंभीरता को देखते हुए सर्वोच्च न्यायालय ने 28 नवंबर को दीप प्रज्वलित करने का आदेश देते हुए मंदिर के न्यासी मंडल को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
इसके साथ ही मद्रास उच्च न्यायालय के दो पूर्व न्यायाधीशों न्यायमूर्ति एस. वैद्यनाथन और न्यायमूर्ति वी. पार्थिबन को रिसीवर नियुक्त किया गया है।
कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सीआरपीएफ को मंदिर व दरगाह की सुरक्षा का जिम्मा सौंपा गया है, साथ ही श्रद्धालुओं को निश्चित दूरी पर दीप जलाने की अनुमति दी गई है।
वरिष्ठ अधिकारियों को अवमानना का नोटिस
प्रशासनिक मनमानी पर कड़ा रुख अपनाते हुए न्यायालय ने तमिलनाडु के मुख्य सचिव, पुलिस महानिदेशक और मदुरै के जिलाधिकारी समेत अन्य वरिष्ठ अधिकारियों को अवमानना का नोटिस जारी किया है।
आलोक कुमार ने दो टूक शब्दों में कहा कि कोई भी सरकार या अधिकारी कानून से ऊपर नहीं हो सकता। उन्होंने उम्मीद जताई कि राज्य सरकार अपनी गलतियों से सबक लेगी। इस मामले में अगली सुनवाई 15 दिसंबर को होनी है, जिस पर देश भर की निगाहें टिकी हैं।